विज्ञापन
This Article is From May 20, 2024

"वोट नहीं करने वालों को मिले सजा", परेश रावल के सुझाव पर बिफरे सोशल मीडिया यूजर्स, बोले- "...जबरदस्ती नहीं"

परेश रावल का वोट नहीं देने वालों के लिए सजा का प्रावधान वाला बयान खूब वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है. कुछ यूजर्स इससे सहमत हैं, तो कुछ इस सुझाव पर नाराजगी जता रहे हैं.

"वोट नहीं करने वालों को मिले सजा", परेश रावल के सुझाव पर बिफरे सोशल मीडिया यूजर्स, बोले- "...जबरदस्ती नहीं"
मुंबई:

देशभर में आज 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी एक्टर शाहरुख खान, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, फरहान अख्तर और तब्बू समेत कई फिल्मी सितारों ने वोटिंग की. अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे अभिनेता से नेता बने परेश रावल ने वोट डालने के बाद लोगों से भी अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का पालने करने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि वोट नहीं देने वालों के लिए टैक्स में बढ़ोतरी या कोई और सज़ा का कुछ प्रावधान होना चाहिए. उनके इस बयान की हर तरफ चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर भी यूजर्स इसको लेकर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.

वोट नहीं करने वालों के लिए हो सजा का प्रावधान- परेश रावल

परेश रावल ने कहा, "आप ये कहोगे कि सरकार ये नहीं करती वो नहीं करती और आज आप मतदान नहीं करोगे, तो उसके लिए जिम्मेदार आप हो, जिसने मतदान नहीं किया वो जिम्मेदार है, सरकार जिम्मेदार नहीं है. जो लोग वोट नहीं करते, उनके लिए कुछ ना कुछ सजा का प्रावधान होना चाहिए, या तो उनका टैक्स बढ़ा हो, या कुछ और... कुछ ना कुछ तो सजा होनी चाहिए."

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एक्टर परेश रावल ने कहा कि सभी को मतदान करना चाहिए, इससे फर्क नहीं पड़ता कि गर्मी है या सर्दी. आप देश और भारत के विकास के लिए मतदान कर रहे हैं. कृपया याद रखें और वोट करने जरूर जाएं. उन्होंने कहा, "खराब राजनेता पैदा नहीं होते... वे बनाए जाते हैं... उन लोगों के द्वारा, जो मतदान के दिन वोट करने के बजाय पिकनिक पर जाते हैं."

परेश रावल का ये बयान खूब वायरल हो रहा है. इसके बाद सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है. कुछ यूजर्स इससे सहमत हैं, तो कुछ इस सुझाव पर नाराजगी जता रहे हैं.

एक यूजर ने एक्टर के सुझाव से सहमति जताते हुए कहा, "सभी बाद में सरकार को गाली देते हैं, जबकि वोट देने के दिन गायब हो जाते हैं."

वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, "परेश रावल एकदम ठीक कह रहे हैं अपना वोट देकर सभी को अपनी पार्टी का समर्थन करना चाहिए." 

वहीं एक अन्य ने इस पर तंज कसते हुए कहा, "परेश रावल अपनी पार्टी को जिताना चाहते हैं, इसलिए सबसे वोट डालने की अपील कर रहे हैं, सर आपके ज्ञान की किसी को जरूरत नहीं है."

एक और यूजर ने परेश रावल के सुझाव पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि ये डेमोक्रेटिक राइट्स है, लेकिन जबरदस्ती नहीं की जी सकती.

एक अन्य यूजर ने कहा, इनकी अपनी अलग ही दुनिया है. ये जरा बताएं कि इन्होंने वोट करने के लिए कितने जागरुकता अभियान चलाए. बस जनता को सजा दो और टैक्स वसूलो. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lok Sabha Elections 2024, Actor Paresh Rawal, Punishment For Those Who Do Not Vote, Social Media Users Reactions
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com