- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी से मेकेदातु बांध प्रस्ताव को खारिज करने का आग्रह किया है
- सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार कर्नाटक को बांध बनाने के लिए तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की सहमति जरूरी है
- विजय का तर्क है कि मेकेदातु बांध कावेरी जल विवाद संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन होगा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखकर उनसे कर्नाटक के मेकेदातु में बांध बनाने के प्रस्ताव को खारिज करने का आग्रह किया है. मेकेदातु वह इलाका है जो दोनों राज्यों की सीमा के करीब है. विजय ने यह चिट्ठी तब लिखी है, जब कर्नाटक सरकार बांध बनाने के लिए भूमि पूजन करने वाली है. बताया जा रहा है कि विजय जल्द ही दिल्ली का दौरा भी करेंगे.
कावेरी जल को लेकर दशकों से चले आ रहे विवाद के बीच, कर्नाटक रामनगर जिले के कनकपुरा के पास मेकेदातु में एक बांध बनाने की योजना बना रहा है. मेकेदातु का मतलब है- बकरी का रास्ता. विजय का तर्क है कि बांध बनाना कावेरी वाटर ट्रिब्यूनल के उस फैसले के खिलाफ होगा, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया है.
2018 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, कावेरी नदी के ऊपरी हिस्से में स्थित राज्य, नदी के निचले हिस्से में स्थित राज्यों की सहमति के बिना कोई भी बांध या जलाशय नहीं बना सकते. इस मामले में, मेकेदातु बांध बनाने के लिए कर्नाटक को तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की सहमति की जरूरत होगी.
यह भी पढ़ेंः मैं 15 साल सड़क पर घूमता रहा... विजय की सियासी सफलता पर आंध्र के डिप्टी सीएम पवन कल्याण को हो रही थोड़ी-थोड़ी 'जलन'
विजय ने PM मोदी से क्या अपील की?
विजय ने अपनी चिट्ठी में लिखा, 'मेकेदातु बांध उन परियोजनाओं की सूची में शामिल नहीं है जिन्हें ट्रिब्यूनल ने अनुमति दी है.'
चिट्ठी में आगे कहा गया है, 'अतिरिक्त पानी का इस्तेमाल या कोई बड़ा जलाशन बनाने की कोई गुंजाइश नहीं है, क्योंकि कावेरी बेसिन पहले ही डेफिसिट बेसिन घोषित किया जा चुका है. साथ ही 50% निर्भरता के आधार पर पानी का बंटवारा संबंधित राज्यों के बीच पहले ही किया जा चुका है. इसलिए कर्नाटक का एक नया जलाशय बनाने का प्रस्ताव रखना, सुप्रीम कोर्ट के फैसले का साफ तौर पर उल्लंघन माना जाएगा.'
கர்நாடக அரசால் காவிரி ஆற்றின் குறுக்கே மேகதாது அணை தொடர்பாக உத்தேசிக்கப்பட்டுள்ள பூமிபூஜை நிகழ்வைத் தொடர்ந்து, தமிழ்நாட்டின் உரிமையை நிலைநாட்டிடவும், விவசாயிகளின் நலனைக் காத்திடவும், மாண்புமிகு தமிழ்நாடு முதலமைச்சர் திரு.ச.ஜோசப் விஜய் அவர்கள், மாண்புமிகு இந்தியப் பிரதமர்… pic.twitter.com/wRGCgeXrf8
— TN DIPR (@TNDIPRNEWS) May 26, 2026
विजय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को कर्नाटक सरकार को यह सलाह देनी चाहिए कि वे नदी के निचले हिस्से में स्थित राज्यों की सहमति के बिना कोई भी नई परियोजना शुरू न करें और न ही सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन करें.
यह भी पढ़ेंः भरोसे के लायक नहीं है, कांग्रेस के कारण जीत रही भाजपा; 'दोस्ती' तोड़ने पर भड़के उदयानिधि स्टालिन ने सुना डाला
मेकेदातु को लेकर तनातनी!
मेकेदातु बांध को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु में तनातनी होने लगी है. एक दिन पहले ही विजय ने अपने अधिकारियों को मेकेदातु बांध को लेकर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.
पिछले हफ्ते, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा था कि मेकेदातु प्रोजेक्ट के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) जल्द ही केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी और इसकी मंजूरी मिलने के बाद शिलान्यास समारोह होगा.
उन्होंने कहा था, 'तमिलनाडु को 177 टीएमसी पानी छोड़ने का आदेश है. हम आने वाले दिनों में इस समस्या को हल करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे. सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि तमिलनाडु को मेकेदातु प्रोजेक्ट पर आपत्ति जताने का कोई हक नहीं है और इस पर फैसला केंद्रीय जल आयोग को ही लेना होगा.'
शिवकुमार की इन टिप्पणियों से काफी हंगामा मच गया है. विपक्षी पार्टी डीएमके ने आरोप लगाया है कि शिवकुमार ने 'अहंकारी रवैया' दिखाया है, क्योंकि उनका दावा था कि तमिलनाडु को इस परियोजना पर आपत्ति जताने का कोई अधिकार नहीं है. डीएमके ने मांग की थी कि मुख्यमंत्री विजय को शुरुआती फेज में ही इस परियोजना को फेल कर देना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः राज्यसभा चुनाव से संसद में नए समीकरण, विजय की TVK की एंट्री तय, बड़े नेताओं के भविष्य पर सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं