उत्तर प्रदेश के मेरठ में शादी से पहले अपनी कथित गर्लफ्रेंड और उसके पिता की हत्या के आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस विक्रम नाथ ने अहम मौखिक टिप्पणी की. जस्टिस विक्रम नाथ ने आरोपी को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा, 'माई गॉड ! तुमने तो सबको ही मार डाला. तुम तो बड़े ही डेयरडेविल हो. तुम गर्लफ्रेंड किलर हो.. क्या तुमने वह फ़िल्म नहीं देखी- अजय देवगन वाली, जो बिहार पर बनी है? अगला केस'
इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को राहत देने से इनकार कर दिया हालांकि, आरोपी के वकील ने सुप्रीम कोर्ट से याचिका वापस ले ली. पीठ में जस्टिस विक्रम नाथ के साथ जस्टिस शील नागू और जस्टिस वी मोहना भी शामिल थे. इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी.
ये मामला 2020 में यूपी के मेरठ में हुआ था. जानकारी के मुताबिक शादी से पहले ही युवती की सागर नामक आरोपी ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस फायरिंग में युवती के पिता की भी मौत हो गई थी, जबकि भाई घायल हो गया था. इस मामले में सागर को गिरफ्तार किया गया था. तभी से वो जेल में है.
आरोपी की ओर से कहा गया था कि इस मामला में उसके खिलाफ कोई सीधा सबूत नहीं है और सिर्फ FIR के आधार पर उसको गिरफ्तार किया गया है . साथ ही ट्रायल में भी समय लगेगा क्योंकि 40 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज होने हैं.
ये भी पढ़ें : क्या अमर होना चाहते हैं पुतिन? रूस की लैब में तैयार हो रहे हरदम जवान रखने वाले इंसानी अंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं