राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे AI समिट के दौरान 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा होस्ट किए गए वर्किंग लंच का खास मेन्यू चर्चा में है. मेन्यू को 'ऑल एलर्जन फ्री' थीम के साथ तैयार किया गया, जिसमें दूध, गेहूं और नट्स जैसी एलर्जी पैदा करने वाली चीजों से परहेज किया गया. आयोजन में शामिल मेहमानों के लिए भारतीय स्वाद और हेल्दी विकल्पों का अनोखा मिश्रण पेश किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक AI समिट में शामिल अंतरराष्ट्रीय मेहमानों और डेलीगेट्स को ध्यान में रखते हुए मेन्यू को एलर्जन-फ्री बनाया गया, ताकि अलग-अलग देशों से आए प्रतिभागी बिना किसी स्वास्थ्य जोखिम के भारतीय व्यंजनों का स्वाद ले सकें.
मेन्यू में क्या-क्या शामिल?
वर्किंग लंच मेन्यू में निमोना कबाब, खम खटाई, कश्मीरी नद्रू कुरकुरी और जाफरानी सब्ज पुलाव जैसे पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं. इसके अलावा तंदूरी सलाद और बेसन से बना थेपला भी परोसा जाएगा. डेजर्ट में रोज एंड कोकोनट पुडिंग और रामदाना अंजीर लड्डू जैसी खास मिठाइयां रखी गई हैं.
वर्किंग लंच मेन्यू
- निमोना कबाब- हरे मटर से बना पैन-ग्रिल्ड कबाब
- खम खटाई- मूंग दाल की स्पाइस्ड पैटी, आम की चटनी के साथ
- कश्मीरी नद्रू कुरकुरी- कमल ककड़ी के क्रिस्पी चिप्स
- जाफरानी सब्ज पुलाव- केसर और मौसमी सब्जियों वाला बासमती चावल
- तंदूरी सलाद- टमाटर, बेल पेपर और पाइनएप्पल ग्रिल्ड सलाद
- थेपला- बेसन फ्लैटब्रेड, मेथी फ्लेवर के साथ
- रोज एंड कोकोनट पुडिंग- गुलाब और नारियल से बनी मिठाई
- रामदाना अंजीर लड्डू- मिलेट और सूखे अंजीर की स्वीट डिश

मेन्यू में हर डिश के साथ कैलोरी की जानकारी भी दी गई है, जिससे यह साफ है कि हेल्थ और न्यूट्रिशन को ध्यान में रखकर भोजन तैयार किया गया. भारत मंडपम में आयोजित यह वर्किंग लंच भारतीय खानपान की विविधता और आधुनिक हेल्थ ट्रेंड का अनोखा उदाहरण बनकर सामने आया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं