विज्ञापन
This Article is From Jan 02, 2025

अशोक विहार में लाभार्थियों को फ्लैट की चाबियां सौंपने समेत दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

पीएमओ ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री की 'सभी के लिए आवास' पहल के अनुरूप है. परियोजना का उद्देश्य दिल्ली में जेजे क्लस्टरों के निवासियों को पर्याप्त सुविधाओं से सुसज्जित बेहतर और स्वस्थ रिहायशी वातावरण प्रदान करना है.

अशोक विहार में लाभार्थियों को फ्लैट की चाबियां सौंपने समेत दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में झुग्गी झोपड़ी (जेजे क्लस्टर्स) के निवासियों के लिए 1,675 फ्लैटों और दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं समेत कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी.

अशोक विहार में नवनिर्मित फ्लैटों का करेंगे दौरा

पीएमओ ने कहा कि मोदी दिल्ली के अशोक विहार में स्वाभिमान अपार्टमेंट में झुग्गी झोपड़ी पुनर्वास परियोजना के तहत झुग्गी झोपड़ी में रहने वालों के लिए नवनिर्मित फ्लैटों का दौरा करेंगे और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे तथा 1,675 नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे.

'सभी के लिए आवास' पहल के अनुरूप है ये परियोजना

पीएमओ ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री की 'सभी के लिए आवास' पहल के अनुरूप है. परियोजना का उद्देश्य दिल्ली में जेजे क्लस्टरों के निवासियों को पर्याप्त सुविधाओं से सुसज्जित बेहतर और स्वस्थ रिहायशी वातावरण प्रदान करना है.

25 लाख रुपये एक फ्लैट पर खर्च करती है केंद्र सरकार

केंद्र सरकार द्वारा एक फ्लैट के निर्माण पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं. पात्र लाभार्थी कुल राशि का सात प्रतिशत से कम भुगतान करते हैं, जिसमें मामूली योगदान के रूप में 1.42 लाख रुपये और रखरखाव के पांच साल के लिए 30,000 रुपये शामिल हैं.

विधानसभा चुनावों से पहले इन योजनाओं को दिया जा रहा मूर्त रूप

केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से विकास की इन योजनाओं को ऐसे समय में मूर्त रूप दिया जा रहा है जब राष्ट्रीय राजधानी में इसी साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं. दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्य मुकाबला 2013 से सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी (आप) से है. आप अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.

दो नई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

मोदी शुक्रवार को दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं- नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (डब्ल्यूटीसी) और सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास (जीपीआरए) टाइप-2 क्वार्टर का भी उद्घाटन करेंगे. बयान में कहा गया है कि वर्ल्ड ट्रेड सेंटर ने 600 से अधिक जीर्ण-शीर्ण क्वार्टरों को अत्याधुनिक वाणिज्यिक टावरों में बदलकर क्षेत्र को एक नया स्वरूप दिया है. इसमें उन्नत सुविधाओं के साथ लगभग 34 लाख वर्ग फुट प्रीमियम वाणिज्यिक स्थान भी है.

इन परियोजनाओं में आधुनिक सुविधाएं

इस परियोजना में शून्य-निर्वहन अवधारणा, सौर ऊर्जा उत्पादन और वर्षा जल संचयन प्रणाली जैसे प्रावधानों के साथ ग्रीन बिल्डिंग प्रथाओं को शामिल किया गया है. जीपीआरए टाइप- II क्वार्टरों में 28 टावर शामिल हैं जिनमें 2,500 से अधिक आवासीय इकाइयां हैं. इनमें आधुनिक सुविधाएं हैं और जगह के कुशल उपयोग की संभावना भी है.

परियोजना के डिजाइन में होंगी ये चीजें

परियोजना के डिजाइन में वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल उपचार संयंत्र, और सौर ऊर्जा संचालित अपशिष्ट कम्पेक्टर शामिल हैं जो पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवन को प्रोत्साहित करते हैं. मोदी द्वारका में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बने सीबीएसई के एकीकृत कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे. इसमें कार्यालय, सभागार, उन्नत डेटा सेंटर और व्यापक जल प्रबंधन प्रणाली शामिल हैं.

पीएमओ ने कही ये बात

पीएमओ ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल भवन का निर्माण उच्च पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप किया गया है और इसे भारतीय ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल के प्लेटिनम रेटिंग मानकों के अनुसार डिजाइन किया गया है. प्रधानमंत्री दिल्ली विश्वविद्यालय में 600 करोड़ रुपये से अधिक की तीन नई परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे. इसमें पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में पूर्वी परिसर में एक शैक्षणिक ब्लॉक और द्वारका में पश्चिमी परिसर में एक शैक्षणिक ब्लॉक शामिल है. बयान में कहा गया है कि इसमें नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज का निर्माण कार्य भी शामिल है, जिसमें शिक्षा के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi To Inaugurate Development Project In Delhi, Narendra Modi, Good Story, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com