- पुणे के 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है
- केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने किले में मौजूद लोगों से आगे आकर पुलिस को जानकारी देने की अपील की है
- मृतक के दादा देवीचंद अग्रवाल ने सिया गोयल के परिवार पर शादी के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है
पुणे के 25 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. इधर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भी उन लोगों से अपील की है जो घटना के दिन लोहागढ़ किले में मौजूद थे कि वे आगे आएं और पुलिस को जानकारी दें. उन्होंने कहा कि कुछ लोग हमें मैसेज करके बता रहे हैं कि वे किले में मौजूद थे, लेकिन वे पुलिस से संपर्क नहीं कर रहे हैं.
केतन के पिता ने कहा कि परिवार को न्याय के अलावा और कुछ नहीं चाहिए. जब तक हमारे बेटे को न्याय नहीं मिल जाता, हम लड़ते रहेंगे. उन्होंने बताया कि घटना के दिन लोहागढ़ किले पर कई लोग मौजूद थे, इसीलिए उनसे अपील है कि वे आगे आएं और इस संबंध में कोई भी जानकारी हो पुलिस से साझा करें.

देवीचंद अग्रवाल ने रोते हुए कहा, 'हम चाहते हैं कि पुलिस इस शादी के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की जांच करे. इन दोनों आरोपियों (सिया और चेतन) को मौत की सजा मिलनी चाहिए.'
मृतक की मां ने भी न्याय की मांग की और दोनों आरोपियों के लिए मौत की सजा के साथ-साथ सिया गोयल के परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की.
केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) को 18 जून को पुणे जिले के मावल तालुका स्थित लोहागढ़ किले की एक चट्टान से केतन को खाई में धक्का देकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, सिया और केतन (25) की शादी नवंबर में होने वाली थी, लेकिन सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी. आरोप है कि सिया और चेतन ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उस योजना को अंजाम दिया.

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश में 18 जून से पहले और घटना के बाद अपने मोबाइल फोन से चैट रिकॉर्ड हटा दिया. हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि जांच अभी जारी है और पूछताछ के दौरान दिए गए बयानों की पुष्टि के लिए और सबूत जुटाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: फिर से लोहागढ़ किले पहुंचे सिया और चेतन, इस बार पुलिस के साथ; हुआ एक और बड़ा खुलासा
इसे भी पढ़ें: केतन की हत्या में चेतन का नाम कैसे आया, सिया की एक गलती ने ही पीड़ित परिवार को किया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं