विज्ञापन

रूस-यूक्रेन, मिडिल ईस्ट के अंतहीन संघर्षों के बीच ऑपरेशन सिंदूर क्यों है मिसाल, समझिए भारत की युद्धनीति का कमाल

Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान को कम वक्त में सटीक तरीके से जो सबक सिखाया है, वो आधुनिक युद्ध काल में लंबे खिंचते युद्ध के बीच एक मिसाल है. भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमलों के खिलाफ भारत की सैन्य कार्रवाई की लंबी लकीर खींच दी है.

रूस-यूक्रेन, मिडिल ईस्ट के अंतहीन संघर्षों के बीच ऑपरेशन सिंदूर क्यों है मिसाल, समझिए भारत की युद्धनीति का कमाल
operation sindoor date: भारत-पाकिस्तान युद्ध
नई दिल्ली:

ऑपरेशन सिंदूर की आज पहली बरसी है. 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को तड़के पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ढांचे पर जोरदार हवाई हमला बोला था. ये ऑपरेशन इतना सटीक, त्वरित और सुनियोजित था कि दुश्मन को भनक तक नहीं लगी. महज 23 मिनट के भीतर बहावलपुर में जैश ए मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर ए तैयबा के आतंकी अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया. पाकिस्तान ने जब जवाबी कार्रवाई की हिमाकत की तो भारतीय लड़ाकू विमानों ने मिसाइल हमले में उसके नूर खान, सरगोधा जैसे 11 एयरबेस तबाह कर उसे सरेंडर को मजबूर कर दिया. महज 88 घंटों के भीतर उसने सीजफायर की पेशकश कर दी.

रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान-अमेरिका संघर्ष लंबा खिंच रहा

दुनिया में  रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान-अमेरिका के संघर्ष अंतहीन दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. दुनिया भर की अर्थव्यवस्था को झटका दे रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर एक मिसाल बनकर उभरा है, जिसमें कम समय में सटीक ढंग से दुश्मन के दिल में गहरी चोट की, जिसके दर्द के उसे हमेशा अहसास होगा. ऑपरेशन सिंदूर जारी रहने के साथ भारत ने पाकिस्तान को ये वार्निंग सिग्नल दे दिया है, जब कभी भी उसने या उसके समर्थित आतंकी संगठनों ने कोई दुस्साहस किया तो उसे माकूल जवाब दिया जाएगा. पाकिस्तान प्रायोजित छद्म युद्ध के खिलाफ भारत की ये मारक निवारक रणनीति के तौर पर सामने आई है. 

ऑपरेशन सिंदूर - दुश्मन को न भूलने वाला सबक

  • 9 आतंकी टारगेट पर को निशाना बनाया 7 मई को
  • 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए इन हमलों में 
  • 88 घंटों के भीतर पाकिस्तान सरेंडर करने को मजबूर
  • 11 सैन्य बेस पाकिस्तान के तबाह हवाई हमलों में 
  • 6 लड़ाकू विमान मार गिराए गए पाकिस्तान के 

प्रॉक्सी वार के खिलाफ सटीक सैन्य कार्रवाई

ऑपरेशन सिंदूर ने युद्ध के लंबे जाल में फंसने की बजाय ऐसे प्रॉक्सी वॉर के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई की नजीर बन चुका है. उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा हमले के बाद बालाकोट में एयर स्ट्राइक और फिर पहलगाम हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के हुक्मरानों और फौज के जेहन में ये बात बैठ गई होगी कि ऐसे करतूतों का आगे क्या अंजाम होने वाला है.भारत ने पीओके में सिर्फ आतंकी संगठनों के ठिकानों पर हमलाकर अपना मकसद स्पष्ट कर दिया था कि वो किसी पड़ोसी देश के खिलाफ उकसावे वाली कार्रवाई नहीं करना चाहता, लेकिन वहां से प्रायोजित समर्थित आतंकी हमलों के ढांचों पर वार करना उसका अधिकार है. आतंकी संगठनों और उनके समर्थकों को मिट्टी में मिलाना और देश में इस एक्शन से कोई भी नुकसान न हो, यह भी भारत ने दिखा दिया.  

9 आतंकी टारगेट, 11 सैन्य बेस तबाह

पहलगाम हमले में भारत ने 9 टारगेट चुने थे और उनमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए. जैश ए मोहम्मद सरगना मसूद अजहर के परिवार के भी कई सदस्य मारे गए. पाकिस्तान ने जवाबी हमला किया तो उसके 11 सैन्य बेस ब्रह्मोस जैसी घातक मिसाइलों ने तबाह कर दिए. सिर्फ 88 घंटों में टारगेट पूरा होने और दुश्मन को सबक सिखाने के बाद जब वो गिड़गिड़ाया तो भारत ने 4 दिनों में अपनी शर्तों पर युद्धविराम को मंजूर कर लिया. शत्रु को इतनी शीघ्रता से युद्धविराम के लिए मजबूर करके भारत ने आधुनिक इतिहास में शायद ही कभी देखने को मिलने वाली कंट्रोल वॉरफेयर रणनीति का प्रदर्शन किया. पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को 12,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ. 

पाकिस्तान के 6 लड़ाकू विमान नष्ट

रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के 6 लड़ाकू विमान (F-16 और JF-17) मार गिराए गए. एक C-130J परिवहन विमान और चीनी ड्रोन्स भी तबाह हुए. लाहौर और अन्य क्षेत्रों में चीनी निर्मित LY-80 और अमेरिकी AN/TPQ-43 रडार सिस्टम नष्ट हुए. लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिदीन के 9 ट्रेनिंग कैंप और लॉन्च पैड को जमींदोज किया गया. बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय (मरकज-ए-सुभान अल्लाह) पर 6 स्कैल्प (SCALP) मिसाइलों से सटीक हमला किया गया. मसूद अजहर ने खुद माना कि उसके परिवार के 10 सदस्य और कई कमांडर इसमें मारे गए.

पाकिस्तान को कितना नुकसान

  1. रावलपिंडी का नूर खान एयरबेस की बिल्डिंग और हैंगर तबाह. वहां तुर्की के बरख्तयार TB-2 ड्रोनों का जखीरा, AI सिस्टम ध्वस्त. 
  2. भोलारी एयरबेस (कराची) में स्वीडिश मूल का अवॉक्स विमान (30 करोड़ डॉलर कीमत) हैंगर के साथ पूरी तरह नष्ट.
  3. मुरीदके एयरबेस (चकवाल) में पाकिस्तान का ड्रोन हब बर्बाद, चीनी ड्रोन के 10 से ज्यादा यूएवी नष्ट हो गए. 
  4. जैकोबाबाद एयरबेस में तीन एफ-16 लड़ाकू विमानों को बड़ा नुकसान पहुंचा.
  5. रहीम यार खान एयरबेस में रनवे को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया गया.
  6. सरगोधा एयरबेस    में सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर और विमानों को निशाना बनाया गया.
  7. आरिफवाला, चुनियान, पसरूर और सुक्कुर जैसे एयरफील्ड पर एयर डिफेंस रडार तबाह 

रणनीतिक और कूटनीतिक दबाव 

भारत ने सिंधु जल संधि को रद्द कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया. इससे पाकिस्तान के कृषि क्षेत्र और बिजली उत्पादन पर अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है. भारत ने पाकिस्तान के साथ व्यापार पूरी तरह बंद कर दिया और पाकिस्तानी राजनयिकों को निष्कासित किया. आतंकवाद को पालने-पोसने वाले पाकिस्तान की पोल खोलने के लिए कूटनीतिक मिशन छेड़ा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com