Parliament Budget Session LIVE: बजट सत्र के तहत संसद की आज होने वाली कार्यवाही में एक बार फिर तीखे हंगामे के आसार हैं. सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चीन से जुड़े मुद्दे पर एक मैगज़ीन की रिपोर्ट का हवाला देने की कोशिश के बाद सदन में नया विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते कार्यवाही दो बार बाधित हुई.
सूत्रों के अनुसार, जिस रिपोर्ट का राहुल गांधी उल्लेख कर रहे थे, उसमें पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे (सेवानिवृत्त) की अप्रकाशित पुस्तक से जुड़े कुछ कथित कोट शामिल बताए गए हैं. स्पीकर ओम बिड़ला ने इसे सदन के नियमों के विरुद्ध बताते हुए राहुल गांधी को इससे बचने करने को कहा.
यह भी पढ़ें- पहले राहुल गांधी से मुलाकात और आज संसद में हंगामे के बाद 40 मिनट बात, बदले-बदले से नजर आते हैं थरूर
सत्ता पक्ष ने इसे सदन की मर्यादा और प्रक्रियाओं का उल्लंघन बताते हुए नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधा, जबकि विपक्ष का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से रोकना उचित नहीं है. इस टिप्पणी को लेकर सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के सांसदों के बीच तेज नोकझोंक देखने को मिली.
पहली बार हंगामा बढ़ने पर स्पीकर ने कार्यवाही को शाम 4 बजे तक स्थगित किया, लेकिन कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही राहुल गांधी ने वही मुद्दा दोबारा उठाया. इससे एक बार फिर शोर-गुल शुरू हो गया और स्पीकर ने अंततः लोकसभा की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया.
आज लोकसभा में क्या-क्या होना है?
मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से कार्यवाही शुरू होनी है. प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
1. श्रद्धांजलि
पूर्व सांसद सुरूपसिंह हिरया नाइक के निधन पर शोक संदेश.
यह भी पढ़ें- उनको कभी मौका नहीं मिला... राहुल गांधी के बयान पर हंगामे के बाद चिंता में विपक्षी नेता
2. प्रश्नकाल
3. विभिन्न मंत्रालयों द्वारा दस्तावेज सदन में पेश किए जाएंगे.
4. संसदीय समितियों के लिए चुनाव
- एस्टिमेट्स कमेटी
- पब्लिक अकाउंट्स कमेटी
- पब्लिक अंडरटेकिंग्स कमेटी
- अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण समिति
- के लिए सदस्यों के चुनाव/नामांकन से संबंधित प्रस्ताव रखे जाएंगे.
5. कारोबार सलाहकार समिति की रिपोर्ट पर चर्चा
6. नियम 377 के तहत उठाए जाने वाले मुद्दे
7. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आगे की चर्चा
प्रस्ताव 2 फरवरी को शुरू हुआ था, आज उस पर विस्तृत बहस जारी रहेगी.
आज फिर गरमा सकता है सदन
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता बोलने वाले हैं और संभावना है कि चीन, सीमा सुरक्षा, और अन्य रणनीतिक मुद्दों को लेकर फिर वही विवादित संदर्भ उठ सकता है. यही कारण है कि राजनीतिक हलकों में यह माना जा रहा है कि आज भी भारी हंगामा देखने को मिल सकता है.
संसद की कार्यवाही के पल-पल के अपडेट के लिए इस पेज पर बने रहें...