विज्ञापन

ओडिशा-झारखंड में बिछेंगी नई रेल लाइनें, 14 लाख लोगों को फायदा, मोदी सरकार का बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने ओडिशा और झारखंड में ₹3907 करोड़ की लागत वाली दो रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं से 145 किमी रेल नेटवर्क का विस्तार होगा और करीब 14 लाख लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा.

ओडिशा-झारखंड में बिछेंगी नई रेल लाइनें, 14 लाख लोगों को फायदा, मोदी सरकार का बड़ा फैसला
ओडिशा-झारखंड को रेलवे की बड़ी सौगात
NDTV

ओडिशा और झारखंड के लिए केंद्र सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने बुधवार को ओडिशा और झारखंड के चार जिलों को कवर करने वाली 3,907 करोड़ रुपये की लागत वाली दो मल्टी-ट्रैकिंग रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दे दी. इन परियोजनाओं के तहत भारतीय रेलवे नेटवर्क में करीब 145 किलोमीटर का विस्तार होगा.

कैबिनेट के अनुसार, इन परियोजनाओं से रेलवे लाइन की क्षमता में बड़ा इजाफा होगी, जिससे ट्रेनों की आवाजाही ज्यादा सुगम बनेगी. इसके साथ ही भारतीय रेलवे की परिचालन क्षमता और सेवा विश्वसनीयता में भी सुधार होगा.

कौन-कौन से प्रोजेक्ट को मंजूरी?

  1. पारादीप-हरिदासपुर लाइन को डबल करना
  2. राजखरसावां-डांगोअपोसी के बीच चौथी लाइन

PM मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन प्रोजेक्ट को लेकर एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ओडिशा और झारखंड में कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बड़ा बढ़ावा. कैबिनेट ने दो महत्वपूर्ण रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है: पारादीप-हरिदासपुर लाइन को डबल करना और राजखरसवां व डांगोआपोसी के बीच चौथी लाइन बिछाना. ये प्रोजेक्ट्स ओडिशा और झारखंड में विकास को और आगे बढ़ाएंगे. इनसे रेलवे नेटवर्क का विस्तार होगा, भीड़-भाड़ कम होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.'

1500 से ज्यादा गांव को होगा फायदा

सरकार ने बताया कि प्रस्तावित मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं से करीब 1,526 गांवों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जहां लगभग 14 लाख की आबादी रहती है. इसके अलावा, इन परियोजनाओं से देश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी. इनमें ललितगिरि बौद्ध परिसर, श्री बालदेवज्यू मंदिर और मेघाहातुबुरु हिल्स जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल हैं.

कैबिनेट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ये रेल मार्ग कोयला, लौह अयस्क (आयरन ओर), डोलोमाइट, चूना पत्थर (लाइमस्टोन) और जिप्सम जैसी महत्वपूर्ण खनिज एवं औद्योगिक वस्तुओं के परिवहन के लिए बेहद अहम हैं. सरकार के अनुसार, इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने के बाद रेलवे की माल ढुलाई क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और हर साल अतिरिक्त 44 मिलियन टन (एमटीपीए) माल परिवहन संभव हो सकेगा.

धर्मेंद्र प्रधान ने PM मोदी का जताया आभार

वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इन प्रोजेक्ट के लिए पीएम मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पारादीप-हरिदासपुर रेलवे लाइन को दोगुना करने (74 किमी) की परियोजना को मंजूरी दे दी है. मैं प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करता हूं. लगभग ₹2542 करोड़ की लागत से शुरू होने वाली यह परियोजना, माननीय प्रधानमंत्री के 'पूर्वोदय' मिशन के तहत ओडिशा के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को गति देगी और साथ ही परिवहन व्यवस्था व स्थानीय अर्थव्यवस्था को मज़बूत करेगी.'

यह भी पढ़ें: दिल्ली-गुरुग्राम वालों के लिए गुड न्यूज! नए मेट्रो कॉरिडोर पर बड़ा अपडेट, 5 स्टेशन से 25 मिनट में पूरा होगा सफर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, Indian Railway, Indian Railway New Project, Indian Railway New Trains
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com