विज्ञापन
This Article is From Nov 23, 2018

मंत्री का दावा- गोवा का सीएम पद छोड़ना चाहते थे मनोहर पर्रिकर, मगर बीजेपी नेतृत्व ने रोका

गोवा के मंत्री विजय सरदेसाई का दावा है कि बीमार चल रहे मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर पद से त्यागपत्र देना चाहते थे लेकिन भाजपा आला कमान ने उन्हें रोक दिया.

मंत्री का दावा- गोवा का सीएम पद छोड़ना चाहते थे मनोहर पर्रिकर, मगर बीजेपी नेतृत्व ने रोका
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की फाइल फोटो.
नई दिल्ली: बीमार चल रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर पद से त्यागपत्र देना चाहते थे लेकिन भाजपा आला कमान ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. गोवा फारवर्ड पार्टी के प्रमुख और राज्य के कृषि मंत्री विजय सरदेसाई ने गुरूवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘‘ वह (पर्रिकर) मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहते थे. जब वह गणेश चतुर्थी पर्व पर अस्पताल में भर्ती हुये तो उन्होंने अपने सभी मंत्रालय अन्य मंत्रियों को सौंपने की इच्छा जाहिर की थी. लेकिन उसके बाद कई चीजें हुईं. भाजपा आलाकमान ने इसमें हस्तक्षेप किया. त्यागपत्र देना या न देना पूरी तरह से उनके (पर्रिकर) के हाथ में नहीं था.'' गौरतलब है कि पर्रिकर अग्नेयाशय की बीमारी से पीडि़त हैं और नई दिल्ली के एम्स से उन्हें 14 अक्टूबर को छुट्टी दी गई थी तब से वे घर पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं. एक सवाल के जबाव में उन्होंने स्वीकार किया कि सरकार के कामकाज पर पर्रिकर की ख्रराब सेहत का असर पड़ा है.

क्या कहा था केंद्रीय मंत्री ने ?
 गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की खराब सेहत के बीच केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक ने पिछले दिनों कहा था कि राज्य में ‘आज नहीं तो कल' नेतृत्व में बदलाव की जरूरत है. पर्रिकर पिछले कई महीनों से अग्न्याशय की बीमारी का इलाज करा रहे हैं. वह दिल्ली के एम्स में भर्ती होने के बाद 14 अक्टूबर को राज्य में लौटे हैं. केंद्रीय आयुष मंत्री नाइक ने कहा, ‘‘ हमें आज नहीं तो कल नेतृत्व में बदलाव करना होगा. इसकी जरूरत है. आप सभी जानते हैं कि मुख्यमंत्री स्वस्थ नहीं हैं लेकिन वह इन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं.'' राज्य में नेतृत्व में बदलाव की बात हो रही है लेकिन भाजपा लगातार इससे इंकार करती रही है. आपको बता दें कि पिछले दिनों खबर आई थी कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर (Manohar Parrikar)  की खराब सेहत के बीच उनके आवास को हॉस्पिटल में तब्दील कर दिया गया है.विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है. इस बीच कांग्रेस के एक बयान पर विवाद भी मच गया था. कांग्रेस ने यह आरोप भी लगाया कि मुख्यमंत्री के इर्द-गिर्द रहने वाले अधिकारियों का एक समूह उनकी अनुपस्थिति में अवैध तरीके से निर्णय ले रहा है. भाजपा ने कांग्रेस के इस बयान को हताशा का परिणाम बताते हुए  आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक बातचीत के स्तर को गिरा दिया है. (इनपुट-भाषा से)    

वीडियो- TOP News @6PM : गोवा में पर्रिकर की जगह नाइक? 


 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manohar Parrikar, Manohar Parrikar Biography, Goa Cm Manohar Parrikar, Vijai Sardesai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com