विज्ञापन

अंतरिक्ष से दिखा हरे रंग का 'जादू'! 'भारत के बेटे' ने स्पेस से शेयर किया 'ऑरोरा' का शानदार VIDEO

भारतीय मूल के NASA एस्ट्रोनॉट अनिल मेनन ने ISS से ऑरोरा का शानदार वीडियो शेयर किया है. पृथ्वी के ऊपर हरी रोशनी की लहरें दिखाई दीं, जिन्हें अंतरिक्ष से कैमरे में कैद किया गया.

अंतरिक्ष से दिखा हरे रंग का 'जादू'! 'भारत के बेटे' ने स्पेस से शेयर किया 'ऑरोरा' का शानदार VIDEO
NASA एस्ट्रोनॉट ने किया शेयर
NDTV

अंतरिक्ष में अनगिनत रहस्य छिपे हुए हैं. दुनियाभर के वैज्ञानिक इन रहस्यों से पर्दा उठाने की कोशिश कर रहे हैं. अंतरिक्ष में वैज्ञानिकों ने कई रॉकेट और सैटेलाइट भेजे हैं. एक स्पेस स्टेशन भी बनाया है, जहां वैज्ञानिक रहते हैं और अंतरिक्ष पर रिसर्च करते हैं. भारतीय मूल के NASA के वैज्ञानिक अनिल मेनन भी इस समय इसी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर हैं. मेनन ने वहां से एक ऐसे अनोखे नजारे का वीडियो भेजा है, जिसकी दुनियाभर में चर्चा हो रही है. दरअसल उन्होंने एक खास वैज्ञानिक घटना 'ऑरोरा' (Aurora) का वीडियो शेयर किया है. आखिर ये क्या होता है? आइए बताते हैं.

वायरल वीडियो में पृथ्वी के ऊपर हरे रंग की लहरें जैसी दिखाई दे रही हैं. इसे वैज्ञानिक भाषा में ऑरोरा कहा जाता है. अनिल मेनन ने इस जादुई पल को कैमरे में कैद किया और अपने अनुभव को शब्दों में बयां करते हुए लिखा, 'मैं यह नजारा कभी नहीं भूलूंगा. आज रात मैंने अंतरिक्ष से अपना पहला 'ऑरोरा' देखा. अच्छी बात यह है कि इसे याद रखने के लिए मेरे पास एक वीडियो है, जिसमें यह बहुत अच्छे से कैद हुआ है.'

पृथ्वी के ऊपर क्यों दिखा यह अनोखा नजारा?

NASA के एस्ट्रोनॉट ने इस अनोखी वैज्ञानिक घटना की वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि आज रात सोलर एक्टिविटी तेज होने की वजह से KP इंडेक्स 5 से ज्यादा था. इस कारण ऑस्ट्रेलिया के ऊपर का पूरा आसमान हरी रोशनियों से जगमगा उठा. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरे रंग की चमकीली रोशनी हवा में किसी सांप की तरह लहराती हुई बेहद खूबसूरत लग रही है.

आखिर क्या होता है 'ऑरोरा'?

आसान शब्दों में कहें तो 'ऑरोरा' आसमान में दिखने वाली रंग-बिरंगी रोशनी की एक प्राकृतिक आतिशबाजी जैसा है. यह एक खास वैज्ञानिक घटना है. सूर्य से लगातार चार्ज्ड पार्टिकल और सौर हवाएं अंतरिक्ष में बहती रहती हैं. जब ये पार्टिकल पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र और वायुमंडल के संपर्क में आते हैं, तो वायुमंडल में मौजूद ऑक्सीजन और नाइट्रोजन जैसी गैसों से टकराकर चमक पैदा करते हैं.

ऑरोरा का रंग कैसा होता है हरा?

जब सौर कण पृथ्वी के वायुमंडल में मौजूद ऑक्सीजन से टकराते हैं, तो हरे और लाल रंग की रोशनी पैदा होती है. चूंकि नाइट्रोजन से टकराव पर नीली या बैंगनी रोशनी बनती है, इसलिए यहां मुख्य रूप से हरा रंग दिखाई दे रहा है. कई बार ऑरोरा बैगनी रंग का भी दिखता है.

क्या होता है KP इंडेक्स?

KP इंडेक्स भू-चुंबकीय तूफान नापने का एक पैमाना है. यह 0 से 9 के पैमाने पर मापा जाता है. जब यह 5 या उससे ऊपर पहुंचता है, तो इसका मतलब है कि सोलर एक्टिविटी बहुत मजबूत है, जिससे ऑरोरा का नजारा बहुत साफ और चमकीला दिखाई देता है.

कौन हैं अनिल मेनन?

अनिल मेनन भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं, जिन्हें नासा ने अपने खास अंतरिक्ष मिशनों के लिए चुना है. वे एस्ट्रोनॉट होने के साथ-साथ इमरजेंसी मेडिसिन डॉक्टर भी हैं. उन्होंने स्पेसएक्स के पहले इंसानी मिशनों के दौरान मेडिकल डायरेक्टर के रूप में भी काम किया है. अनिल मेनन मूल रूप से केरल के हैं.

यह भी पढ़ें: दुश्मन के ठिकाने होंगे तबाह, 10 किलो की 'मिनी मिसाइल' से बढ़ेगी भारत की ताकत! DRDO बना रहा खास हथियार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ISS, Anil Menon, Anil Menon Astronauts Palakkad, Anil Menon NASA, Anil Menon Space Mission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com