नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कोचीन जोनल यूनिट ने बेंगलुरु से केरल तक चल रहे एक कोकीन तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है. इस मामले में NCB ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में UAE से ड्रग्स से जुड़े मामलों में सजा काटकर भारत डिपोर्ट किए गए 3 लोग और 2 विदेशी नागरिक शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान कुल 33.1 ग्राम कोकीन बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 16 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है.
NCB को जानकारी मिली थी कि UAE से ड्रग्स से जुड़े मामलों में डिपोर्ट होकर भारत लौटे कुछ लोग फिर से ड्रग तस्करी के नेटवर्क से जुड़ गए हैं. एजेंसी इन लोगों की गतिविधियों और उनके संपर्कों पर नजर रख रही थी. जांच में सामने आया कि इन लोगों के तार बेंगलुरु और केरल के बीच चल रहे कोकीन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए हैं.
NCB ने 10 सितंबर 2026 को केरल के कोझिकोड स्थित फरोके रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की. यहां कपूरथला, पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह, कोझिकोड के बेपोर के रहने वाले हमदान अहमद और अरक्किनार, कोझिकोड के रहने वाले अफलाह पी. को पकड़ा गया. इनके कब्जे से 8.12 ग्राम कोकीन बरामद हुई. शुरुआती पूछताछ में पता चला कि यह कोकीन बेंगलुरु से लाई गई थी. इसके बाद NCB ने आरोपियों से पूछताछ और नेटवर्क की कड़ियों की जांच को आगे बढ़ाया.
पूछताछ में DJ सिद्धार्थ डामोर का नाम सामने आया
जांच के दौरान NCB को सिद्धार्थ डामोर की भूमिका के बारे में जानकारी मिली. उसे 10 सितंबर को तिरुवनंतपुरम से कोझिकोड जा रहे समय रोका गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.
NCB के मुताबिक, सिद्धार्थ डामोर केरल के पार्टी सर्किट से जुड़ा एक उभरता हुआ DJ है और तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के ऊटी में एक रिजॉर्ट भी चलाता है. सिद्धार्थ से आगे की पूछताछ में जांच एजेंसी को अरुण राजकुमार के बारे में जानकारी मिली, जिसे इस नेटवर्क में अहम कड़ी बताया गया है. NCB के मुताबिक अरुण राजकुमार बेंगलुरु में रहने वाला तमिल मूल का व्यक्ति है और IT सेक्टर में काम करता है. जांच में आरोप है कि वह कुछ विदेशी नागरिकों से कोकीन हासिल करता था और फिर इसे दूसरे पेडलर्स और ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद करता था.
16 ग्राम कोकीन बरामद की गई
सिद्धार्थ डामोर और अरुण राजकुमार से पूछताछ के बाद NCB को इस नेटवर्क में दो विदेशी नागरिकों की भूमिका का पता चला.NCB ने 12 और 13 सितंबर 2026 को बेंगलुरु में कार्रवाई कर दो विदेशी नागरिकों को पकड़ा. पहली आरोपी चिजोबा हेलेन एंथनी उर्फ सोनिया नाइजीरिया की नागरिक है. NCB के मुताबिक, वह मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आई थी और पिछले करीब 10 साल से वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद भारत में रह रही थी. उसके पास से 16 ग्राम कोकीन बरामद की गई.
दूसरा आरोपी मुफुकरे विट्टालिस ताडिस्वानाशे जिम्बाब्वे का नागरिक है. वह स्टूडेंट वीजा पर भारत आया था और NCB के मुताबिक पिछले करीब दो साल से भारत में ओवरस्टे कर रहा था. उसके कब्जे से 8.98 ग्राम कोकीन बरामद हुई. जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है. NCB के मुताबिक, सिद्धार्थ डामोर, हमदान अहमद और अफलाह पी. पहले UAE में ड्रग्स से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए जा चुके हैं और वहां जेल में सजा काट चुके हैं. इसके बाद उन्हें भारत डिपोर्ट किया गया था.
NCB के अनुसार, UAE में जेल में रहने के दौरान अफलाह, गुरप्रीत और सिद्धार्थ एक-दूसरे के संपर्क में आए थे. भारत लौटने के बाद इन लोगों ने कथित तौर पर ड्रग्स की तस्करी का एक मजबूत नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश की. NCB अब इस नेटवर्क की बाकी कड़ियों का पता लगाने में जुटी है. एजेंसी यह पता कर रही है कि कोकीन की सप्लाई कहां से होती थी, बेंगलुरु में विदेशी सप्लायर कौन थे और केरल में इसे किन पेडलर्स और ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था. NCB का कहना है कि नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि इस पूरी सप्लाई चेन से जुड़े बाकी लोगों की पहचान की जा सके और नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके.
ये भी पढ़ें : कल भारत को मिलेगी आसमान की 'त्रिशक्ति', HAL सौंपेगा तेजस ट्रेनर, HTT-40 और ध्रुव NG हेलीकॉप्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं