विज्ञापन

पेड़ गिरे, सड़कें जाम, जलभराव... जिस बारिश का कर रहे थे इंतजार, उसने दिल्ली-NCR में मचा दी आफत

Delhi-NCR Rain Traffic Jam: दिल्ली-एनसीआर में सीजन की पहली भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. कई इलाकों में जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Delhi-NCR Rain: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में हाल बेहाल
PTI
  • राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव से गलियां और दुकानों के अंदर पानी भर गया
  • नोएडा के सेक्टर 94 में बारिश के बाद भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिसमें स्कूल बसें और भारी वाहन फंसे रहे
  • गुरुग्राम में भी झमाझम बारिश के कारण कई रास्तों में जलभराव हुआ और वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई

दिल्ली-एनसीआर के लोग कई दिनों से मॉनसून की बारिश का इंतजार कर रहे थे, आज वही बारिश आफत बनकर बरसी. महज कुछ घंटे की तेज बारिश ने राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर की रफ्तार थाम दी. सड़कें पानी में डूब गईं, जगह-जगह लंबा जाम लग गया, स्कूल बसें फंस गईं और दफ्तर जाने वाले लोग घंटों सड़कों पर अटके रहे. ऐसा बिल्कुल नहीं था कि बारिश अचानक हुई हो. मौसम विभाग ने पहले से ही बारिश का अलर्ट जारी किया था.  लेकिन सीजन की पहली ही जोरदार बारिश ने दिल्ली-एनसीआर के इंफ्रास्ट्रक्चर और तैयारियों की पोल खोलकर रख दी. जहां सामान्य दिनों में कुछ मिनटों का सफर होता है, वहां लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी.

दिल्ली की गलियों और दुकानों में भरा पानी

सीजन की पहली बारिश के बाद राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया. गलियों जलमग्न हो गईं. दुकानों और घरों में पानी भर गया. सदर बाजार में तेलीवाड़ा के महावीर बाजार में बारिश शुरू होने के 10 मिनट में ही गलियां जलमग्न हो गईं. यहां दुकानों के अंदर पानी भर गया.

वहीं दिल्ली के ईस्ट कैलाश इलाके में आंधी बारिश के बाद सड़क किनारे लगा पेड़ गिर गया और ट्रैफिक बाधित हो गया.

महरौली-दिल्ली रोड पर बारिश के बाद हालात काफी बदतर हो गए. सड़क किनारे सीवर का कचरा जमा हो गया. पूरे रोड पर जलभराव हो गया. यहां से निकलना भी मुश्किल हो गया.

नोएडा की सड़कों पर लंबा जाम

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा में बारिश के बाद सड़कों का बुरा हाल हो गया. शहर के सेक्टर 94 में कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला. इस जाम में स्कूल बसों से लेकर भारी ट्रक, कारें और बाइक फंसी हुई नजर आईं. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन भी ट्रैफिक जाम और जलभराव देखने को मिला.

नोएडा सेक्टर 94 पर बारिश के बाद लगा भीषण जाम

नोएडा सेक्टर 94 पर बारिश के बाद लगा भीषण जाम
Photo Credit: NDTV

इसके अलावा सेक्टर 62 के लेबर चौक में भी जलभराव देखने को मिला. यहां भी ट्रैफिक धीमा रहा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.


गुरुग्राम हर साल की तरह हो गया चोक

गुरुग्राम में आज झमाझम बारिश हुई. बारिश के बाद शहर के कई रास्तों और इलाकों में जलभराव देखने को मिला.अंडरपास तालाब बन गए और वाहन रेंगते नजर आए. द बर्मन नाम के एक्स यूजर ने गुरुग्राम ट्रैफिक जाम की कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, 'गुरुग्राम का बुरा हाल है, बस 2 घंटे की बारिश हुई है और यह गोल्फ कोर्स रोड है. पास ही सनसिटी, कैमेलियास, जापानी सोसाइटी, प्रिंस्टन, वन होराइजन, IBIS और साउथ पॉइंट मॉल हैं. सड़क के बीचों-बीच एक गड्ढे में स्कूल बस और एक ऑटो गिर गए हैं.'

गुरुग्राम के सिविल लाइंस इलाके में भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया. इस दौरान कुछ एक कार गड्ढे में फंस गई. एक अन्य यूजर ने गुरुग्राम के सेक्टर 70A,67 ट्यूलिप चौक के कुछ तस्वीरें और वीडियोज शेयर किए. उन्होंने लिखा, 'गुरुग्राम, यानी मिलेनियम सिटी में आपका स्वागत है.'

हर बार बारिश में क्यों डूब जाता है दिल्ली-गुरुग्राम?

राजधानी दिल्ली और गुरुग्राम जैसे शहरी इलाकों में हर साल बारिश के सीजन में ऐसी ही तस्वीरें सामने आती हैं. जलभराव और ट्रैफिक जाम कोई नई कहानी नहीं है, हर साल ऐसा ही नजारा देखने को मिलता है. अब सवाल है आखिर इसका जिम्मेदार कौन है? तेजी से शहरीकरण तो हो रहा है लेकिन जल निकासी का समुचित इंतजाम नहीं होता. हर साल प्रशासन मॉनसून से पहले तैयारियों के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन बारिश आती है और सारी तैयारियां धरी की धरी रह जाती है. गुरुग्राम शहर की भौगोलिक स्थिति पहले से ही कटोरे (depression) जैसी है, ऊपर से यहां कमजोर ड्रेनेज सिस्टम हैं. नालों में गाद जमा होने जैसी भी समस्या जलभराव को बढ़ावा देती हैं. ऐसे में बारिश के सीजन से पहले ही नहीं बल्कि समय समय पर ड्रेनेज सिस्टम को साफ करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा से लेकर राजस्थान तक भारी बारिश, मॉनसून खूब बरसेगा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Rain, Delhi Rain Traffic, Gurugram Rain, Gurugram Rain Alert, Gurugram Rain Forecast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com