विज्ञापन

शिवसेना उद्धव गुट के 6 सांसदों ने थामा एकनाथ शिंदे गुट का हाथ, देख लीजिए पूरी लिस्ट

महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक के बीच एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे के गुटों ने आज बैठकें बुलाई हैं. इस बीच उद्धव गुट के सांसद ओमराजे निंबालकर समेत 6 बागी सांसद शिंदे के आवास पर पहुंच गए हैं.

शिवसेना उद्धव गुट के 6 सांसदों ने थामा एकनाथ शिंदे गुट का हाथ, देख लीजिए पूरी लिस्ट
शिवसेना में बगावत के बाद उद्धव ठाकरे ने की विधायकों की इमरजेंसी बैठक
  • शिवसेना उद्धव गुट और एकनाथ शिंदे गुट के बीच उठापटक जारी है. दोनों गुटों ने ने अहम बैठक की है.
  • शिवसेना उद्धव गुट के 6 बागी सांसदों ने एकनाथ शिंदे के आवास पर उनसे मुलाकात की
  • उद्धव ठाकरे ने भी विधायकों की इमरजेंसी बैठक बुलाई और आगे का प्लान बताया

महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान जारी है. शिवसेना उद्धव गुट में उठापटक के बीच एकनाथ शिंदे के आवास पर बागी सांसदों की बैठक हुई. इस बैठक में उद्धव ठाकरे गुट के सांसद ओमराजे निंबालकर समेत 6 बागी सांसद पहुंचे. वहीं दूसरी ओर उद्धव ठाकरे गुट ने भी विधायकों की इमरजेंसी बैठक बुलाई. इस बैठक में कई विधायक और विधानपरिषद सदस्य पहुंचे. उद्धव ठाकरे ने विधायकों को आगे का प्लान समझाया. इधर शिंदे के आवास पर बागी सांसदों की बैठक के बाद सभी बागी सांसद वाईबी चव्हाण सेंटर के लिए निकले. 

बागी सांसदों की बैठक के बाद एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान एकनाथ शिंदे के साथ सभी 6 बागी सांसद दिखे. शिंदे ने सभी सांसदों का हाथ पकड़कर एकजुटता का संदेश दिया.

शिवसेवा (UBT) के ये सांसद शिंदे के साथ

  1. संजय हरिभाऊ जाधव 
  2. भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे
  3. ओमप्रकाश भूपालसिंह निंबालकर
  4. संजय दीना पाटिल
  5. संजय उत्तमराव देशमुख
  6. नागेश बापुराव पाटिल अष्टिकर 

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मंच पर एक नहीं 6 टाइगर मौजूद हैं. सभी सांसदों का नाम लेते हुए शिंदे ने कहा कि हमारे पास अब तीन संजय हैं. एकनाथ शिंदे ने कहा कि मंच पर जो नेता दिख रहे हैं, यह सभी शिवसेना के सदस्य हैं. ये सभी अब असली शिवसेना के परिवार में शामिल हुए है. इनका मैं असली शिवसेना परिवार में स्वागत करता हूं. 4 साल पहले, 22 जून 2022 में हमने शिवसेना में बगावत की थी. हमारे साथ तब 40 विधायक थे और अब फिर हमने चौका नहीं सिक्सर मारा है.

शिंदे ने कहा कि शिवसेना बचाने के लिए हमने जो तब किया था और अब ये दूसरा फेज शुरू हो गया है. ओमराजे अपने मन के राजा है. उन्होंने फैसला लिया, कल परसो में उन्होंने कार्यकर्ता से बात की, चर्चा की.

UBT सांसद ओमराजे निंबालकर ने फेसबुक पर अपना कवर फोटो बदला

शिवसेना उद्धव गुट के बागी सांसद ओमराजे निंबालकर ने फेसबुक पर अपना कवर फोटो बदल दिया है. निंबालकर ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे की तस्वीर वाला कवर फोटो हटा दिया है. उन्होंने वह कवर फोटो भी बदल दिया है जिसमें पार्टी का चुनाव चिह्न 'मशाल' दिखाई दे रहा था.

आज शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने पर शिवसेना नेता रामदास कदम ने कहा, "ऑपरेशन टाइगर 100% सफल रहा है. आज 6 सांसद शामिल हो रहे हैं. 7वें सांसद को केंद्र में कैबिनेट पद चाहिए था. मुंबई महानगर पालिका में भी एक ऑपरेशन होगा."

उद्धव ठाकरे की बैठक में क्या हुआ?

वहीं दूसरी ओर उद्धव ठाकरे ने पार्टी के विधायकों की इमरजेंसी बैठक की. सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे ने अपने विधायकों के साथ मौजूदा पॉलिटिकल हालात पर बातचीत की. उन्होंने उन्हें किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में जोर-शोर से उठाने का निर्देश दिया. उद्धव ने अपनी पार्टी के नेताओं से यह भी कहा कि, जैसे उन्होंने रविवार को मुंबई में संजय पाटिल के चुनाव क्षेत्र में मीटिंग की थी, वैसे ही वे बाकी पांच सांसदों के चुनाव क्षेत्रों में भी ऐसी ही मीटिंग करेंगे. उन्होंने विधायकों को पार्टी समर्थकों और पुराने शिवसैनिकों से फिर से जुड़ने, उन्हें पार्टी में वापस लाने और उन्हें यह समझाने का निर्देश दिया कि कैसे संबंधित सांसदों ने उन्हें धोखा दिया और गुमराह किया.

बागी सांसदों के पर भड़के संजय राउत 

शिवसेना (UBT) विधायकों की बैठक पर पार्टी सांसद संजय राउत ने कहा, 'एकनाथ शिंदे ने छह गद्दारों को जन्म दिया है. चीजों को ठीक से संभालने के लिए आगे सिजेरियन सर्जरी करनी होगी.

उद्धव ठाकरे की बैठक में कौन कौन पहुंचा?

1. बाला नर
2. नितिन देशमुख
3. सुनील राऊत
4. अजय चौधरी
5. प्रवीण स्वामी
6. गजानन लवटे
7. हारून खान
8. नितिन देशमुख
9. वरुण सरदेसाई
10. सुनील प्रभु
11. कैलास पाटिल
12.आदित्य ठाकरे
13. बाबाजी काले
14. मनोज जमसुतकर
15. भास्कर जाधव
16. महेश सावंत

विधान परिषद (एमएलसी):

1. सचिन अहीर
2. जे. मो. अभ्यंकर
3. मिलिंद नार्वेकर
4. अनिल परब
5. अंबादास दानवे

मेरी अगुवाई वाली शिवसेना ही ‘असली शिवसेना' है : उद्धव ठाकरे

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनकी अगुवाई वाली पार्टी ही ‘असली शिवसेना' है. शाह ने कहा था कि सिर्फ एक ही शिवसेना है, जिसकी कमान एकनाथ शिंदे के हाथ में है. शिवसेना (UBT) के छह सांसदों की बगावत के बीच ठाकरे ने कहा, ‘'मेरा मनोबल नहीं टूटा है.'

उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनके पिता बाल ठाकरे की बनाई अविभाजित शिवसेना ने कांग्रेस से लड़ने में 30 साल बिताए, लेकिन उसने (कांग्रेस) कभी पार्टी को हथियाने या खत्म करने की कोशिश नहीं की, जैसा भाजपा ने किया है. उन्होंने कहा, “मेरी अगुवाई वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है.'

यह भी पढ़ें: अब 20 में से 14 विधायक भी शिंदे के साथ जाने को तैयार, उद्धव सेना में हड़कंप; बुलाई इमरजेंसी बैठक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uddhav Thaceray, Uddhav Tahckeray, Shinde Govt, Eknath Shinde, Eknath Shinde News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com