Odisha Police Encounter: ओडिशा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है. पिछले 24 घंटों के अंदर राज्य में दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस एनकाउंटर हुए, जिनमें दो कुख्यात अपराधी घायल हो गए. इन घटनाओं के बाद अपराध जगत में घबराहट का माहौल है. वहीं, राज्य के डीजीपी वाईबी खुरानिया ने साफ शब्दों में कहा है कि अपराधियों के लिए अब ओडिशा में कोई जगह नहीं बची है.
गंजाम में मोस्ट वांटेड अपराधी से मुठभेड़
पहली मुठभेड़ गंजाम जिले के गोपालपुर इलाके में शनिवार को हुई. यहां पुलिस ने मोस्ट वांटेड अपराधी दीपु नायक उर्फ दीपुना को घेर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फायरिंग कर रहा था. इसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें दीपुना के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया.
मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी हुआ घायल
इस दौरान मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया. घायल अपराधी को तुरंत एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता और बढ़ा दी गई है.
बताया जा रहा है कि इसी दिन गोपालपुर ओवरब्रिज के पास कुछ युवकों ने एक युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की थी और उसे नीचे फेंकने की कोशिश की थी. इस घटना के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर थी, जिससे तत्परता से कार्रवाई संभव हो पाई.
संबलपुर में हिस्ट्रीशीटर मनीष साहू घायल
दूसरी बड़ी कार्रवाई संबलपुर जिले के बुर्ला इलाके में रविवार तड़के हुई. यहां पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मनीष साहू को मुठभेड़ में घायल कर दिया. मनीष साहू पर डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट और अवैध कोरेक्स कफ सिरप कारोबार समेत 14 से ज्यादा मामले दर्ज हैं.
पुलिस के अनुसार, बुर्ला थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया. लेकिन चालक तेज रफ्तार में भागने लगा. पीछा करने के बाद जब कार रोकी गई, तो उसमें सवार एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें मनीष साहू घायल हो गया.
हथियार और अवैध सामान बरामद
घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे, पांच मोबाइल फोन, कार और 10 कार्टन कोरेक्स कफ सिरप बरामद किए. साथ ही कार में मौजूद उसके तीन अन्य साथियों को भी हिरासत में ले लिया गया है. मनीष साहू को इलाज के लिए बुर्ला के वीआईएमएसएआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है और पुलिस पूछताछ भी जारी है.
DGP की सख्त चेतावनी
इन दोनों एनकाउंटर के बाद ओडिशा के डीजीपी वाईबी खुरानिया ने सख्त संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. जो लोग अपराध करने की सोच रहे हैं, उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए. डीजीपी ने बताया कि पिछले पांच दिनों में पूरे राज्य में 1700 से ज्यादा नॉन-बेलेबल वारंट (NBW) की कार्रवाई की गई है. पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बढ़ा रही है और आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं