मेरठ के बहुचर्चित ‘नीले ड्रम' हत्याकांड में आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी अपने प्रेमी साहिल शुक्ला और छह माह की बच्ची के साथ कोर्ट में पेश हुई. पेशी के दौरान कोर्ट परिसर कड़ी सुरक्षा के बीच छावनी में तब्दील रहा. वहीं, मृतक सौरभ राजपूत की मां रेनू देवी अदालत में बिलख पड़ीं. उनका दर्द कैमरे में कैद हुआ और वीडियो तेजी से वायरल हो गया.
रेनू देवी रोते हुए बार‑बार कहती दिखीं, 'मेरे बेटे को मार डाला… हर महीने पचास हजार देता था. हत्यारों को फांसी होनी चाहिए.' उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान के परिवार के लोग भी इस मामले में शामिल हैं, लेकिन पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं कर रही.

कोर्ट में पेश हुई मुस्कान
व्हाइट टी‑शर्ट और कैप में साहिल तथा चेहरे पर काला मास्क लगाए मुस्कान पुलिस वाहन से उतरे. मुस्कान की गोद में छह माह की दूधमुंही बच्ची थी. दोनों को कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया गया. कोर्ट में आरोपों के आधार पर 32‑32 सवाल पूछे गए. साहिल ने अपने पक्ष में गवाह पेश करने की अनुमति मांगी. मुस्कान ने आरोपों से इनकार किया.
यह भी पढ़ें- TCS मामले में नया खुलासा, पीड़िता ने मैनेजमेंट से की शिकायत, तो ऑपरेशन हेड ने कहा- 'क्यों हाईलाइट होना है, जाने दो'
पीड़ित परिवार का छलका दर्द
पेशी के वक्त सौरभ की मां रेनू देवी और भाई राहुल भी कोर्ट पहुंचे. जैसे ही आरोपी सामने आए, मां की चीखों से माहौल गमगीन हो गया. मां ने आरोपियों को फांसी देने की मांग दोहराई और कहा कि उनके बेटे की निर्मम हत्या की गई.
क्या है पूरा मामला?
यह हत्याकांड 3 मार्च 2025 को मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में सामने आया था. आरोप है कि मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की हत्या की, शव के टुकड़े किए और नीले ड्रम में भरकर सील कर दिया. पुलिस ने 19 मार्च 2025 को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा.
बता दें कि मुस्कान ने जेल में ही करीब छह माह पहले बेटी को जन्म दिया था. अब तक पेशियां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हो रही थीं, लेकिन इस बार दोनों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश किया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं