हिमाचल प्रदेश के कसौली में एक जंगल इलाके में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है. ये हेलीकॉप्टर पानी स्टोर करते हैं फिर जंगल के ऊपर उड़ान भरते हैं और पानी छोड़कर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. आग बुझाने के इस ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कैसे पहाड़ी इलाकों में एयरफोर्स जंगल की आग को बुझा रहे हैं.
अधिकारियों ने बताया कि जंगल में आग लगने की यह घटना कसौली वायुसेना स्टेशन के पास हुई. आग ने जंगल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है. वन विभाग के दल और दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन वे इस पर काबू पाने में असमर्थ रहे.
चिनूक और MI-17 हेलीकॉप्टर बुझा रहे आग
इसके बाद, वायुसेना ने जंगल के विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों में लगी आग को बुझाने के लिए अपने 'एमआई-17' और 'चिनूक' हेलीकॉप्टर को काम पर लगाया. आग बुझाने के लिए चंडीगढ़ की सुखना झील से भी पानी लाया गया. एयर फोर्स के एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय वायु सेना हिमाचल प्रदेश में कसौली के आसपास जंगल की आग बुझाने के लिए अपने Mi-17 हेलीकॉप्टरों को तैनात कर रही है. पायलटों द्वारा नाइट विजन गॉगल्स का उपयोग करके रात में ऑपरेशन करने की मंजूरी दे दी गई है.
हिमाचल प्रदेश के कसौली में एक जंगल इलाके में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है. ये हेलीकॉप्टर पानी स्टोर करते हैं फिर जंगल के ऊपर उड़ान भरते हैं और पानी छोड़कर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. #HimachalPradesh pic.twitter.com/tXoGhSFIZT
— NDTV India (@ndtvindia) May 27, 2026
हिमाचल में अन्य जगहों पर भी आग की खबरें
एक अन्य घटना में शिमला के पास रझाना गांव में भी जंगल में आग लगने की सूचना मिली है. वन और अग्निशमन विभाग के दल आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कंडाघाट के क्यारीघाट गांव इलाके में जंगल में भीषण आग लगी हुई है. लोग और प्रशासनिक अधिकारी आग बुझाने के लिए पूरी तरह से जुटे हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में तापमान में हुई बढ़ोतरी ही जंगल में लगी इस आग की संभावित वजह है.
यह भी पढ़ें: हिमाचल के जंगलों में भयानक आग, सोलन में ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार, VIDEO रोंगटे खड़े कर देगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं