मुंबई में कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सलिम इस्माइल डोला और उसके नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा अभियान शुरू किया है. तुर्की से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के कुछ ही समय बाद अब सलिम डोला के पूरे ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला किया है. उन्होंने कहा कि क्या वजह है कि समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ से ही आतंकवादी पकड़े जाते हैं. क्या समाजवादी पार्टी के गढ़ में आतंकवादी ही पैदा होते हैं क्या? दिल्ली के बुराड़ी इलाके में LPG सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है, जिसकी वजह से मकान गिर गया है. मकान के मलबे के नीचे कुछ लोगों के दबे होने की सूचना आ रही है. यूपी में बिजली 10% महंगी नहीं होगी, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा जून महीने के बिलों में प्रस्तावित 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज पर रोक लगा दी है.
जून महीने की शुरुआत इस बार भीषण गर्मी के बजाय राहत भरे मौसम के साथ हुई है. दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान के चलते पारा गिर गया है. हीट वेव कहीं चलती नजर नहीं आ रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून की शुरुआती सक्रियता की वजह से यह मौसम बदलाव देखने को मिल रहा है. इधर, CBSE ने छात्रों की आंसर शीट्स बदले जाने और कम नंबर के विवाद में आखिरकार उस कंपनी के खिलाफ एक्शन लेना शुरू कर दिया है, जिसे टेंडर दिया गया था. शिक्षा मंत्रालय ने सीओईएमपीटी को ठेका देने के संबंध में सीबीएसई से रिपोर्ट मांगी गई है. टेंडर प्रोसेस की डिटेल जुटाई जा रही हैं. शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी. दिनभर की ऐसी ही ताजा खबरों को हम यहां सबसे पहले देने की कोशिश करेंगे, बने रहें हमारे साथ.
Breaking News LIVE Updates...
स्कूल फीस के दबाव से परेशान छात्रा ने खाया जहर, हुई मौत
अमृतसर में स्कूल फीस के दबाव से परेशान 12वीं की एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान आज (31 मई) उसकी मौत हो गई. मरने से पहले छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने कहा कि उसे फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया. इसके लिए प्रिंसिपल उसे अलग कमरे में भी लेकर गई थी. इससे वह परेशान थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया है.
सलिम डोला गैंग पर ED का सबसे बड़ा शिकंजा, मुंबई से गुजरात तक 20 ठिकानों पर छापेमारी
मुंबई में कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सलिम इस्माइल डोला और उसके नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा अभियान शुरू किया है. तुर्की से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के कुछ ही समय बाद अब सलिम डोला के पूरे ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है. ईडी की मुंबई जोनल यूनिट ने मुंबई, सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट समेत चार बड़े शहरों में एक साथ 20 ठिकानों पर छापेमारी की है.
पुणे-नाशिक हाईवे जाम: प्याज उत्पादक किसानों का महामोर्चा
प्याज के दाम और सरकारी खरीद को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिल रहा है. पुणे के मंचर भोरवाड़ी नंदी चौक में मंगलवार को प्याज उत्पादक किसानों ने महामोर्चा निकालकर पुणे-नाशिक हाईवे जाम कर दिया. भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच विधायक रोहित पवार, शशिकांत शिंदे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, बापू पठारे, देवदत्त निकम और सांसद नीलेश लंके की अगुवाई में रास्ता रोको आंदोलन शुरू हुआ. पुलिस ने इस 'रास्ता रोको' आंदोलन को पहले ही अनुमति देने से इनकार कर दिया था, फिर भी हजारों की संख्या में किसान सड़क पर उतरे. आंदोलन के चलते पुणे-नाशिक हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
किसानों की 5 मुख्य मांगें
1- न्यूनतम समर्थन मूल्य: प्याज के लिए 25 रुपये प्रति किलो MSP तय किया जाए.
2- बकाया पर सब्सिडी: इससे पहले खरीदे गए प्याज पर 15 से 20 रुपये प्रति किलो का अनुदान दिया जाए.
3- सीधी खरीद: NAFED की ओर से बाजार समितियों में सीधे प्याज की खरीद शुरू की जाए.
4-बड़े पैमाने पर खरीद: सरकार लगभग 8 से 10 लाख टन प्याज खरीदे.
5- निर्यात की शर्त: खरीदे गए प्याज को घरेलू बाजार में न बेचकर निर्यात किया जाए, ताकि स्थानीय बाजार में दाम न गिरें.

नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्याज उत्पादकों को लागत भी नहीं मिल पा रही है. रोहित पवार ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है.
मुंबई में वेदांता ग्रुप पर ED की छापेमारी
मुंबई में वेदांता ग्रुप पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी हुई है. ये छापेमारी 1500 करोड़ के फेमा उल्लंघन मामले में वेदांता ग्रुप के 3-4 ठिकानों पर हो रही है. इस कार्रवाई के तहत कई कार्यालयों में डिजिटल डेटा और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है.
दिल्ली के मुकुंदपुर में LPG सिलेंडर विस्फोट, AAP विधायक ने रेखा सरकार पर साधा निशाना
मुकुंदपुर इलाके में LPG सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मकान ढह गया है. इसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है. आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा घटनास्थल पर पहुंचे हैं. उन्होंने बताया, "काफी समय से खबरें आ रही थीं कि इस जगह पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर भरे जा रहे हैं. मैंने संबंधित विभाग को भी सूचित किया था कि यहां गैस भरना अवैध है और किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. दुर्भाग्य से, आज ठीक वही हुआ है, गैस विस्फोट के कारण दुर्घटना हुई है. जैसा कि आप देख सकते हैं, स्थिति बेहद गंभीर है. हमें खबरें मिल रही हैं कि कई लोग घायल हुए हैं. अभी भी लगभग 50 सिलेंडर यहां मौजूद हैं. आप खतरे की कल्पना कर सकते हैं."
VIDEO | Delhi: House collapses following LPG blast in Mukundpur area; residents feared trapped. AAP MLA Sanjeev Jha reaches the spot.
— Press Trust of India (@PTI_News) June 2, 2026
He says, “For a long time, there had been reports that gas cylinders were being filled illegally at this location. I had also informed the… pic.twitter.com/Mw94eHkLU9
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पहुंचे राहुल गांधी, पंजाब पर बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर राहुल गांधी पहुंचे हैं. फिलहाल पंजाब को लेकर प्रभारी भूपेश बघेल के साथ बैठक चल रही है. इसके बाद कर्नाटक को लेकर बैठक हो सकती है.
सलमान की टीम ने काला हिरण के मेकर्स को भेजा नोटिस
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने 'काला हिरण:द बैटल फॉर लेगेसी' नाम से बन रही फिल्म के मेसस्र को लीगल नोटिस भेजा है. ऐसा माना जा रहा है कि ये फिल्म सलमान खान के काला हिरण शिकार केस पर आधारित है. सलमान खान की टीम ने इस फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की है.
मुंबई में भी सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग
उत्तर प्रदेश के बाद मुंबई में भी सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग उठने लगी है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने मुंबई की सड़कों और रेलवे स्टेशनों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने मुंबई महानगरपालिका के कमिश्नर और मुंबई पुलिस कमिश्नर को एक आधिकारिक पत्र भेजा है. कमिश्नर को लिखे पत्र में सोमैया ने उल्लेख किया है कि मुंबई के कई हिस्सों में, विशेष रूप से रेलवे स्टेशनों के बाहर और व्यस्त सड़कों पर सार्वजनिक रूप से नमाज अदा की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि इसके कारण स्थानीय यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. 
दिल्ली के बुराड़ी में ब्लास्ट के बाद गिरा मकान, कई लोग दबे
दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक धमाका हुआ है, जिसकी वजह से मकान गिर गया है. मकान के मलबे के नीचे कुछ लोगों के दबे होने की सूचना आ रही है. राहत और बचाव में टीमें लगी हई हैं. ब्लास्ट कैसे हुआ, अभी ये साफ नहीं है. दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं.
भारत में विदेशियों के लिए बदले नियम, MHA ने जारी किया नोटिस
गृह मंत्रालय (MHA) ने आव्रजन एवं विदेशी (संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित कर दिया है, जिसमें आव्रजन एवं विदेशी नियम, 2025 के अंतर्गत पंजीकरण समयसीमा, आपातकालीन प्रावधानों और अपील तंत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. महत्वपूर्ण बदलावों में से एक विदेशियों के लिए पंजीकरण समयसीमा से संबंधित है. संशोधन के अनुसार, भारत में आगमन के 180 दिन पूरे होने से पहले कभी भी पंजीकरण कराया जा सकता है, जबकि पहले 180 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद 14 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य था. हालांकि, इस अवधि के बाद पंजीकरण केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही स्वीकार किया जाएगा.

CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग पर संसदीय स्थायी समिति की बैठक आज
शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक सुबह 11:00 बजे संसद भवन के पीएचए में होगी. इस बैठक में समिति निम्नलिखित विषयों की समीक्षा करेगी.
1. कक्षा 12 की सीबीएसई परीक्षाओं में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) का उपयोग और इसके परिणामस्वरूप छात्रों को होने वाली समस्याएं.
2. कक्षा 9 और 10 में त्रिभाषी पद्धति का अनुप्रयोग.
इन विषयों पर समिति निम्नलिखित प्रतिनिधियों के विचार सुनेगी
1. सचिव, विद्यालय शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय
2. अध्यक्ष, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले SP-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर मंथन शुरू
साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश ने पार्टी नेताओं, सांसदों और विधायकों से सुझाव मांगे हैं कि उनके जिलों में कांग्रेस को कौन-कौन सी सीटें दी जा सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक, सपा कांग्रेस के लिए लगभग 60 से 80 सीटों की सूची तैयार कर रही है, जबकि सभी 403 सीटों पर अपने संभावित उम्मीदवारों की भी पहचान कर रही है. कांग्रेस शुरुआती बातचीत में करीब 120 सीटों की मांग रख सकती है. हालांकि, अंतिम समझौता लगभग 80 सीटों के आसपास हो सकता है. दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व गठबंधन के पक्ष में हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई नेता सीटें कम होने की आशंका के चलते असहज हैं.

यूपी में 10% महंगी नहीं होगी बिजली
उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए भीषण गर्मी में राहत की राहत की खबर है. यूपी में बिजली 10% महंगी नहीं होगी, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा जून महीने के बिलों में प्रस्तावित 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज पर रोक लगा दी है.