दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक धमाका हुआ है, जिसकी वजह से मकान गिर गया है. मकान के मलबे के नीचे कुछ लोगों के दबे होने की सूचना आ रही है. यूपी में बिजली 10% महंगी नहीं होगी, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा जून महीने के बिलों में प्रस्तावित 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज पर रोक लगा दी है. जून महीने की शुरुआत इस बार भीषण गर्मी के बजाय राहत भरे मौसम के साथ हुई है. दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान के चलते पारा गिर गया है. हीट वेव कहीं चलती नजर नहीं आ रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून की शुरुआती सक्रियता की वजह से यह मौसम बदलाव देखने को मिल रहा है. इधर, CBSE ने छात्रों की आंसर शीट्स बदले जाने और कम नंबर के विवाद में आखिरकार उस कंपनी के खिलाफ एक्शन लेना शुरू कर दिया है, जिसे टेंडर दिया गया था. शिक्षा मंत्रालय ने सीओईएमपीटी को ठेका देने के संबंध में सीबीएसई से रिपोर्ट मांगी गई है. टेंडर प्रोसेस की डिटेल जुटाई जा रही हैं. शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी. दिनभर की ऐसी ही ताजा खबरों को हम यहां सबसे पहले देने की कोशिश करेंगे, बने रहें हमारे साथ.
Breaking News LIVE Updates...
मुंबई में भी सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग
उत्तर प्रदेश के बाद मुंबई में भी सड़कों पर नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग उठने लगी है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने मुंबई की सड़कों और रेलवे स्टेशनों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने मुंबई महानगरपालिका के कमिश्नर और मुंबई पुलिस कमिश्नर को एक आधिकारिक पत्र भेजा है. कमिश्नर को लिखे पत्र में सोमैया ने उल्लेख किया है कि मुंबई के कई हिस्सों में, विशेष रूप से रेलवे स्टेशनों के बाहर और व्यस्त सड़कों पर सार्वजनिक रूप से नमाज अदा की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि इसके कारण स्थानीय यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. 
दिल्ली के बुराड़ी में ब्लास्ट के बाद गिरा मकान, कई लोग दबे
दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक धमाका हुआ है, जिसकी वजह से मकान गिर गया है. मकान के मलबे के नीचे कुछ लोगों के दबे होने की सूचना आ रही है. राहत और बचाव में टीमें लगी हई हैं. ब्लास्ट कैसे हुआ, अभी ये साफ नहीं है. दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं.
भारत में विदेशियों के लिए बदले नियम, MHA ने जारी किया नोटिस
गृह मंत्रालय (MHA) ने आव्रजन एवं विदेशी (संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित कर दिया है, जिसमें आव्रजन एवं विदेशी नियम, 2025 के अंतर्गत पंजीकरण समयसीमा, आपातकालीन प्रावधानों और अपील तंत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. महत्वपूर्ण बदलावों में से एक विदेशियों के लिए पंजीकरण समयसीमा से संबंधित है. संशोधन के अनुसार, भारत में आगमन के 180 दिन पूरे होने से पहले कभी भी पंजीकरण कराया जा सकता है, जबकि पहले 180 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद 14 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य था. हालांकि, इस अवधि के बाद पंजीकरण केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही स्वीकार किया जाएगा.

CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग पर संसदीय स्थायी समिति की बैठक आज
शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक सुबह 11:00 बजे संसद भवन के पीएचए में होगी. इस बैठक में समिति निम्नलिखित विषयों की समीक्षा करेगी.
1. कक्षा 12 की सीबीएसई परीक्षाओं में ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) का उपयोग और इसके परिणामस्वरूप छात्रों को होने वाली समस्याएं.
2. कक्षा 9 और 10 में त्रिभाषी पद्धति का अनुप्रयोग.
इन विषयों पर समिति निम्नलिखित प्रतिनिधियों के विचार सुनेगी
1. सचिव, विद्यालय शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय
2. अध्यक्ष, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले SP-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर मंथन शुरू
साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश ने पार्टी नेताओं, सांसदों और विधायकों से सुझाव मांगे हैं कि उनके जिलों में कांग्रेस को कौन-कौन सी सीटें दी जा सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक, सपा कांग्रेस के लिए लगभग 60 से 80 सीटों की सूची तैयार कर रही है, जबकि सभी 403 सीटों पर अपने संभावित उम्मीदवारों की भी पहचान कर रही है. कांग्रेस शुरुआती बातचीत में करीब 120 सीटों की मांग रख सकती है. हालांकि, अंतिम समझौता लगभग 80 सीटों के आसपास हो सकता है. दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व गठबंधन के पक्ष में हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई नेता सीटें कम होने की आशंका के चलते असहज हैं.

यूपी में 10% महंगी नहीं होगी बिजली
उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए भीषण गर्मी में राहत की राहत की खबर है. यूपी में बिजली 10% महंगी नहीं होगी, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा जून महीने के बिलों में प्रस्तावित 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज पर रोक लगा दी है.