विज्ञापन

एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है: प्रधानमंत्री मोदी

मोदी ने केरल से रोजगार के लिए युवाओं के पलायन का भी जिक्र किया और कहा कि यह राज्य की सबसे बड़ी समस्या है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता केरल के विकास में दो सबसे बड़ी बाधाएं हैं और इनसे निपटने के लिए एलडीएफ को हराना जरूरी है.

एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है: प्रधानमंत्री मोदी
  • प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केरल में भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन जल्द सत्ता में आएगा.
  • मोदी ने केरल के विकास में पिछड़ापन बताया और कहा कि राज्य के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचा खराब है.
  • प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सबरी रेल परियोजना में देरी से तिरुवल्ला के लोगों को नुकसान हुआ है.
तिरुवल्ला (केरल):

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और केरल में भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में आयेगा. मोदी ने पथनमथिट्टा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एलडीएफ सरकार की विदाई करने के लिए काफी उत्साह दिखाया है.

राज्य विधानसभा की 140 सीट के लिए नौ अप्रैल को चुनाव होगा. अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा राज्य की सत्ता में आती है, तो वह केरल में विकास सुनिश्चित करेगी, जैसा कि उसने गोवा और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में से छह में किया है, जहां वह सत्ता में है और वहां ईसाई आबादी काफी अधिक है.

उन्होंने कहा कि केरल में अपार संभावनाएं हैं, फिर भी विकास की दौड़ में यह अन्य राज्यों से पीछे है. उन्होंने आरोप लगाया कि केरल के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब है, क्योंकि एलडीएफ और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इस पर ध्यान नहीं दिया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में राजग सरकार ने केरल के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है, जबकि राज्य में अभी तक भाजपा की सरकार नहीं रही है. उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने केरल में विकास पर कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकारों की तुलना में पांच गुना अधिक खर्च किया है.

मोदी ने राज्य में वामपंथी सरकार पर सबरी रेल परियोजना में देरी करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि इससे तिरुवल्ला के लोगों को काफी नुकसान हुआ है.

उन्होंने कहा कि जब केरल में भाजपा की ‘डबल इंजन' वाली सरकार सत्ता में आएगी, तो सभी बाधाएं दूर हो जाएंगी और ‘‘यह मोदी की गारंटी है.'' प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश में, अगर किसी समूह को राजग की नीतियों से सबसे ज्यादा फायदा होता है, तो वे ‘‘मेरी माताएं, बहनें, बेटियां और महिलाएं'' हैं.

मोदी ने केरल से रोजगार के लिए युवाओं के पलायन का भी जिक्र किया और कहा कि यह राज्य की सबसे बड़ी समस्या है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता केरल के विकास में दो सबसे बड़ी बाधाएं हैं और इनसे निपटने के लिए एलडीएफ को हराना जरूरी है.

मोदी ने पश्चिम एशिया संकट पर कहा, ‘‘कांग्रेस खाड़ी देशों को नाराज करने वाले बयान दे रही है, जाहिर तौर पर वह मुझ पर हमला करने और राजनीतिक लाभ पाने के लिए ऐसा कर रही है.'' उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता खाड़ी देशों में रहने वाले केरल के मेरे भाइयों और बहनों की सुरक्षा है.''

ये भी पढ़ें :  कटिहार में युवक की मौत पर भड़की भीड़ का पुलिस पर हमला, राइफल छीनी, कहा- बिहारी का पॉवर देख लीजिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala Assembly Elections, Prime Minister Modi, LDF, Keralaassemblyelection2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com