- भगवंत मान की पत्नी से जुड़े कथित रिश्वत मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने जांच का दायरा बढ़ाया है
- ED ने मुख्यमंत्री के साले अमरदीप सिंह ग्रेवाल को पूछताछ के लिए समन किया है
- ED अमरदीप से पैसों की बातचीत, उनके संपर्क और वित्तीय लेन-देन के स्रोत तथा इस्तेमाल की जांच करेगी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर से जुड़े कथित रिश्वत मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय की जांच का दायरा बढ़ता दिख रहा है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुख्यमंत्री के साले अमरदीप सिंह ग्रेवाल को पूछताछ के लिए समन किया है. अमरदीप सिंह ग्रेवाल पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हैं और ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े बताए जाते हैं. अमरदीप सिंह ग्रेवाल का नाम इस पूरे विवाद में पहले भी सामने आ चुका है.
मान के साले पर क्या आरोप है
विपक्ष की तरफ से आरोप लगाया गया था कि ग्रेवाल ने एक कथित बिचौलिए के तौर पर काम किया और एक रेप केस को खत्म कराने या कमजोर कराने के लिए पैसों की बातचीत की. इन आरोपों को लेकर सितंबर में पंजाब की राजनीति में काफी विवाद हुआ था. दरअसल, पूरा मामला पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गुरविंदर सिंह चहल उर्फ गुरी चहल से जुड़े रेप और अपहरण के मामलों से जुड़ा है. विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि चहल के खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म कराने के लिए पैसों की मांग की गई और इस पूरी बातचीत में अमरदीप ग्रेवाल का नाम सामने आया. इन आरोपों के समर्थन में कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग, वाट्स ऐप बातचीत और कुछ तस्वीरें भी सार्वजनिक की गई थीं. हालांकि, इन रिकॉर्डिंग और आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री की पत्नी ने आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश बताया था.
ईडी क्या पूछताछ करेगी
अब ED के समन के बाद इस मामले में जांच एजेंसी की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है. ED अमरदीप ग्रेवाल से कथित पैसों की बातचीत, संबंधित लोगों से उनके संपर्क और पूरे मामले में उनकी भूमिका को लेकर सवाल कर सकती है. साथ ही यह भी जांच का विषय हो सकता है कि अगर किसी तरह के पैसों का लेन-देन हुआ था तो उसका स्रोत और इस्तेमाल क्या था. अमरदीप सिंह ग्रेवाल सिर्फ राजनीतिक विवाद के चलते चर्चा में नहीं आए हैं. वह पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़े रहे हैं. वह ‘मौजां ही मौजां' और ‘स्नोमैन' जैसी पंजाबी फिल्मों से जुड़े हैं. एजेंसी उनके वित्तीय लेन-देन और संबंधित कंपनियों के रिकॉर्ड की भी जांच कर सकती है.
घिरते जा रहे पंजाब सीएम
मामला सिर्फ मुख्यमंत्री की पत्नी तक सीमित नहीं ,यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया जब पंजाब में ED की दूसरी जांचों को लेकर भी बड़ा राजनीतिक और कानूनी विवाद चल रहा है. ED ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और ट्रांसफर-पोस्टिंग नेटवर्क को लेकर पंजाब पुलिस को कई पत्र भेजे थे. ED ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन से जुड़े लोगों के जरिए सरकारी कामकाज में कथित तौर पर बिचौलियों की भूमिका थी. 5 अक्टूबर को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने ED की ओर से लगाए गए इन अलग भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों की जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया था. कोर्ट ने CBI को मामला दर्ज कर दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा. पंजाब सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
जांच के अहम बिंदु क्या
हालांकि, अमरदीप ग्रेवाल वाला मामला इन आरोपों से अलग है और इसे मुख्यमंत्री की पत्नी से जुड़े कथित रिश्वत मामले में देखा जा रहा है. अमरदीप ग्रेवाल से पूछताछ में ED यह जानने की कोशिश कर सकती है कि कथित बिचौलियों और मामले में आरोपी लोगों से उनका क्या संबंध था. कथित ऑडियो और बातचीत में जिन पैसों का जिक्र सामने आया, उनके बारे में भी सवाल हो सकते हैं. इसके अलावा अगर किसी तरह का भुगतान हुआ, तो पैसा किसने दिया, किसे दिया गया और उसका इस्तेमाल कहां हुआ ये भी जांच के अहम बिंदु हो सकते हैं. साथ ही ED यह भी देख सकती है कि ग्रेवाल से जुड़ी कंपनियों और फिल्म प्रोडक्शन से जुड़े कारोबार में कोई ऐसा वित्तीय लेन-देन तो नहीं हुआ, जिसका संबंध इस पूरे विवाद से हो.
यहां भी पढ़ें-
'फ्रांस में अशांति के लिए इस्लाम जिम्मेदार': अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं