13 अक्टूबर को पंजाब के मानसा में ड्रग्स के खिलाफ लड़ने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने राजस्थान के सालासर से मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया है. परविंदर ड्रग्स के खिलाफ काम करने वाले एक एक्टिविस्ट थे. उन्हें एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने उस वक्त गोली मार दी, जब उन्होंने ड्रग्स बेचते हुए पकड़ा. एक्टिविस्ट ने स्टोर मालिक से कथित तौर पर ड्रग्स बेचने को लेकर सवाल-जवाब किए थे. एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा, जो केमिस्ट की दुकानों पर नशे की लत लगाने वाली दवाओं की गैर-कानूनी बिक्री का पर्दाफाश करने के लिए जाने जाते थे. उन्हें अपने फेसबुक अकाउंट पर लाइव सेशन के दौरान एक केमिस्ट से उसकी दुकान के बाहर 'ड्रग्स बेचने' के बारे में सवाल करते हुए देखा गया था.
परविंदर सिंह झोटा मेडिकल स्टोर मालिक से बार-बार कह रहे थे, "मार मुझे, मार मुझे." उन्होंने मालिक से पूछा, "तुमने पिस्तौल क्यों रखी है?" उन्हें अपने साथियों से पुलिस को बुलाने और ज्यादा लोगों को इकट्ठा करने के लिए कहते हुए भी सुना गया. वीडियो में झोटा को दुकानदार से CCTV फुटेज दिखाने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है.
इसके बाद दुकानदार ने उस बुजुर्ग शख्स से पूछा कि क्या उसने उससे 'ड्रग्स' लिए थे, जिस पर झोटा ने जवाब दिया, "हां, हमारे पास रिकॉर्डिंग है."
करीब चार मिनट तक बहस चलती रही और फिर दुकानदार ने गोली चला दी, जिससे झोटा की मौत हो गई. उनका मोबाइल फोन जमीन पर गिर गया और लाइव रिकॉर्डिंग बंद हो गई. स्टोर का मालिक मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें | परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान के सालासर से पकड़ा गया शूटर
ड्रग्स के खिलाफ कई महीनों से एक्टिव थे परविंदर...
परविंदर झोटा नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान चलाते थे. झोटा कई साल से मानसा और आस-पास के इलाकों में एक्टिव थे और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग, कुछ मेडिकल स्टोरों के जरिए नशीले पदार्थों की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाया करते थे.
झोटा के फेसबुक पर 24 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे. वे लोगों के बीच तब मशहूर हुए, जब उनके वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं