मंगलवार, 22 सितंबर को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मशहूर फिल्म स्टार्स को इशारों-इशारों में बड़ा मैसेज दे दिया. उन्होंने कहा, "आप जिन चीजो का प्रचार करते हैं, उन्हें लेकर सावधान रहें." गुजरात के एकता नगर में अवॉर्ड सेरेमनी में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटीज का बच्चों और युवाओं पर काफी असर होता है, इसलिए उन्हें ऐसे प्रोडक्ट्स को प्रमोट करने के लिए उस असर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जो उनकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं.
सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट पर द्रौपदी मुर्मू...
राष्ट्रपति ने कहा कि फिल्मी सितारे अपने फैन्स, खासकर युवा दर्शकों की पसंद और आदतों पर गहरा असर डाल सकते हैं.
द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "जब सफल कलाकार अनुशासित लाइफस्टाइल के फायदों के बारे में बात करते हैं, तो लाखों बच्चे और युवा उनको फॉलो करते हैं. मैं लोकप्रिय कलाकारों से गुजारिश करती हूं कि वे ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार न करें, जो लोगों की सेहत के लिए हानिकारक हों. स्टार वही है, जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं."
मैं यह अनुरोध करना चाहूंगी कि लोकप्रिय कलाकार स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का endorsement न करें। Star वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं। pic.twitter.com/5VPwBxK4Y2
— President of India (@rashtrapatibhvn) September 22, 2026
इंडियन सिनेमा पर क्या बोलीं द्रौपदी मुर्मू?
भारतीय सिनेमा के बारे में बात करते हुए, मुर्मू ने कहा कि देश भर में बन रही फिल्मों की क्वालिटी ने उन्हें इंडस्ट्री के भविष्य के प्रति भरोसा दिलाया है. राष्ट्रपति ने कहा, "देश में बन रही बेहतरीन फिल्मों के बारे में जानकर मेरा यह भरोसा और मजबूत हुआ है कि हमारी फिल्में क्वालिटी के मामले में वर्ल्ड-क्लास बेंचमार्क सेट करेंगी. मैं आप सभी और फिल्म इंडस्ट्री के सुनहरे भविष्य की कामना करती हूं."
उन्होंने भारत की क्रिएटिव इकॉनमी में लोकप्रिय फिल्म कलाकारों की भूमिका और बड़ी तादाद में दर्शकों तक पहुंचने की उनकी क्षमता पर भी जोर दिया.
इस समारोह में कन्नड़ फिल्मों के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान, दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
वहीं, यामी गौतम ने 'आर्टिकल 370' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार जीता. ममूटी और कार्तिक आर्यन को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर का पुरस्कार दिया गया.
ये भी पढ़ें: स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में लगा सितारों का मेला, ग्रहण किया 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं