नितिन नवीन ने भाजपा की अपनी नई टीम का गठन कर लिया है. इस टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, बिप्लब देब, तीरथ सिंह रावत जैसे तीन पूर्व सीएम हैं तो पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी जैसे पूर्व केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं. वहीं यूपी को लेकर भी खास फोकस इस टीम में रखा गया है. स्मृति ईरानी को यूपी के अवध इलाके में माहौल बनाने के उद्देश्य से ही शायद महामंत्री बनाया गया है. लेकिन दो और चेहरे ऐसे हैं, जो यूपी से ताल्लुक रखते हैं. ये नेता हैं- हरीश द्विवेदी और डॉ. स्वदेश सिंह. इन दोनों नेताओं के बारे में अहम बात यह भी है कि नितिन नवीन के साथ काम करने का इनका पुराना अनुभव है.
अनुराग ठाकुर ने जब 2013 में युवा मोर्चा का अध्यक्ष रहते हुए अपनी टीम का गठन किया था तो उसमें नितिन नवीन राष्ट्रीय महामंत्री थे. वहीं डॉ. स्वदेश सिंह राष्ट्रीय सचिव थे. इसके अलावा यूपी के युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हरीश द्विवेदी थे. अब वक्त का पहिया फिर घूमा है और तीनों ही नेता साथ हैं. नितिन नवीन संगठन के मुखिया हैं तो हरीश द्विवेदी महामंत्री होंगे और डॉ. स्वदेश सिंह सचिव रहेंगे. नितिन नवीन के ये दोनों पुराने साथी यूपी में भी अहम भूमिका में दिख सकते हैं. इसकी वजह यह है कि हरीश द्विवेदी बस्ती जिले से आने वाले ब्राह्मण नेता हैं. उन्हें ऐसे समय में प्रमोशन मिला है, जब यूपी में ब्राह्मणों की नाराजगी की बात कही जा रही है.
ब्रजेश पाठक डिप्टी सीएम हैं और ब्राह्मण चेहरे हैं. फिर भी यदाकदा एक सवाल उठता रहा है कि वह संघ की विचारधारा में पले-बढ़े नेता नहीं हैं और बसपा से आए हैं. ऐसे में हरीश द्विवेदी ऐसे नेता हैं, जो भाजपा की वैचारिकी के हैं. हमेशा से भाजपा की राजनीति की है. ऐसे में उनका प्रमोशन पार्टी के अंतर स्वाभाविक नेतृत्व के विकास जैसा है. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और दिनेश शर्मा जैसे चेहरों की चमक पहले जैसी नहीं है. ऐसे में हरीश द्विवेदी उस कमी की भरपाई करते दिख सकते हैं.
अब बात करते हैं डॉ. स्वदेश सिंह की. वह यूपी के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं. भले ही वह दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ा रहे हैं, लेकिन मूल रूप से यूपी का होने के कारण उनका प्रदेश में संपर्क बना रहा है. ऐसे में उन्हें यदि यूपी का ही माना जाए तो गलत नहीं होगा. उनके करीबी बताते हैं कि वह प्रतापगढ़ में चुनाव लड़ने के भी इच्छुक रहे हैं, जो अब तक संभव नहीं हो सका है. अब राष्ट्रीय टीम में उनकी एंट्री के बाद यूपी में भी उनकी सक्रियता देखी जा सकती है. बता दें कि स्वदेश सिंह को राम माधव का भी करीबी माना जाता है, जो टीम में उपाध्यक्ष के तौर पर शामिल किए गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं