विज्ञापन

150 करोड़ के मालिक पिता को बेटे ने क्यों मारी गोली? मोदीनगर हरिओम मर्डर केस की वजह चौंका देगी

दिल्ली-NCR में 75 बीघा जमीन, 150 करोड़ से अधिक की संपत्ति के मालिक लेकिन अंजाम ऐसा जिसे सुनकर हर कोई हैरान. जिसे बेटे को बड़े प्लार से पाला-पोसा उसी के हाथों पिता की हत्या. हत्या भी ऐसी कि सामने मां और छोटा भाई खड़ा और बेटा बाप पर गोली दाग रहा. गाजियाबाद के मोदीनगर की रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस कहानी की वजह जानिए.

150 करोड़ के मालिक पिता को बेटे ने क्यों मारी गोली? मोदीनगर हरिओम मर्डर केस की वजह चौंका देगी
मृतक हरिओम नेहरा की फाइल फोटो और आरोपी बेटा निखिल, जो अभी फरार है.
NDTV
  • गाजियाबाद के मोदीनगर में 32 साल के बेटे ने अपने 52 साल के पिता को घरवालों के सामने ही गोलियों से भून डाला.
  • मृतक पिता की पहचान हरिओम चौधरी के रूप में हुई है. जिनकी मोदीनगर में 75 बीघा जमीन बताई जा रही है.
  • बीती रात शराब पीकर घर आए बेटे ने मां और छोटे भाई के सामने पिता को गोलियाों से भून डाला.
गाजियाबाद:

Modinagar Hariom Chaudhary Murder Case: दिल्ली-NCR में घर, मकान या फ्लैट होना लोगों की आर्थिक हैसियत को बताता है. दूसरे राज्य या शहरों से आए ज्यादातर लोग लंबे समय तक कमाने के बाद भी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद में एक मकान और जमीन खरीदने के लिए मशक्कत करते रहते हैं. दूसरी ओर जो यहां के मूल निवासी हैं, उनमें पुश्तैनी जायदाद को लेकर गजब-गजब झगड़े होते हैं. ऐसा ही एक मामला बीती रात गाजियाबाद के मोदीनगर से सामने आया, जहां 32 साल के बेटे ने अपने 52 साल के पिता को घरवालों के सामने ही गोलियों से भून डाला. मृतक पिता की पहचान हरिओम चौधरी उर्फ हरिओम नेहरा के रूप में हुई है. जबकि आरोपी बेटे की पहचान निखिल नेहरा के रूप में हुई है. 

मोदीनगर में संपन्न किसान थे, 75 बीघा जमीन के मालिक

मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव निवासी हरिओम चौधरी की गिनती क्षेत्र के सम्पन्न किसानों में थी. उनके नाम पर मोदीनगर 75 बीघा जमीन है, जबकि मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने मार्केट है. हरिओम के परिवार में पत्नी अनिता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू है.  

बीती रात शराब के नशे में घर आया. नशे में ही उसकी पिता से कहासुनी हुई, जिसके बाद निखिल ने पिता पर पिस्टल से ताबड़तोड़ कई गोलियां दाग दी. 

आरोपी बेटे की तलाश में लगी पुलिस की 4 टीम

घटना की सूचना पर एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा और डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हत्यारोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 4 टीमें लगाईं हैं, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस ने बतााया कि शराब के नशे में युवक ने जमीनी विवाद में पिता की हत्या की है. 

आरोपी पिता-पुत्र की साथ वाली पुरानी तस्वीर.

आरोपी पिता-पुत्र की साथ वाली पुरानी तस्वीर.
Photo Credit: सोशल मीडिया

25 बीघा जमीन और कई दुकानें बेटे को दे चुके थे पिता

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि बड़ा बेटा निखिल शराब पीने का आदी है, इसी को लेकर पिता उसे डांटते थे. बड़े बेटे को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन भी दे रखी थी. लेकिन बेटा अपने हिस्से की जमीन अपने नाम कराना चाहता था, इस पर पिता कहते थे कि तू इस जमीन को भी शराब और अपने शौक में बेचकर खा जाएगा.

पिता से बहस के बाद निकाली पिस्टल, मां और छोटे भाई के सामने की हत्या

बताया गया कि हरिओम ने रात में अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया था, उस समय बड़ा बेटा घर पर नहीं था. वह रात में ही शराब पीकर आया था. बताया गया है कि पिता ने बेटे को शराब पीने पर डांट दिया. जिसके बाद निखिल ने पिस्टल निकाल ली. जहां निखिल का पिता से विवाद होने लगा.

इस दौरान दूसरे कमरे से हरिओम की पत्नी और छोटा बेटा नीशू भी आ गए. जहां हाथापाई के बाद बड़े बेटे निखिल ने पिस्टल से गोली मार दी. चेहरे पर गोली लगकर हरिओम फर्श पर गिर पड़े, इसके बाद हरिओम ने चेहरे, सीने और प्राइवेट पार्ट के पास भी गोलियां मारी. जहां पुलिस ने 4 से 6 गोलियों के निशान बताए.

जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था निखिल

शुरुआती जांच में सामने आया है कि निखिल काफी समय से पिता पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था. हरिओम ने पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में कुछ दुकानें दे दी थीं, लेकिन वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम चाहता था. पिता इसके लिए तैयार नहीं थे. पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था.

मोदीनगर में हरिओम चौधरी का मकान.

मोदीनगर में हरिओम चौधरी का मकान.
Photo Credit: NDTV

2018 में छोटे भाई को मारी थी गोली

हरिओम के दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है, पुलिस की जांच में आया कि निखिल का शराब पीने को लेकर अपनी मां ओर पिता से पूर्व में भी झगड़ा होता रहता था.साल 2018 में भी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली नीशू को लगी थी. अब पुलिस पूरे केस की भी जांच कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रात में निखिल ने मोदीनगर में दोस्तों के साथ शराब पार्टी की थी, उसके बाद घर पहुंचकर पिता की हत्या की.

जमीन विवाद के एंगल से भी पुलिस कर रही जांच

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि बड़े बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की है. जांच में आया कि शराब पीकर बेटा घर में झगड़ा करता था. जमीन के विवाद को लेकर पुलिस जांच कर रही है. तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है. गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगाई गईं हैं.

यह भी पढ़ें - पिता की 150 करोड़ की संपत्ति, कहासुनी के बाद गाजियाबाद के मोदीनगर में बेटे ने गोलियों से भून डाला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Modinagar Bus Blast Case, Modinagar Murder, Son Killed Father, Ghaziabad Police, Hariom Nehra Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com