विज्ञापन

स्वतंत्र भारद्वाज पर अब SC-ST एक्ट भी लगा, 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा; निशु आजाद ने क्या बताया

निशु आजाद ने बताया, 'पुलिस अधिकारियों ने हमें सहयोग किया है. उनका कहना है कि 72 घंटे के अंदर स्वतंत्र को अरेस्ट करेंगे.'

स्वतंत्र भारद्वाज पर अब SC-ST एक्ट भी लगा, 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा; निशु आजाद ने क्या बताया
  • जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ मारपीट हुई थी
  • आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने वीडियो में स्वीकार किया कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान संजय आजाद को पीटा था
  • निशु आजाद दलित समुदाय से हैं और इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज पर एससी-एसटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज है
नई दिल्ली:

जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान 15 साल की लड़की निशु आजाद के पिता संजय आजाद की पिटाई का मामला सामने आया था. इस बारे में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद ही एक वीडियो में दावा किया था कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान एक लड़की के पिता की पिटाई की थी और वह बेसुध हो गए थे. यह मामला 23 जून का बताया जा रहा है. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान संजय अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे. इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लड़कों से उनकी बहस हो गई. आरोप है कि विवाद होने पर संजय के साथ मारपीट की वारदात हुई. उन्हें घेरकर मारा गया. इस दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट आई. 

इसके बाद पुलिस हरकत में आई थी और स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया गया था. उसका कहना था कि कपिल मिश्रा का फोन आया था और वह बड़े भाई के जैसे हैं. उसने चिराग पासवान का नाम भी लिया. 23 जून का यह विवाद फिर से उभरा है. स्वतंत्र के वीडियो के बाद निशु आजाद ने फिर से मामले को उठाया और विपक्षी नेताओं से मदद की मांग की. इसके बाद शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पर चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ पहुंचे. इसके अलावा कॉकरोच पार्टी से जुड़े कई लोग भी थाने गए. इस दौरान पुलिस से लंबी खींचतान के बाद 72 घंटे में स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी का भरोसा मिला है. 

Latest and Breaking News on NDTV

निशु आजाद दलित समुदाय से आती है. ऐसे में इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ एससी-एसटी एक्स के तहत भी केस दर्ज हुआ है. अब एफआईआर में यह नई धारा भी जुड़ गई है. स्वतंत्र भारद्वाज ने इस बीच नया बयान दिया है और सफाई दी कि जो कुछ भी हुआ था, वह आत्मरक्षा में था. उनका कहना था कि वहां ब्राह्मणों के खिलाफ काफी चीजें कही गई थीं. इसी पर मुझे गुस्सा आया था और मेरे ऊपर ही वहां हमला होने की स्थिति थी. इसी को लेकर मैंने आत्मरक्षा की कोशिश की थी और मेरे हाथ में एक कड़ा था, जो निशु आजाद के पिता संजय के सिर पर लगा था. 

भारद्वाज ने बदला अपना बयान, बोले- भगवान भी जान रहा कि मैं गलत नहीं

स्वतंत्र भारद्वाज ने कहा कि भगवान भी जान रहा है कि मैं गलत नहीं हूं. इसीलिए शायद मैं हत्या के प्रयास वाले मुकदमे से भी बच गया. स्वतंत्र भारद्वाज ने कहा कि मैंने चिराग पासवान, कपिल मिश्रा को अपना बड़ा भाई बताया था. यह इस बात पर था कि कुछ लोग कह रहे थे कि कपिल मिश्रा के फोन पर मुझे छोड़ा गया था. इसी को लेकर मैंने कहा था कि यदि किसी को ऐसा लगता है तो कपिल मिश्रा मेरे बड़े भाई हैं. 

दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर में डाला डेरा, गिरफ्तारी की पूरी तैयारी

संसद मार्ग थाने से निकलने के बाद निशु आजाद ने बताया, 'पुलिस अधिकारियों ने हमें सहयोग किया है. उनका कहना है कि 72 घंटे के अंदर स्वतंत्र को अरेस्ट करेंगे. उनका कहना है कि हम एक्शन लेंगे और कार्रवाई को आगे बढ़ाएंगे.' इस दौरान निशु भावुक हो गईं और चंद्रशेखर आजाद उन्हें संभालते नजर आए. इस बीच जानकारी मिली है कि यूपी के बुलंदशहर जिले में दिल्ली पुलिस की टीमें मौजूद है. स्वतंत्र भारद्वाज को जल्द हिरासत में लिया जा सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, India News, India News Hindi, India News In Hindi, Delhi Police News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com