Madhya Pradesh Election results Live: मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना का कार्य अंतिम चरण में है. मध्य प्रदेश में भाजपा को दो तिहाई बहुमत हासिल होता नजर आ रहा है. रात के 9 बजे तक भारतीय जनता पार्टी ने 146 सीटों पर चुनाव जीत लिया है और 18 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. वहीं कांग्रेस पार्टी को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा है. कांग्रेस के उम्मीदवार 49 सीटों पर चुनाव जीत गए हैं और 16 सीटों पर उसके उम्मीदवार अभी भी आगे हैं.
मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी सीट से रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत गए हैं. लेकिन बीजेपी के केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते चुनाव हार गए हैं.कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ छिंदवाड़ा सीट से चुनाव जीत गए हैं. इस बीच मध्य प्रदेश के शाजापुर में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है. पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. रविवार को मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच 52 जिला मुख्यालयों में शुरु हुई थी. इस बार 2533 प्रत्याशी मैदान में थे. मध्य प्रदेश की जनता ने इस बार विधानसभा चुनाव में 66 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. राज्य में इस बार रिकॉर्ड 77.82% वोटिंग हुई. शाजापुर, आगर मालवा, शुजालपुर, कालापीपल, मल्हारगढ़, जावद, जावरा और सोनकच्छ में 85% से ज्यादा मतदान हुआ. मध्यप्रदेश के चुनाव परिणाम को लेकर एग्जिट पोल में भी बीजेपी की जीत का अनुमान लगाया गया था.