- नोएडा में रविवार को वायु प्रदूषण का स्तर कई सेक्टरों में 300 से ऊपर पहुंच गया
- नोएडा का औसत एक्यूआई रविवार को 281 और सोमवार को 274 दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे अधिक है
- सेक्टर-125 और सेक्टर-116 में पीएम-10 कणों का स्तर 500 और 420 तक पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक
देश का सबसे प्रदूषित शहर रविवार को दिल्ली से सटा नोएडा रहा और सोमवार को भी यही स्थिति है. जी हां, नोएडा में वायु प्रदूषण का स्तर रविवार को कई सेक्टरों में 300 के पार पहु्ंच गया, जिससे यूपी प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. रविवार को नोएडा का औसत एक्यूआई 281 दर्ज किया गया. सरकारी डेटा के मुताबिक, सोमवार को भी नोएडा का एक्यूआई 274 के आसपास दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा है. सोचिए, जब अक्टूबर के शुरुआत में प्रदूषण का ये हाल है, तो दिसंबर और जनवरी में क्या हाल होगा? क्या ऐसे में लोग खुली जगहों पर खुलकर सांस ले पाएंगे? हालांकि, यूपी की योगी सरकार को भी इस बात का अंदेशा है कि आने वाले महीने बेहद चुनौतीभरे रहने वाले हैं. ऐसे में योगी सरकार ने कई जिलों में 'नो पीयूसीसी, नो पेट्रोल-डीजल' का नियम भी लागू कर दिया है और भी कई कदम उठाए जा रहे हैं.
नोएडा के हालात चिंताजनक!
नोएडा का एक्यूआई लेवल लगातार खराब हो रहा है. हालात चिंताजनक हैं, क्योंकि पिछले 3 दिनों से नोएडा का एक्यूआई लेवल लगातार बढ़ रहा है. नोएडा में रविवार को 2 सेक्टरों में एक्यूआई लेवल 300 के पार पहुंच गया. सेक्टर 125 का एक्यूआई लेवल 330 और सेक्टर-116 का एक्यूआई लेवल 323 दर्ज किया गया. चिंता की बात यह भी है कि सेक्टर-116 में पीएम-10 का अधिकतम स्तर 420 तक पहुंच गया. वहीं, सेक्टर-125 में पीएम-10 का अधिकतक स्तर 500 तक पहुंच गया.

पीएम-10 वाहनों की आवाजाही और हवा से उड़ने वाली धूल, इमारतों और सड़कों के निर्माण से निकलने वाले धूल के कण और कारखानों और संयंत्रों का उत्सर्जन ये बढ़ता है. इससे आंखों, नाक और गले में जलन होना और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए पीएम-10 का ये स्तर काफी गंभीर हो सकता है.
देश के पांच सबसे प्रदूषित शहरों का एक्यूआई
रविवार
नोएडा- 281
सहरसा- 268
बुलंदशहर- 260
गजरौला- 255
गाजियाबाद- 248
सोमवार
नोएडा- 274
बुलंदशहर - 257
गजरौला - 245
गाजियाबाद 233
मानेसर - 226
नोएडा में सोमवार को कैसे हैं हालात?
सोमवार को भी नोएडा का औसत एक्यूआई 274 के आसपास दर्ज किया गया है. नोएडा का सेक्टर-116 सबसे ज्यादा प्रदूषित नजर आ रहा है. यहां एक्यूआई लेवल 350 दर्ज किया गया है. वहीं, सेक्टर 125 में एक्यूआई लेवल 299 दर्ज किया गया है. ऐसे में ठंड बढ़ने के साथ-साथ एक्यूआई लेवल तेजी से बढ़ेगा. सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए ये दौर काफी मुश्किल होगा.
ये भी पढ़ें:- मॉनसून की विदाई पहाड़ों पर ठंड लाई! दिल्ली-NCR, यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में IMD का अलर्ट, जानें आज का मौसम

दिल्ली में प्रदूषण की कैसी है स्थिति
दिल्ली का एक्यूआई लेवल भी पिछले 4 दिनों से लगातार बढ़ रहा है. 1 अक्टूबर को दिल्ली का एक्यूआई लेवल जहां 166 दर्ज किया गया था. वहीं, 4 अक्टूबर को एक्यूआई 187 तक पहुंच गया. इसके अलावा सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 250 के पार भी पहुंच गया. द्वारका में एक्यूआई लेवल 288, मुंडका में 257, जहांगीरपुरी में 251 दर्ज किया गया. दिल्ली हर साल दिसंबर से जनवरी महीने के बीच किसी गैस चैंबर की तरह हो जाती है. हालांकि, इस बार स्थिति को संभालने के लिए दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिनका असर यकीनन दिखेगा. दिल्ली सरकार ने वर्क फ्रॉम होम से लेकर प्रदूषण का स्तर बढ़ाने वाले वाहनों की दिल्ली में एंट्री बैन करने का ऐलान कर दिया है.
ये भी पढ़े:- मॉनसून विदाई से पहले दिखाएगा नया रंग, दिल्ली-NCR से क्यों विदा हुए बादल? आज बिहार-यूपी समेत 12 राज्यों में भारी बारिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं