भारत ने पाकिस्तानी ड्रोन्स को मार गिराया.
- पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. शुक्रवार को दिन में भारत ने पाक के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की लेकिन रात होते ही पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ताजा ड्रोन हमले कर अपने मंसूबों को एक बार फिर से जगजाहिर कर दिया.
- पाकिस्तान ने श्रीनगर एयरपोर्ट पर भी हमले की कोशिश की, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया. पाकिस्तान के दो ड्रोन को सेना ने हवा में ही मार गिराया.
- श्रीनगर में 2 तेज धमाकों की आवाज सुनी गई. उधमपुर के डिब्बर इलाके से जोरदार विस्फोट के बाद धुआं उठता हुआ दिखाई दिया. वहां हवाई सायरन बजाए जा रहे हैं. राजौरी में पूरी तरह से ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है. लगातार धमाकों की आवाज़ें सुनी जा रही हैं.
- भारतीय सेना से खौफजदा पाकिस्तान ने अपना पूरा एयरस्पेस खाली करा लिया है. बताया जा रहा है कि नूर खान एयरबेस पर हमले में सी-130 को नुकसान हुआ है. पाकिस्तान की ओर से भी भारत में कई हवाई हमले किये गए, जिनको हवा में ही ध्ध्वस्त कर दिया गया.
- बौखलाया पाकिस्तान LOC पर लगातार फायरिंग कर रहा है. वह बॉर्डर के आसपास के गांवों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है. पुंछ इलाके में लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनाई दे रही हैं. राजौरी क्षेत्र में विस्फोटों के बाद घरों और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है.
- पाकिस्तान के हर एक ड्रोन हमले को शुक्रवार रात भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया. 26 में से एक भी जगह पर पाकिस्तान अपने मंसूबों को कामयाब नहीं हो सका. सेना ने दुश्मन के हर एक टारगेट को हवा में ही मार गिराया.
- भारतीय सेना के मुताबिक, शुक्रवार शाम उत्तर में बारामूला से लेकर दक्षिण में भुज तक इंटरनेशन बॉर्डर और पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा पर 26 जगहों पर ड्रोन देखे गए हैं. इनमें नागरिक और सैन्य ठिकानों के लिए संभावित खतरा पैदा करने वाले संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन शामिल हैं.
- रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास 26 जगहों पर ड्रोन देखे गए, इनमें संदिग्ध हथियार वाले ड्रोन शामिल थे. इन जगहों में बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज एवं लक्खी नाला शामिल हैं.
- पंजाब के ग्रामीण जालंधर के कंगनीवाल गांव में हुए विस्फोट के बाद एक पाकिस्तानी ड्रोन के हिस्से बरामद किए गए हैं. एक स्थानीय निवासी सुरजीत कौर ने बताया कि उनके घर के ऊपर एक लाल रंग की फ्लैश चमकी और एक बहुत बड़ा धमाका हुआ. वे लोग डर गए. चारों तरफ अंधेरा था. थोड़ी देर बाद वह जब अपने घरों से बाहर निकलीं तो देखा कि उनके घरों और पड़ोसियों के घरों के ऊपर पानी की टंकी फट गई थी. उस समय ब्लैकआउट हो गया था और सभी लाइटें बंद थीं.
- पंजाब के फिरोजपुर में एक परिवार के कुछ सदस्य रात के अंधेरे में किए गए हमलों में घायल हो गए. हमलों में घायल हो जाने का यह केवल एक मामला रहा. पाकिस्तान से लगी सीमा वाले सभी राज्यों में ब्लैकआउट रखा गया. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और उस पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और घबराने की कोई वजह नहीं है.
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Operation Sindoor, India Pakistan Attack, Jammu Kashmir Attack, Pakistan Missile Attack, Indian Army