महाराष्ट्र के महाबलेश्वर के पास बड़ा हादसा हुआ है. कोंकण से लौट रहे पर्यटकों की गाड़ी गहरी खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में सतारा के 8 युवकों की मौत हो गई. खाई 1500 फीट गहरी है. दूरबीन की मदद से शव खोजे जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार ये हादसा रायगढ़ के आंबेनली घाट पर रविवार रात हुआ. एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा दाबेली गांव से कुछ ही दूरी पर हुआ.
घटना की जानकारी मिलते ही पोलादपुर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगड रेस्क्यू टीम, सिस्केप महाड पोलादपुर, आपदा मित्र और स्थानीय लोगों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

कोंकण से लौटते समय तड़के हुआ हादसा
यह दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव की है. यह हादसा तब हुआ जब ये सभी लोग कोंकण से वापस सतारा की ओर लौट रहे थे. आंबेनली घाट में तड़के करीब 2:45 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ. यह घटना उसी क्षेत्र में हुई है, जहां साल 2018 में दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस खाई में गिरी थी.
खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण बचाव दल ने शुरुआत में दूरबीन की मदद से तलाश शुरू की, जिसमें पहला शव दिखाई दिया. बेहद कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू टीम को करीब 500 से 700 फीट की गहराई पर 2 शवों को ढूंढने में सफलता मिल चुकी है. पोलादपुर पुलिस और बचाव दल द्वारा दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और बाकी शवों को बाहर निकालने के लिए खोजी अभियान लगातार जारी है.
सभी मृतक सतारा के रहने वाले
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी सतारा जिले की है. गाड़ी में सवार पर्यटक सतारा, आसगांव और कोरेगांव इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बचाव दल द्वारा स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार अन्य यात्रियों के शवों को ढूंढने का काम लगातार जारी है.
पोलादपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी आनंद रावड़े ने बताया कि मृतक सतारा के आसगांव के थे. 24 तारीख को तड़के वे हरणे बीच से वापस सतारा की ओर जा रहे थे, तब पोलादपुर मार्ग से आंबेनळी घाट में दाबेली गांव की सीमा में उनकी गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया और गाड़ी गहरी खाई में गिर गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं