भाजपा अध्यक्ष नितिन अपने दो दिनों के जम्मू-कश्मीर दौरे से बीच में ही वापस लौट रहे हैं. उन्होंने सोमवार को कुछ बैठकों में हिस्सा लिया था और मंगलवार को वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले थे. माता वैष्णो देवी के दर्शन से पहले ही वह दिल्ली वापस लौट रहे हैं. पार्टी के एक नेता ने बताया कि कुछ आधिकारिक जिम्मेदारियों के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा है. वह भाजपा अध्यक्ष के तौर पर पहली बार सोमवार को जम्मू पहुंचे थे. यहां उन्होंने कई बैठकों में हिस्सा लिया था और आरएसएस के ऑफिस भी पहुंचे थे. उन्होंने करीब डेढ़ घंटों की एक मीटिंग भी की थी, जिसमें भाजपा के मौजूदा और पूर्व विधायकों के साथ मीटिंग की थी.
यह मीटिंग भाजपा के त्रिकुटा नगर स्थित प्रदेश मुख्यालय में हुई थी. इसके बाद उन्हें माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाना था, लेकिन उनकी यात्रा का प्लान बदल गया. अब वह दिल्ली वापस लौट रहे हैं. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक आरएस पठानिया ने यह जानकारी दी. भाजपा की ओर से नितिन नवीन के कार्य़क्रम में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है. लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा कि उनकी कुछ मीटिंग थीं और इसके कारण उन्हें तत्काल दिल्ली लौटना पड़ा है. पठानिया ने कहा कि जम्मू दौरे पर नितिन नवीन ने भाजपा के कुछ मौजूदा और पूर्व विधायकों से मुलाकात की. इस दौरान कई मसलों पर चर्चा की गई.
पठानिया ने कहा, 'मीटिंग में इस बात पर फोकस किया गया कि आखिर जम्मू-कश्मीर में भाजपा की मौजूदगी को कैसे बढ़ाया जाए. राष्ट्रवादी विचारधारा और भाजपा के प्रति कैसे जनता के भरोसे को मजबूत किया जाए. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा समेत कई मसलों पर बात हुई.' उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पहले संगठन के नेताओं और विधायकों से अलग-अलग मिलने वाले थे. लेकिन जब प्रोग्राम में बदलाव हुआ तो फिर उन्होंने सबको एक ही मीटिंग में बुला लिया. उन्होंने कहा कि इस मीटिंग में ही उन्होंने सभी से सकारात्मक बात की और संदेश दिया. भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष का दौरा मुख्य तौर पर संगठन से जुड़े मसलों पर ही फोकस रहा.
बता दें कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर वह जम्मू पहुंचे थे. मुखर्जी का जम्मू-कश्मीर से गहरा नाता रहा है. उन्होंने आर्टिकल 370 और जम्मू कश्मीर के अलग संविधान को लेकर आंदोलन किया था. इसी दौरान उनका निधन हो गया था. ऐसे में जम्मू-कश्मीर का मसला भाजपा के लिए भावनात्मक विषय रहा है. नितिन नवीन ने इस दौरे में जम्मू के अमफला स्थित केशव भवन का दौरा भी किया. इस दौरान उनकी संघ के कई सीनियर से लोगों मुलाकात भी हुई.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं