विज्ञापन

जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट में भड़की हिंसा का नया VIDEO, ACP को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन बीती रात फिर से हिंसक हो उठा. प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने पुलिस अधिकारियों पर हमला कर दिया. जिसका वीडियो अब सामने आया है. वीडियो में पुलिस पर भीड़ हमला करती दिख रही है.

जंतर-मंतर पर पुलिस पर हमला करती भीड़.
NDTV
  • जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में पुलिस अधिकारी और प्रदर्शनकारी घायल हुए.
  • एसीपी विवेक भगत को भीड़ ने बुरी तरह पीटा, उन्हें RML अस्पताल में गंभीर चोटों के साथ भर्ती कराया गया था.
  • विवेक भगत को सिर, हाथ, पैर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, बाद में उन्होंने AIIMS में इलाज कराने की इच्छा जताई.
नई दिल्ली:

जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच भड़की हिंसा में कई लोग घायल हो गए. घायलों में पुलिस के अधिकारी भी शामिल हैं और प्रदर्शनकारी भी. बुधवार रात जंतर-मंतर के पास एक बार फिर से हिंसा भड़की. जिसमें प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी ACP को खदेड़ कर पीटते नजर आ रहे हैं. प्रदर्शन के बीच भड़की इस हिंसा के शिकार हुए ACP की पहचान विवेक भगत के रूप में हुई है. वीडियो में कई प्रदर्शनकारी विवेक भगत पर बुरी तरह से हमला करते नजर आ रहे हैं.    

ACP विवेक भगत को आई काफी चोट

हमले में घायल हुए ACP विवेक भगत को इलाज के लिए RML हॉस्पिटल लाया गया. हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया कि रात में विवेक भगत को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया था.  जांच में उनके हाथ-पैर और कंधे पर कई चोटों के निशान पाए गए. एसीपी के सिर के पीछे (पैरिएटो-ऑक्सिपिटल हिस्से) में सूजन भी मिली है. 

AIIMS में ACP विवेक भगत का इलाज

एसीपी ने कान से खून आने और उल्टी होने की भी शिकायत बताई. सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने उनकी जांच की और जरूरी इलाज दिया.इसके बाद एसीपी विवेक भगत ने AIIMS, नई दिल्ली में आगे इलाज कराने की इच्छा जताई. आवश्यक मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें उनके अनुरोध पर RML अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, ताकि वे AIIMS में आगे इलाज करा सकें.

CCTV में कैद हुआ हमले का वीडियो

जनपथ स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में उपद्रवियों को भारी पथराव करते और पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर भागते देखा जा सकता है. इस हिंसा में होटल पार्क के सामने सीपी के एसीपी विवेक भगत को बुरी तरह पीटा गया, जिन्हें लहूलुहान अवस्था में वहां से निकाला गया.

भीड़ के हमले का शिकार हुए दूसरे अधिकारी की पहचान स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर वूमेन एंड चिल्ड्रन में तैनात इंस्पेक्टर नंदकिशोर के रूप में हुई है. जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर उनके साथ बर्बरता से मारपीट की.

बताया गया कि विवेक भगत होटल पार्क के पास ड्यूटी पर थे. तभी अचानक कुछ लोग उन पर टूट पड़े. दूसरा वीडियो इंस्पेक्टर नंद किशोर का है. ये भी जंतर-मंतर में ड्यूटी पर थे. उसी दौरान उग्र भीड़ ने इन पर हमला किया. 

पुलिस के मुताबिक छात्रों के आंदोलन में कई असामाजिक तत्व भी आ गए हैं, जो लगातार छात्रों की आड़ में हिंसा पर उतारू हैं. 20 जुलाई को भी कई ऐसे लड़के थे, जिन्होंने हिंसा की. 

यह भी पढ़ें - LIVE : जंतर-मंतर पर एक बार फिर आमने-सामने आए पुलिस और प्रदर्शनकारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jantar Mantar, Jantar Mantar Cjp Protest, Attack On Police, CJP Protest Delhi, Jantar Mantar Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com