- दिल्ली में प्री-मॉनसून बारिश शुरू होने से पिछले पांच-छह दिनों की भीषण गर्मी और उमस में राहत मिली है
- मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में मॉनसून की बारिश शुरू होने की संभावना
- दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है
दिल्ली में आखिरकार राहत की बूंदे गिरनी शुरू हो गई हैं, जिससे पिछले 5-6 दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है. सुबह के 8 बजे हैं और दिल्ली के आसमान पर काले बादल छाने की वजह से अंधेरा हो गया है. दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है. मौसम विभाग की मानें तो यह प्री-मॉनसून की बारिश है. मॉनसून अगले 2-3 दिनों में दिल्ली, नोएडा और गुरुगाम में दस्तक दे सकता है. हालांकि, प्री-मानसून की बारिश ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना कर दिया है. आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही बारिश का दौर बना रहेगा.
#WATCH | Delhi | Rain lashes parts of the national capital, bringing respite from heat.
— ANI (@ANI) July 2, 2026
(Visuals from Mahatma Gandhi Marg) pic.twitter.com/lZCkT3MKkZ
नोएडा, गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में इस समझा झमाझम बारिश हो रहा है. इसकी वजह से तापमान में तेजी से गिरावट आई है. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है.

दिल्ली के लिए IMD का येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग ने इलाके में बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है, जो मॉनसून के आने का संकेत है. आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से 34.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की भीषण गर्मी से काफी कम था.
आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, साथ ही हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी, जिससे इस हफ्ते की शुरुआत में बने मौसम के हालात से और राहत मिलेगी. आने वाले दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर भारत के कई हिस्सों में और आगे बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पूरे इलाके में भारी बारिश की संभावना बढ़ जाएगी.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली NCR में आंधी, तूफान और बारिश, यूपी-बिहार से राजस्थान तक मॉनसून की गुड न्यूज, मुंबई में रेड अलर्ट

दिल्ली में कब आएगा मॉनसून?
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौसमी सिस्टम मजबूत हो रहा है और इससे कई उत्तरी राज्यों में मौसम के पैटर्न पर असर पड़ने की संभावना है. उत्तराखंड में, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बुधवार को पूरे राज्य में फैल गया और भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अलर्ट में देहरादून सहित पांच जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है, जिससे संवेदनशील इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य दिक्कतें होने की संभावना है. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मॉनसून मंगलवार को उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच गया और बुधवार तक पूरे राज्य में फैल गया. मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 3 या 4 जुलाई को मॉनसून पहुंच सकता है. इसके बाद से तापमान में काफी गिरावट आ जाएगी.
ये भी पढ़ें:- मॉनसून पर सूखे का साया! जून में बारिश 50 से 92% तक कम, महाराष्ट्र-गुजरात से यूपी-दिल्ली तक बुरा हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं