पटना में खान सर और रोशन आनंद से जुड़े कोचिंग विवाद पर बिहार सरकार का भी सख्त रुख सामने आया है. मंगलवार को छपरा पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि इस मामले की जांच पुलिस कर रही है, और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि सरकार जल्द ही कोचिंग संस्थानों के लिए नई नियमावली लाने जा रही है.
"दोषियों पर होगी कार्रवाई"
छपरा में शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने करीब एक घंटे तक समीक्षा बैठक की, और इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
"दंगल होगा तो कार्रवाई होगी"
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोचिंग संस्थान शिक्षा का मंदिर है, यहां पढ़ाई होनी चाहिए, लड़ाई नहीं. अगर इसी तरह का विवाद और मारपीट जारी रही, तो सरकार तमाम कोचिंग संस्थानों को बंद करने तक का फैसला ले सकती है. उन्होंने कहा कि जहां भी शिक्षा के मंदिर में दंगल होगा, वहां कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ी तो ऐसे संस्थानों को बंद कर दिया जाएगा.
मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि यह सब सरकार की छवि खराब करने की साजिश का हिस्सा है, और सरकार किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं करेगी.
खान सर की कोचिंग पर हुआ था हमला
पटना में 2 जून को खान सर की कोचिंग में तोड़फोड़ हुई थी. इस दौरान एक गार्ड घायल भी हो गया था. खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया. पुलिस ने रोशन आनंद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था.
प्रिंस की नेपाल में मौत
रोशन आनंद का भाई प्रिंस अपने दोस्तों के साथ नेपाल चला गया था. रविवार को प्रिंस की नेपाल के होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. रोशन आनंद ने खान सर पर हत्या का आरोप लगाया.
यह भी पढ़ें: 'उनको यहां की सच्चाई नहीं पता', खान सर को अलख पांडे के सपोर्ट करने पर बोले पटना के शिक्षक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं