विज्ञापन

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, 38% से घटकर 17% रह गई बारिश की कमी, दिल्ली समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश

देशभर में मॉनसून की गतिविधियां तेज होने से बारिश की कमी में बड़ा सुधार हुआ है. 1 जुलाई को 38% की कमी घटकर 7 जुलाई तक 17% रह गई.

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, 38% से घटकर 17% रह गई बारिश की कमी, दिल्ली समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश
Monsoon Update: मॉनसून पर आई गुड न्यूज
IANS

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में मंगलवार को तेज बारिश हुई. मॉनसून की दस्तक के बाद दिल्ली में इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया है. दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात से लेकर मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में अच्छी बारिश हुई. इसकी वजह से 1 जून से 7 जुलाई के बीच देश में बारिश की कमी घटकर 17% हो गई है.

बारिश की स्थिति में सुधार

सिर्फ 6 दिन पहले 01 जुलाई तक देश में मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ने की वजह से बारिश औसत से 38% कम रिकॉर्ड की गई थी. यानी मॉनसून की स्थिति में सुधार से बारिश की कमी 6 दिन के अंदर 38% से घटकर 17% रह गई है.

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार को तेज बारिश हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से जूझ रहे आम लोगों ने काफी राहत महसूस की. इसकी वजह से इस सीजन के दौरान दिल्ली में बारिश की कमी 47% से घटकर 27% रह गई है.

मॉनसून की बारिश ने पकड़ी रफ्तार

मॉनसून की बारिश ने पकड़ी रफ्तार
Photo Credit: IMD

दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश (सुबह 8.30 से दोपहर 2.30 बजे तक)

  • नजफगढ़  - 76 mm
  • पूसा -  37 mm
  • गुरुग्राम - 26 mm
  • नारायणा - 17 mm
  • गाजियाबाद - 16 mm
  • जनकपुरी - 15 mm

क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग के मुताबिक, "आज 7 जुलाई 2026 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात के बाकी हिस्सों और राजस्थान व हरियाणा के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ गया है. अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों और फिर पूरे देश में आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं. 8 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, 7 जुलाई को कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और कर्नाटक में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर भारत में बारिश की गतिविधि बढ़ने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है."

कहां तक पहुंचा मॉनसून

कहां तक पहुंचा मॉनसून
Photo Credit: IMD

सीजन में पहली बार औसत से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग की मंगलवार को जारी स्पेशल डेली वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से 7 जुलाई के बीच मध्य भारत के राज्यों में पहली बार  बारिश औसत से 1% ज्यादा रिकॉर्ड की गई है. 6 जुलाई तक मध्य भारत के राज्यों में बारिश की कमी 5% थी.

इस सीजन के दौरान ओडिशा में औसत से 20% ज्यादा, पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 21% ज्यादा और पूर्वी राजस्थान में औसत से 9% ज्यादा बारिश हुई. हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की कमी अभी भी 19% बनी  हुई है, जबकि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की कमी 15% है. पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश की कमी सबसे ज्यादा 39% है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा से लेकर राजस्थान तक भारी बारिश, मॉनसून खूब बरसेगा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon, Monsoon Update, Monsoon Update 2026, Monsoon Update In Delhi, Monsoon Update Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com