PM Modi Investment and Net Worth: किसी भी देश के सर्वोच्च पदों में से एक पर बैठे व्यक्ति चाह लें तो अकूत संपत्ति अर्जित कर सकते हैं या फिर पहले से भी काफी रईस हो सकते हैं, लेकिन हर देश के संबंध में ये बात लागू नहीं होती. हम अपने देश भारत की ही बात करें तो अपना 76वां जन्मदिन मना रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का सार्वजनिक जीवन किसी से बहुत छिपा नहीं है. मजबूत लीडरशिप के लिए दुनियाभर में पहचाने जाने वाले PM मोदी की लाइफस्टाइल, खानपान के साथ-साथ उनकी वित्तीय स्थिति भी लोगों के लिए उत्सुकता का विषय हो सकती है.
अगर आप अब तक नहीं जानते तो आपको इस बात पर आश्चर्य भी हो सकता है कि प्रधानमंत्री की नेटवर्थ महज 4.01 करोड़ रुपये है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से वित्त वर्ष 2025-26 तक की उनकी घोषित नेटवर्थ 4,01,60,999 रुपये से बताई जाती है.
न जमीन, न फ्लैट, अपनी कार भी नहीं
साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से पर्चा भरा था, तब चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति के बारे में बताया था. उस समय पीएम मोदी ने अपनी अपनी कुल चल संपत्ति 3.02 करोड़ रुपये घोषित की थी, जबकि अचल संपत्ति शून्य थी.
प्रधानमंत्री के पास खुद के नाम पर न कोई जमीन है और न ही कोई फ्लैट. उनके पास अपनी कार तक नहीं है. हां, ज्वैलरी के नाम पर उनके पास सोना वगैरह है.
जानिए कहां और कितना है PM मोदी का निवेश
प्रधानमंत्री की कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में जमा फिक्स्ड डिपॉजिट (FDR) और राष्ट्रीय बचत पत्र (NSC) जैसी सुरक्षित सरकारी योजनाओं में है.
- SBI बैंक डिपॉजिट (FDR व MOD): 3,79,76,101 रुपये (SBI की गांधीनगर NSC शाखा में).
- डाकघर में नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC): 10,24,724 रुपये.
- सोने की अंगूठियां: 4,58,864 रुपये (करीब 45 ग्राम वजन वाली 4 सोने की अंगूठियां).
- कैश इन हैंड : 34,429 रुपये.
- बैंक खाते में बैलेंस: 3,562 रुपये.
- वेतन और ब्याज से TDS कटौती: 6,63,309 रुपये.
PM मोदी के इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो की एक बात ये भी है कि शेयर बाजार में उनके पास किसी भी प्रकार का निवेश नहीं है.
जमीन-जायदाद से दूरी
प्रधानमंत्री की वित्तीय प्रोफाइल की खास बात ये भी है कि उनके पास किसी भी तरह की अचल संपत्ति नहीं है.
- कोई जमीन या मकान नहीं: उनके नाम पर न तो कोई कृषि योग्य भूमि है, न ही कमर्शियल प्रॉपर्टी और न ही अपना कोई आवासीय फ्लैट या मकान.
- कोई निजी वाहन नहीं: उनके नाम पर कोई कार या अन्य निजी वाहन भी रजिस्टर्ड नहीं है.
उनके ऊपर किसी भी प्रकार का बैंक लोन या देनदारी नहीं है. कमाई के स्रोत र PMO से मिलने वाला वेतन और बैंक FD से मिलने वाला ब्याज ही उनकी आय का मुख्य जरिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं