विज्ञापन

इस्लामाबाद में आतंकियों का कॉल सेंटर, भारत में एक जवान को मारने पर 3 लाख का इनाम, भट्टी मॉड्यूल पर बड़ा खुलासा

गिरफ्तार संदिग्धों से हुई पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भारत में एक पुलिसकर्मी को मारने पर 3 लाख रुपए का इनाम दिए जाने की बात सामने आई है. धार्मिक नेताओं और धार्मिक स्थलों को टारगेट करने की साजिश भी रची जा रही थी.

इस्लामाबाद में आतंकियों का कॉल सेंटर, भारत में एक जवान को मारने पर 3 लाख का इनाम, भट्टी मॉड्यूल पर बड़ा खुलासा
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 5 और संदिग्ध किए गिरफ्तार.
IANS
  • दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शहजाद भट्टी आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 5 और संदिग्धों को गिरफ्तार किया.
  • इससे पहल 7 और संदिग्धों को पुलिस पकड़ चुकी थी. इन 12 आरोपियों से पूछताछ में कई खुलासे हुए.
  • आरोपियों को ISI समर्थित कथित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) का प्रचार करने के आदेश दिए गए थे.
नई दिल्ली:

दिल्ली सहित देश के कई बड़े शहरों को दहलाने की साजिश रचने वाले पाकिस्तान के कुख्यात शहजाद भट्टी के आतंकी मॉड्यूल पर बड़ा खुलासा हुआ है. बुधवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शहजाद भट्टी आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 5 और संदिग्धों को गिरफ्तार किया था. इससे पहले भी 7 संदिग्ध गिरफ्तार हो चुके थे. पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और शहजाद भट्टी के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े इन 12 संदिग्धों की गिरफ्तारी और उनसे हुई पूछताछ में दिल्ली पुलिस ने यह खुलासा किया कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आतंकियों का कॉल सेंटर बना है. इसी कॉल सेंटर के जरिए जरिए भारत को दहलाने की साजिश होती है.

भारत में एक पुलिसकर्मी को मारने के लिए 3 लाख रुपए इनाम

गिरफ्तार संदिग्धों से हुई पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भारत में एक पुलिसकर्मी को मारने पर 3 लाख रुपए का इनाम दिए जाने की बात सामने आई है. धार्मिक नेताओं और धार्मिक स्थलों को टारगेट करने की साजिश भी रची जा रही थी. कॉल सेंटर में बैठे हैंडलर और ISI के लोग भारतीय युवाओं से यहीं से संपर्क करते हैं.

सोशल मीडिया एप के जरिए संपर्क 

सोशल मीडिया एप के जरिए यह मॉडयूल संपर्क बढ़ाता है. पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हैंडलर और शहजाद भट्टी के नेटवर्क के 12 संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद यह सामने आया कि आरोपियों को दिल्ली और आसपास के राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने का काम सौंपा गया था. पुलिसकर्मियों की हत्या का मकसद दहशत फैलाना था. 

तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के प्रचार का आदेश

आरोपियों को ISI समर्थित कथित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) का प्रचार करने के आदेश दिए गए थे. दिल्ली-NCR में TTH के समर्थन में ग्रैफिटी (दीवारों पर लिखावट) और पोस्टर लगाने का काम किया जा रहा था. TTH ने हाल ही में पंजाब के अमृतसर (मजीठा) में ASI की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

पुलिस ने 5 अवैध हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए. शहजाद भट्टी नेटवर्क के सदस्य आबिद जट्ट के पोस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई. पुलिसकर्मियों की रेकी और उन्हें धमकाने वाले वीडियो भी मिले हैं.

अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका

  • सोहेल (फरीदाबाद, हरियाणा):  TTH के समर्थन में दिल्ली और फरीदाबाद में ग्रैफिटी बनाई. वीडियो बनाकर पाकिस्तान स्थित हैंडलर को भेजे. इस काम के लिए 5,000 रुपये मिले. पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है.
  • सोनू मीणा (घिटोरनी, दिल्ली): नेटवर्क के लिए हथियार जुटाने और फंडिंग करने का काम करता था. उसके पास से 3 पिस्टल और कारतूस बरामद हुए. सोहेल को 5,000 रुपये भेजे थे.
  • सचिन कुमार मीणा (दौसा, राजस्थान): सोनू का सहयोगी था. उसके पास से 2 पिस्टल और कारतूस बरामद हुए.
  • मोहम्मद कैफ (नूंह): पाकिस्तान स्थित नेटवर्क के सदस्यों के संपर्क में था. पुलिसकर्मियों की हत्या, पुलिस थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी तथा युवाओं की भर्ती का काम सौंपा गया था. आबिद जट्ट के पोस्टर लगाने के निर्देश मिले थे.
  • मोहम्मद रिहान (मेरठ, उत्तर प्रदेश): मेरठ में आबिद जट्ट के पोस्टर लगाए. पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करने के लिए 3 लाख रुपये का लालच दिया गया था. TTH की ग्रैफिटी बनाने और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने का काम भी सौंपा गया था.
  • सोयब (अमरोहा): पुलिसकर्मियों को मारने की धमकी वाला वीडियो बनाकर हैंडलर को भेजा. एक देसी पिस्टल और 2 कारतूस बरामद हुए.
  • अनमोल राय उर्फ अन्नू (निवाड़ी, मध्य प्रदेश): आबिद जट्ट के पोस्टर लगाने का काम करता था. पुलिसकर्मियों पर हमला करने के निर्देश मिले थे.
  • रवि कश्यप (अमरोहा, यूपी): हथियार लहराते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाने का वीडियो बनाया. एक देसी पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए.

कैसे पकड़ में आए ये संदिग्ध

स्पेशल सेल के मुताबिक यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के निर्देश पर भारत में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था. मई में मिली खुफिया जानकारी से संकेत मिला कि भट्टी और गुज्जर स्थानीय गुर्गों के जरिए दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं. सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद इन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया.

यह भी पढ़ें - दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 5 और संदिग्ध को किया गिरफ्तार

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
डेप्युटी एडिटर - क्राइम एंड इन्वेस्टिगेशन
साल 2003 में मीडिया करियर की शुरुआत BAG Films से हुई। शुरुआती दिनों से ही अपराध और खोजी पत्रकारिता में गहरी दिलचस्पी रही। 2005 में NDTV से जुड़े और उस... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi Police Action, Shahzad Bhatti, Terror Module Busted In Delhi, Delhi Blast Conspiracy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com