विज्ञापन

'सेमीकंडक्टर का पावरहाउस बना भारत, मेड इन इंडिया चिप की दुनिया में धूम', सेमीकॉन में बोले PM मोदी

सेमीकॉन इंडिया का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है. नवाचार, निवेश और विकास के नए अवसर खुल रहे हैं.

'सेमीकंडक्टर का पावरहाउस बना भारत, मेड इन इंडिया चिप की दुनिया में धूम', सेमीकॉन में बोले PM मोदी
दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया का उद्घाटन करते पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव व अन्य.
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर आज उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने वाले लोगों का तांता लगा है. इस बीच पीएम मोदी ने राजधानी दिल्ली स्थित यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया. यह सेमीकॉन इंडिया का पांचवां संस्करण है. सेमीकॉन इंडिया का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यही आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा है. साथ ही उन्होंने लोगों को विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामना दी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "यह SEMICON इंडिया का पांचवां संस्करण है. मैं आप सभी का हार्दिक स्वागत करता हूं. विदेशों से आए मेहमानों का मैं भारत में विशेष रूप से स्वागत करता हूं. दोस्तों, आज विश्वकर्मा जयंती भी है. मैं सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं."

'बीते 15 दिन बता रहे भारत किस दिशा में कितनी तेजी से बढ़ रहा'

पीएम मोदी ने आगे कहा, "अगर हम सिर्फ पिछले 15 दिनों पर नजर डालें तो हमें अंदाज़ा हो जाएगा कि भारत किस दिशा में और कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है. सिर्फ 10 दिन पहले मुंबई में 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' हुआ. वहां एजेंटिक AI, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी के जरिए समावेशी वित्त पर चर्चा हुई. इसी दौरान, भारत में लगभग 3,000 किलोमीटर के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरी तरह से चालू हो गए. मैं सितंबर के इन्हीं 10 दिनों की बात कर रहा हूं, न कि किसी पुरानी बात की. इससे देश भर में आवाजाही तेज होगी, लॉजिस्टिक्स बेहतर होगा और मैन्युफैक्चरिंग को नई मजबूती मिलेगी."

पीएम मोदी ने कहा कि इसी दौरान सितंबर में ही भारत की तिमाही GDP रिपोर्ट जारी की गई. इस मुश्किल दौर में भी भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की और उसे करके दिखाया. इसी दौरान जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को अपग्रेड किया. ऐसा लगभग करीब 35 साल बाद हुआ है. एक तरफ भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ दुनिया का भारत पर भरोसा भी बढ़ रहा है. 

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस भरोसे की एक और बड़ी मिसाल तीन दिन पहले खत्म हुए ब्रिक्स समिट में देखने को मिली. भारत ने इस समिट की सफल मेज़बानी की और सबकी सहमति से 'नई दिल्ली घोषणापत्र' को अपनाना, भारत पर दुनिया के भरोसे का एक और बड़ा सबूत है.

सेमीकॉन इंडिया समिट कैसे बढ़ा आगे, पीएम मोदी ने बताया

पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत की इन उपलब्धियों के बीच 'सेमीकॉन इंडिया' इवेंट और भी अहम हो गया है. इसका पहला एडिशन 2022 में हुआ था और तब से हम हर साल मिल रहे हैं, लेकिन हमारी बातचीत का विषय हर साल बदलता रहा है. जब पहला एडिशन हुआ था तो हमने पॉलिसी पर चर्चा की थी. बाद के एडिशन में चर्चा आगे बढ़ी. हमने प्रोजेक्ट्स पर चर्चा शुरू की, जिसमें फाइलों पर साइन करना और आधारशिला रखना शामिल था. पिछले साल, हमने पायलट लाइनों और टेस्ट चिप्स पर चर्चा शुरू की और भारत की यूनिट्स से निकलने वाले पहले सैंपल्स के बारे में बात की. इस साल, हम कमर्शियल प्रोडक्शन के बारे में बात कर रहे हैं. हमारी चिप्स अब भारतीय प्लांट्स से देश और दुनिया भर में ग्राहकों तक पहुंचने लगी हैं. दो और प्लांट्स में भी कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो रहा है. मैं उन्हें भी बधाई देता हूं.

पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है. नवाचार, निवेश और विकास के नए अवसर खुल रहे हैं. विश्वकर्मा जयंती का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ हमारी सदियों पुरानी निर्माण की परंपरा और दूसरी तरफ 21वीं सदी की टेक्नोलॉजी और विजन यही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की प्रेरणा भी है.

पीएम मोदी ने आगे कहा कि अलग-अलग तरह के कंपाउंड सेमीकंडक्टर बनाने से लेकर इकोसिस्टम में सिलिकॉन फोटोनिक्स को शामिल करने तक—ये सभी AI-सक्षम इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी हैं, और हमें इस दिशा में मिलकर आगे बढ़ना होगा. इसके लिए जरूरी नींव पहले ही रखी जा चुकी है. भारत सप्लाई चेन को मजबूत करने पर भी जोर दे रहा है और इसे हासिल करने के लिए कई सुधार लागू किए हैं. मैं यहां मौजूद इक्विपमेंट कंपनियों के लीडर्स से आग्रह करता हूं कि वे इन मौकों को न चूकें..."
 

अश्विनी वैष्णव ने बताया सेमीकॉन समिट का मकसद

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "SEMICON 2.0 में हमारा लक्ष्य कम से कम 200 ऐसे स्टार्टअप और कंपनियों को शामिल करना होगा जो भारत में सेमीकंडक्टर की ज़रूरतों के हिसाब से चिप डिज़ाइन करती हैं... दूसरा स्तंभ मशीनें और सामग्री होंगी और मैं प्रभु को 5 बिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा के लिए धन्यवाद देता हूं. इससे हमारे देश में रोजगार पैदा करने में बहुत मदद मिलेगी... तीसरा स्तंभ डिस्प्ले, मेमोरी, सिलिकॉन, कंपाउंड और लॉजिक फाइलें होंगी... चौथा स्तंभ ज़्यादा एडवांस्ड पैकेजिंग यूनिट्स होंगी. ओडिशा में पहले से ही एक 3D पैकेजिंग यूनिट बन रही है..."

यह भी पढ़ें - सेमीकॉन 2.0: एक लाख सेमीकंडक्‍टर इंजीनियर तैयार करने का लक्ष्‍य, 1.27 लाख करोड़ की योजना की अधिसूचना जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi News, Semicon India, Semicon India 2026, Semicon India Chips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com