विज्ञापन

जयपुर मेट्रो के 36 स्टेशन, पेट्रोल से प्लास्टिक तक बनाएगी पचपदरा रिफायनरी... PM मोदी आज राजस्थान को देंगे कई तोहफे

पीएम मोदी आज राजस्थान और गुजरात को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इनमें पेट्रोकेमिकल, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, बिजली ट्रांसमिशन जैसे कई अहम क्षेत्र शामिल हैं.

जयपुर मेट्रो के 36 स्टेशन, पेट्रोल से प्लास्टिक तक बनाएगी पचपदरा रिफायनरी... PM मोदी आज राजस्थान को देंगे कई तोहफे
पीएम मोदी आज राजस्थान और गुजरात दौरे पर.
  • पीएम मोदी राजस्थान और गुजरात के दौरे पर लगभग एक लाख छह हजार करोड़ रुपए की सौगात देंगे
  • जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन कर पीएम मोदी संशोधित क्षेत्रीय उड़ान योजना का भी शुभारंभ करेंगे
  • बालोतरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई  को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे. वह दोनों राज्यों को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इन परियोजनाओं में पेट्रोकेमिकल, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली ट्रांसमिशन, विमानन और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे कई अहम क्षेत्र शामिल हैं. पीएम मोदी राजस्थान की राजधानी जयपुर को मेट्रो फेज-2 की सौगात देने जा रहे हैं. इसके बनने से लोगों का सफर और भी आसान हो जाएगा.साथ ही पीएम मोदी देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन करेंगे. ये रिफाइनरी प्लास्टिक से लेकर पेट्रोल तक, सबकुछ बनाएगी.

पीएम मोदी शनिवार सुबह 10:45 बजे जोधपुर पहुंचेंगे, जहां वह जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:15 बजे बालोतरा में करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इस मौके पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन

पीएम मोदी जोधपुर से संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे. अगले 10 सालों के लिए 28,840 करोड़ रुपए के बजट वाली यह योजना क्षेत्रीय हवाई संपर्क को नई गति देगी और 'उड़े देश का आम नागरिक' के विजन को आगे बढ़ाएगी.

योजना के तहत 100 नए एयरोड्रोम विकसित किए जाएंगे, जिन पर 12,000 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होगा. क्षेत्रीय हवाई अड्डों के शुरुआती संचालन को मजबूत बनाने के लिए 2,500 करोड़ रुपए से अधिक का संचालन और रखरखाव समर्थन दिया जाएगा. दूरदराज और कठिन इलाकों में बेहतर संपर्क के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड बनाए जाएंगे. इसके अलावा एयरलाइंस को क्षेत्रीय उड़ानों के संचालन के लिए 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) दी जाएगी. योजना में एचएएल ध्रुव और डोर्नियर जैसे स्वदेशी विमान और हेलीकॉप्टरों की खरीद को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

बालोतरा के पचपदरा को देंगे ये सौगात

प्रधानमंत्री 480 करोड़ रुपए की लागत से बने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे. 23,000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह टर्मिनल हर साल 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है. इसमें आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध हैं. इसकी वास्तुकला राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित है, जिसमें मेहराब, झरोखे और आधुनिक डिजाइन का सुंदर मेल देखने को मिलता है. पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इसे ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण और ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप बनाया गया है तथा इसे 5-स्टार गृह रेटिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है.

पीएम  बालोतरा के पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे. एचपीसीएल और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित इस 9 एमएमटीपीए क्षमता वाले कॉम्प्लेक्स पर 79,450 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ है.

पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी

इस अत्याधुनिक परियोजना में रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन एकीकृत है. इसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 2.4 एमएमटीपीएम है. रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है और पेट्रोकेमिकल उत्पादन 26 प्रतिशत से अधिक है, जो वैश्विक मानकों के अनुरूप माना जाता है. इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल एवं प्लास्टिक पार्क के विकास के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

प्रधानमंत्री 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे. इसके तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित होगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे. यह प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक सीतापुरा, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगा.

चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण

इसके अलावा पीएम मोदी चूरू-सादुलपुर (58 किमी) और चूरू-रतनगढ़ (46 किमी) रेल दोहरीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. करीब 900 करोड़ रुपए की लागत से बनी ये परियोजनाएं उत्तर-पश्चिम राजस्थान में रेल संपर्क और माल ढुलाई को मजबूत करेंगी. 740 करोड़ रुपए की लागत से बने एनएच-125ए जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-2 का भी उद्घाटन करेंगे.

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री 5,500 करोड़ रुपए की लागत वाली एसजेवीएन की 1,000 मेगावाट बीकानेर सोलर परियोजना और एनएचपीसी की 300 मेगावाट कर्णीसर बीकानेर सोलर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे. साथ ही 1,900 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली बिजली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन और 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला रखेंगे. इसी कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती हुए करीब 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे.

शाम को गुजरात को देंगे ये सौगात

इसके बाद पीएम मोदी शाम 4:30 बजे गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद पहुंचेंगे, जहां वे आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट प्लांट का उद्घाटन करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे. गुजरात के साणंद में पीएम मोदी सीजी सेमी ओएसएटी सुविधा का उद्घाटन करेंगे. 7,500 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित यह परियोजना इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत स्वीकृत पहली चार परियोजनाओं में शामिल है और भारत में वाणिज्यिक सेमीकंडक्टर उत्पादन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर यह संयंत्र हर साल 5 अरब (5 बिलियन) सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करेगा। यह प्लांट ऑटोमोबाइल, औद्योगिक, दूरसंचार, 5जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेगा. यहां वेफर सॉर्टिंग, असेंबली, टेस्टिंग, पैकेज डिजाइन, फेल्योर एनालिसिस, टेस्ट प्रोग्राम डेवलपमेंट, प्रोडक्ट कैरेक्टराइजेशन और लॉजिस्टिक्स जैसी एंड-टू-एंड सेमीकंडक्टर सेवाएं उपलब्ध होंगी.

ये भी पढ़ें-यूपी चुनाव में भाजपा का क्या होगा ‘नवीन' प्लान, दो दिन के दौरे में क्या है माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति

इनपुट- IANS


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Rajasthan Visit, PM Modi Gujarat Visit, Jaipur Metro Phase 2, Jaipur Metro Phase 2 Metro Station, Jaipur Metro Phase 2 Route Map
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com