मुंबई के कई इलाकों में 29 जुलाई तक पानी की सप्लाई में कटौती देखने को मिल सकती है. यह कटौती करीब 15% तक हो सकती है. दरअसल, BM द्वारा *पांजरापूर मुंबई-3 पंपिंग स्टेशन पर मरम्मत और उपकरण बदलने का काम किया जा रहा है.
पानी में कटौती का कारण?
BMC के जल विभाग ने जानकारी दी है कि पंपिंग स्टेशन पर लगे पुराने हाई टेंशन कंट्रोल पैनल हटाकर उनकी जगह नए, आधुनिक और ज्यादा बेहतर पैनल लगाए जा रहे हैं. यह काम 28 जुलाई सुबह 9 बजे से शुरू हो चुका है, जो 29 जुलाई सुबह 5 बजे तक चलेगा. यानी यह काम करीब 20 घंटे तक जारी रहेगा.
बताया जा रहा है कि 10 पुराने कंट्रोल पैनलों में से पहले चरण में 4 पैनल बदले जाएंगे. काम पूरी तरह सुरक्षित तरीके से हो, इसलिए मुंबई-3 पंपिंग स्टेशन को करीब 20 घंटे के लिए बंद रखना पड़ेगा.
कौन-कौन से इलाके प्रभावित?
पंपिंग स्टेशन बंद रहने की वजह से पांजरापूर से भांडुप वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी की सप्लाई भी बंद रहेगी. इसी कारण मुंबई शहर, पश्चिमी उपनगर और पूर्वी उपनगर के कुछ इलाकों में करीब 15% पानी की सप्लाई कम रह सकती है.BMC ने लोगों से अपील की है कि वे सोच-समझकर पानी का इस्तेमाल करें और नगर निगम का पूरा सहयोग करें.
मुंबई के लिए राहत की खबर
मुंबई वालों के लिए राहत की बात यह है कि शहर के सातों जलाशयों में पानी का भंडार लगातार बढ़ रहा है. फिलहाल जलाशयों में 88.40% पानी भर चुका है. मोदक सागर, विहार और तुलसी झील पूरी तरह भर चुकी हैं और इनमें से पानी भी बहने लगा है. इसके अलावा भातसा, अपर वैतरणा, मिडिल वैतरणा और तानसा जलाशयों में भी अच्छी मात्रा में पानी है.
ये भी पढ़ें- हर घर तक पहुंचेगा नल से जल
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब BMC को किसी वजह से पानी की सप्लाई में कटौती करनी पड़ी हो. इससे पहले भी मरम्मत और रखरखाव के काम के कारण कई बार ऐसे फैसले लिए जा चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं