- बीजेपी और अकाली दल के बीच आज गठबंधन का ऐलान हो सकता है
- बीजेपी चीफ नितिन नवीन और अकाली दल के मुखिया सुखबीर बादल की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- अगले साल के शुरुआत में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल में गठबंधन की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा चुका है. दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की आज बीजेपी मुख्यालय में दोपहर एक बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है. माना जा रहा है कि इसी में राज्य में गठबंधन का ऐलान हो सकता है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी चीफ नितिन नवीन, अकाली दल चीफ सरदार सुखबीर सिंह बादल भी शामिल हो रहे हैं. पिछले काफी वक्त से दोनों दलों के बीच गठबंधन की खबरें सामने आ रही थी. अब कुछ ही घंटे में इसपर से पर्दा उठ सकता है.
बीजेपी मुख्यालय में 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस
बीजेपी मुख्यालय में आज दोपहर 1 बजे बीजेपी और अकाली दल के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है. इसमें बीजेपी चीफ नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, शिरोमणि अकाली दल के चीफ सरदार सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान हो सकता है.
दोनों दलों का वोट प्रतिशत जानिए
पंजाब में इस वक्त आम आदमी पार्टी की सरकार है. पिछले लोकसभा चुनाव में अकाली दल को करीब 14.42 फीसदी वोट मिले थे. वहीं, बीजेपी को करीब 18.56 फीसदी वोट मिले थे. अगर दोनों दलों के वोट मिला दिए जाएं तो आंकड़ा करीब 33 प्रतिशत तक पहुंचता है. अब अगर बात 2022 के विधानसभा चुनाव की करें तो अकाली दल को 18.38 प्रतिशत वोट मिले थे. वहीं, बीजेपी को कुल 8 प्रतिशत वोट मिले थे. यानी दोनों दलों के वोट मिला दिए जाएं तो आंकड़ा 26 फीसदी के करीब पहुंचता है.
बीजेपी-अकाली के साथ आने से होगा फायदा!
बीजेपी नेताओं के अनुसार पिछला लोकसभा और विधानसभा चुनाव का परिणाम यह दिखाता है कि अकाली दल और बीजेपी की संयुक्त ताकत करीब चालीस लाख वोट की है. वहीं इसकी तुलना आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से की जाए तो दिलचस्प तस्वीर बनती है. आप ने 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने 65.38 लाख वोट यानी 42 प्रतिशत के साथ 92 सीटें जीती थीं. वहीं कांग्रेस को 35.76 लाख यानी 22.98 प्रतिशत वोट मिले थे. जबकि 2024 लोक सभा चुनाव में आप के वोट घट कर 35.43 लाख यानी 26.30 प्रतिशत रह गए. वहीं कांग्रेस के वोट 35.06 लाख यानी 26.02 प्रतिशत थे. बीजेपी नेताओं के अनुसार यह आंकड़ें बताते हैं कि त्रिकोणीय मुकाबले में बीजेपी और अकाली गठबंधन का पलड़ा भारी रहेगा.
यह भी पढ़ें | पंजाब चुनाव की तैयारी, राजस्थान में जीत, गहलोत का CM फेस वाला दावा... सचिन पायलट ने खुलकर बताई हर रणनीति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं