NDTV के CEO और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल को 'IAA मीडिया पर्सन ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. इस खास मौके पर सीनियर जर्नलिस्ट ने कंटेंट के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दबदबे के बीच भरोसे की बढ़ती अहमियत पर जोर दिया. एनडीटीवी सीईओ ने इस खास सम्मान को अपनी जर्नी के लिए एक और ऊंचा पड़ाव और पहचान को प्रोत्साहित करने वाला बताया.
राहुल कंवल को मिला 'IAA मीडिया पर्सन ऑफ द ईयर' अवॉर्ड
राहुल ने NDTV की विरासत का श्रेय उन पीढ़ियों के पत्रकारों, कैमरामैन और दूसरे कर्मचारियों को दिया, जिन्होंने इस न्यूज नेटवर्क को देश के जाने-माने मीडिया ब्रांड्स में से एक बनाया. उन्होंने कहा, 'सबसे जरूरी बात गोल नहीं, बल्कि दर्शकों का भरोसा है. मेरे लिए बस यही मायने रखता है. हमारा काम विरासत में मिले भरोसे के सहारे बैठे रहना नहीं, बल्कि हर दिन उसके लिए बार-बार मेहनत करना है.'
राहुल कंवल ने कहा कि AI जनरेटेड और सिंथेटिक कंटेंट के बढ़ने से न्यूज ऑर्गनाइजेशन के लिए विश्वसनीयता पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गई है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता को सनसनीखेज बातों और सिंपल नैरेटिव से परे आगे बढ़ना चाहिए.
'पत्रकारिता का मकसद दर्शकों को सशक्त बनाना है'
उन्होंने कहा, 'हमारी जिम्मेदारी है कि हम जटिल मुद्दों की गहराई को समझें, लोगों की अलग-अलग राय को सामने लाएं, सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछें और दर्शकों को ऐसी जानकारी दें जिससे वे खुद अपनी राय बना सकें.' उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता का मकसद दर्शकों की राय बनाना नहीं, बल्कि उन्हें सशक्त बनाना होना चाहिए.
'AI के दौर में भरोसेमंद न्यूज ब्रांड और भी अहम'
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में दर्शकों के बदलते व्यवहार के बारे में भी बात की. राहुल कंवल ने कहा कि जैसे-जैसे AI आजकल जानकारी पाने का मुख्य जरिया बनता जा रहा है, ऐसे में भरोसेमंद न्यूज ब्रांड और भी ज्यादा अहम हो जाता है. उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए न्यूज नेटवर्क पर लगातार भरोसा बनाए रखने और साथ देने के लिए NDTV की पूरी टीम और दर्शकों का शुक्रिया अदा किया.
हंगामा डिजिटल मीडिया के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर और IAA हॉल ऑफ फेम में शामिल नीरज रॉय ने अवॉर्ड मिलने पर राहुल कंवल को बधाई देते हुए कहा कि NDTV सीईओ की कही हुई हर एक बात आज मीडिया इंडस्ट्री के सामने मौजूद चुनौतियों के मुताबिक हैं. नीरज रॉय ने कहा, 'राहुल ने हमारे आस-पास हो रही घटनाओं के बारे में जो कहा, वह बिल्कुल सच है. पत्रकारिता एक संस्था और एक जिम्मेदारी है. मैं राहुल और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं