पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में दिल्ली की टैक्सी और ऑटो यूनियनों की हड़ताल का आज आखिरी दिन है. इस हड़ताल का अब असर दिखने लगा है. अमेरिका विदेश मंत्री मार्को रूबियो भारत पहुंच गए हैं, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे. उत्तर भारत में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से दिल्ली एनसीआर के लोगों को आज राहत मिली है. दिल्ली में कई इलाकों में आज बारिश हो रही है. नोएडा में भी बादल छाए हुए हैं. इधर, कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज बड़ा दिन है. दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच रही है, जो डेडबॉडी का फिर से पोस्टमार्टम करेंगे. ट्विशा के पति समर्थ सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. देशभर की सभी बड़ी और ताजा खबरें आपको यहां पढ़ने को मिलेंगी.
Breaking News LIVE Updates...
Bengal Eid Holiday: बंगाल में ईद पर अब सिर्फ 1 दिन की छुट्टी
पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार ने मुस्लिम समाज के त्योहार ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की छुट्टी में कटौती की है. अब से इस त्योहार पर सिर्फ एक दिन की छुट्टी रहेगी. शुभेंदु सरकार ने इसी के साथ ममता सरकार के पिछले आदेश को भी बदल दिया जिसमें बकरीद पर दो दिन की छुट्टी का प्रावधान था. 
पंजाब के लुधियाना में कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर हुई साइबर ठगी
पंजाब में साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए नया तरीका अपनाया है. सोशल मीडिया पर एक फर्जी डिजिटल संगठन के नाम से लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है. लिंक पर क्लिक करते ही लोगों के बैंक खातों से पैसे गायब हो रहे हैं. इस बढ़ते खतरे को देखते हुए लुधियाना पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. कॉकरोच जनता पार्टी मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इन दिनों साइबर ठग सक्रिय हैं. ठग एक कथित डिजिटल संगठन के नाम से लोगों को मैसेज और लिंक भेज रहे हैं. जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसके मोबाइल और बैंकिंग डिटेल्स हैक कर लिए जाते हैं और खाते से रकम उड़ाई जा रही है. लुधियाना पुलिस ने इस साइबर फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें. पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर एक विशेष वीडियो भी जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि छोटी सी लापरवाही कैसे बड़ा आर्थिक नुकसान कर सकती है.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पश्चिम बंगाल को 500 करोड़ रुपये की पहली किस्त
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की. बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के MoU पर अहम चर्चा हुई. पश्चिम बंगाल जल्द ही आयुष्मान भारत योजना लागू करने वाला देश का 36वां राज्य बनने जा रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य को स्वास्थ्य क्षेत्र में हरसंभव सहयोग और सहायता का भरोसा दिलाया. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पश्चिम बंगाल को आवंटित 2,103 करोड़ रुपये में से पहली किस्त के रूप में 500 करोड़ रुपये जारी किए गए.

यूपी में 245 एकड़ में बनेगी नई विधानसभा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नगर स्थित सहारा शहर की जमीन पर अब नई विधानसभा बनने का रास्ता साफ हो गया है. एलडीए ने विधानभवन कॉम्प्लेक्स की डिजाइन और प्लानिंग के लिए कंसल्टेंट व आर्किटेक्ट के लिए टेंडर जारी कर दिया है. एलडीए की ओर से जारी आरएफपी के अनुसार, कंपनियां 23 मई से 21 जून तक आवेदन कर सकेंगी.
केरल CM से मुलाकात के बाद गांधी परिवार टीका लगाए आया नजर, जानें वजह
केरलम के नए सीएम वीडी सतीशन ने आज सुबह कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की. इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे. दस जनपथ से आई इसकी तस्वीरों में एक खास बात नज़र आई. तस्वीरों में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लाल टीका लगाए हुए नज़र आ रहे हैं. अमूमन ऐसा होता नहीं है कि किसी नेता से औपचारिक मुलाक़ात की तस्वीर में गांधी परिवार के सदस्य चन्दन टीके लगाए नज़र आएं. कांग्रेस आलाकमान के नज़दीकी सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि गांधी परिवार के सभी सदस्यों को ये टीका एनसीपी शरद पवार की सांसद सुप्रिया सुले ने लगाया जब वो अपनी बेटी की शादी का न्यौता देने दस जनपथ पहुंची थीं.

बंगाल में साल्ट लेक स्टेडियम के बाहर से लगी मूर्ति को गिराया गया
साल्ट लेक स्टेडियम (विवेकनंद युवा भारती क्रीरंगन) के बाहर से धड़ के पास से कटे हुए दो पैर और उनके ऊपर एक फुटबॉल वाली मूर्ति को गिरा दिया गया है. पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने इसके संकेत पहले ही दे दिये थे. बता दें कि साल्ट लेक स्टेडियम के बाहर लगी इस मूर्ति को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डिजाइन किया था, जिसे अब ध्वस्त कर दिया गया है.
"AI से वीडियो बनाकर वायरल कराया...", यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की सफाई
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने विवादित वीडियो पर एनडीटीवी से कहा कि ये बीजेपी ने आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस से वीडियो बनाकर वायरल कराया है. उन्होंने कहा कि महोबा में दलित बच्ची के साथ रेप की घटना के बाद वो उस पीड़ित बच्ची से मिलने गए थे. उस मामले को दबाने के लिए बीजेपी ने उनका वीडियो बनाकर वायरल कराया है. मुकदमे और गिरफ्तारी को लेकर अजय राय का कहना है कि एक नहीं सौ मुकदमे करा दिए जायें या उन्हें गिरफ़्तार कर लिया जाये, वो डरने वाले नहीं हैं. पीएम मोदी को अपशब्द कहने वाले बयान पर अजय राय ने कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है, राहुल जी ने जो कहा, वो पूरी तरह सही है. उन्होंने बिजली कटौती को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि विधायक चिट्ठी-चिट्ठी खेल रहे हैं, जबकि उनको इस्तीफा दे देना चाहिए.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो कोलकाता से दिल्ली पहुंचे, PM मोदी से करेंगे मुलाकात
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो कोलकाता से दिल्ली पहुंच गए हैं. दिल्ली में विदेश मंत्री रुबियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, अमेरिकी दूतावास के सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में भाषण देंगे और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर द्वारा आयोजित रूजवेल्ट हाउस के स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे.
US Secretary of State Marco Rubio arrives in Delhi after his visit to Kolkata in West Bengal earlier today.
— ANI (@ANI) May 23, 2026
Here in Delhi, Secretary Rubio is scheduled to meet with Prime Minister Narendra Modi, deliver remarks at a U.S. Embassy Support Annex Building dedication ceremony and… pic.twitter.com/GSBnupY0IH
जेल में बंद पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से मिलने अरविंद केजरीवाल
जेल में बंद पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से मिलने अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान जाएंगे. संजीव अरोड़ा गुरुग्राम की भोंडसी जिला जेल में बंद है. ये मुलाकात दोपहर 2 बजे तय है. कल ही अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पंजाब से दिल्ली आए हैं.
PM मोदी ने 51 हजार से ज्यादा युवाओं को दिये सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र दिये. इस अवसर पर उन्होंने कहा, "आज देशभर के हजारों युवाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है. आज 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला है. आज आप सभी देश की विकास यात्रा में अहम भागीदार बन रहे हैं. जिम्मेवार भागीदार बन रहे हैं. रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, स्वास्थ्य, शिक्षा और दूसरे कई क्षेत्रों में आप सभी नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं. आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में आप सभी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं."

BSP Meeting: मायावती ने बुलाई पदाधिकारियों की बड़ी बैठक, यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल शुरू
यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीएसपी प्रमुख मायावती ने कल यानी 24 मई को पार्टी पदाधिकारियों की बड़ी बैठक बुलाई है. इस बैठक में यूपी के सभी जिलों के बीएसपी पदाधिकारियों को बुलाया गया है. माना जा रहा है कि मायावती इसमें चुनाव को लेकर दिशानिर्देश जारी करने के साथ-साथ कुछ नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय कर सकती हैं.

Mumbai Traffic Jam: मुसलाधार बारिश से मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर लगा लंबा जाम
पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में हुई भारी बारिश के चलते मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई. खासकर बाणेर और म्हालुंगे इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके वीडियो अब सामने आए हैं. लगातार हो रही बारिश की वजह से वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई थी. इसके चलते हजारों यात्री घंटों सड़क पर फंसे रहे. ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, आईटी सेक्टर से जुड़े प्रोफेशनल्स और रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

Cheetah chopper crash: लेह के पास चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, देखें तस्वीरें
लेह के पास शुक्रवार को चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटना हो गए. इस घटना के कुछ फोटो सामने आए हैं. मेजर जनरल, लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बाल-बाल बच गए. ये दुर्घटना लद्दाख क्षेत्र में हुई, जिसमें तीनों आर्मी के जवानों को चोट आई हैं.


Hamza Burhans funeral: पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा बुरहान के जनाजे में दिखे कई बड़े पाकिस्तानी आतंकी
पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों की मौजूदगी और उनके नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की मौत के बाद उसके जनाज़े में पाकिस्तान में बैठे कई बड़े वांटेड आतंकी शामिल हुए. इनमें हिजबुल मुजाहिदीन का सरगना सैयद सलाहुद्दीन और अल-बद्र का प्रमुख बख्त जमीन खान भी शामिल था. जनाजे की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तान एक बार फिर आतंकियों को पनाह देने के आरोपों में घिर गया है. हमजा बुरहान, जिसे अरजुमंद गुलजार डार और कोडनेम डॉक्टर के नाम से भी जाना जाता था उसको शुक्रवार को इस्लामाबाद में दफनाया गया. इससे एक दिन पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी थी. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दिया कि जनाज़े के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और बड़ी संख्या में हथियारबंद आतंकी वहां मौजूद थे.

ट्विशा शर्मा की मौत के मामला: समर्थ को कोर्ट में पेश रिमांड मांगेगी पुलिस, पूछेगी ये सवाल
ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में कुछ देर बाद कटारा हिल्स थाने की पुलिस अधिकारियों के साथ समर्थ सिंह को लेकर रवाना होगी. समर्थ सिंह को कोर्ट ले जाने से पहले उसका मेडिकल करवाया जाएगा. समर्थ सिंह के मेडिकल के लिए पुलिस उसे शासकीय 1250 जेपी अस्पताल ले जा सकती है. इसके बाद पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी. पुलिस समर्थ की 2 दिन की रिमांड मांग सकती है. कटारा हिल्स थाना पुलिस को अगर रिमांड मिलती है, तो पुलिस समर्थ से पूछताछ करेगी. क्यों फरार हुआ समर्थ, इतने दिन कहां और किसकी मदद से काटी फरारी, जबलपुर कैसे पहुंचा, क्या परिजनों के संपर्क में था... सभी सवालों के जवाब पुलिस जानना चाहेगी.
दिल्ली एयरपोर्ट पर करोड़ों की हाइड्रोपोनिक गांजा खेप पकड़ी, बैंकॉक से आए दो थाई नागरिक गिरफ्तार
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 48 करोड़ रुपये कीमत की हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) की खेप पकड़ी है. यह हाल के समय में एयरपोर्ट पर हुई सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है. कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, 22 मई 2026 को बैंकॉक से फ्लाइट AI-2356 से दिल्ली पहुंचे दो थाई नागरिकों पर पहले से शक था. दोनों यात्री ग्रीन चैनल पार कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी प्रोफाइलिंग और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उन्हें रोक लिया गया. इसके बाद अधिकारियों ने दोनों के बैग की जांच की, तलाशी के दौरान कुल 6 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए जिनमें हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा छिपाकर लाया जा रहा था.

Petrol-Diesel Price Hike: 10 दिन में तीसरी बार बढ़े तेल के दाम, दिल्ली में अब पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर
वैश्विक संकट के बीच देश में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. सरकारी तेल कंपनियों ने इस बार पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई हैं. पिछले 10 दिनों में कुल मिलाकर, कीमतों में लगभग 5 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है. शनिवार को हुई बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल का भाव 92.49 रुपए प्रति लीटर है. दिल्ली के अलावा, नई बढ़ोतरी के बाद मुंबई में 108.49 रुपए प्रति लीटर, कोलकाता में 110.64 रुपए प्रति लीटर और चेन्नई में 105.31 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल का भाव है. वहीं, मुंबई में डीजल का रेट 95.02 रुपए प्रति लीटर, चेन्नई में 96.98 रुपए प्रति लीटर और कोलकाता में 97.02 रुपए प्रति लीटर है.
PM Modi: पीएम मोदी 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. ये नियुक्ति पत्र वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बांटे जाएंगे. इस मौके पर पीएम मोदी सभा को भी संबोधित करेंगे. रोजगार पैदा करने को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप 'रोजगार मेला' एक बड़ी पहल है जिसका मकसद इस सोच को हकीकत में बदलना है. इसकी शुरुआत से अब तक देश भर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं.
Delhi Rain News: दिल्ली में राहत की बारिश, नोएडा में भी छाए बादल
दिल्ली में कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी भी चल रही है. बारिश के बाद दिल्लीवालों ने कुछ राहत की सांस ली है, जो पिछले कुछ दिनों से 44 डिग्री का टॉर्चर झेल रहे थे. इधर नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदल गया है. धूप नहीं है और आसमान में बादल छाए नजर आ रहे हैं. हालांकि, बारिश तो अभी नहीं हुई है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि कुछ ही देर में यहां भी राहत की बारिश हो सकती है.
VIDEO | Rain lashes parts of Delhi, bringing much-needed relief from the scorching heat that gripped the city over the past several days. Visuals from Vasant Kunj.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 23, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/jdfZMaZ3vN
CNG Price Hike: सीएनजी के रेट फिर बढ़ें
सीएनजी की कीमत में एक बार फिर इजाफा हो गया है. दिल्ली एनसीआर समेत देशभर में सीएनजी की कीमत में एक रुपये प्रतिकिलो की बढ़ोतरी की गई है. ये पिछले कुछ दिनों में तीसरी बार है, जब सीएनजी के दामों में वृद्धि की गई है. 8 दिन में सीएनजी के दाम में भी 4 रुपया प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है. इधर, पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हो गया है. CNG की कीमत में एक रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब दाम 81.09 रुपये प्रति किलो और नोएडा में 89.70 रुपये प्रति किला हो गए हैं.
Azam khan 2 pan card case: आजम खान से जुड़े 2 पैन कार्ड मामले में आज कोर्ट सुना सकती है सजा
समाजवादी पार्टी नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम के दो पैन कार्ड मामले में सुनाई गई सजा बढ़ाने को लेकर दायर अपील पर आज कोर्ट फैसला सुना सकती है. इस मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है. अब्दुल्लाह आजम खान के दो पैन कार्ड मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 17 नवंबर 2025 को सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की कैद और 50-50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी. इस मामले में बचाव पक्ष की ओर से सजा के खिलाफ और अभियोजन पक्ष की ओर से सजा बढ़ाने को लेकर एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में अपील दायर की गई थी. सजा बढ़ाने की अभियोजन पक्ष की अपील की सुनवाई एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में चल रही है. सजा बढ़ाने से संबंधित अपील पर दोनों पक्षों की ओर से बहस पूरी हो गई है. इस मामले में अभियोजन की ओर से रूलिंग भी दाखिल की गई हैं. कोर्ट अब इस मामले में शनिवार को सुनवाई करेगी. शनिवार को कोर्ट अपील पर फैसला सुना सकती है.

Marco Rubio India Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत पहुंचे
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत पहुंच गए हैं. वह सबसे पहले पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मदरसा टेरेसा हाउस ऑफ द मिशनरीज ऑफ चैरिटी क्षेत्र में पहुंचे हैं.
#WATCH | West Bengal: US Secretary of State Marco Rubio arrives at the Mother Teresa House Of The Missionaries of Charity in Kolkata. pic.twitter.com/cFxBQ1AUCC
— ANI (@ANI) May 23, 2026
Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल के दाम 87 पैसे, डीजल 91 पैसे लीटर और बढ़े
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज को एक बार फिर वृद्धि की गई है. पेट्रोल की कीमत 87 पैसे लीटर जबकि डीजल के दाम 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाये गये हैं. पिछले 10 दिनों से भी कम समय में यह तीसरा मौका है, जब ईंधन के दाम बढ़ाये गये हैं. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये से 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये हो गई है.