- कर्नाटक में विधान परिषद की 7 सीटों पर गुरुवार को मतदान जारी है. इन 7 सीटों के लिए 8 उम्मीदवार मैदान में हैं.
- इस मतदान के बीच कर्नाटक में भाजपा के दो विधायक सीएम डीके शिवकुमार के साथ नजर आए.
- भाजपा के इन दोनों विधायकों के क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस MLC की पांचवीं सीट जीत सकती है.
कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) की 7 सीटों पर आज मतदान हो रहा है. इन सात सीटों के लिए 8 उम्मीदवार मैदान में हैं. इस बीच मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ BJP के दो विधायक पोज देते नजर आएं. CM के साथ BJP विधायकों की इस तस्वीर को क्रॉस वोटिंग के डर से जोड़ कर देखा जा रहा है. कहा जा रहा है कि कर्नाटक के CM डीके शिवकुमार ने यहां भाजपा के साथ खेला कर दिया है. सीएम डीके शिवकुमार के साथ नजर आ रहे भाजपा विधायक ST सोमशेखर और शिवराम हेब्बार हैं. माना जा रहा है कि BJP के इन विधायकों की क्रॉस-वोटिंग से कांग्रेस को काउंसिल में पांचवीं सीट हासिल करने के लिए जरूरी संख्या जुटाने में मदद मिलेगी.
डीके के सीएम बनने के बाद यह पहली चुनावी लड़ाई
कर्नाटक में कुछ दिनों पहले हुए सत्ता परिवर्तन और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के कार्यभार संभालने के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए यह पहली चुनावी लड़ाई है. कर्नाटक विधानसभा के सदस्य विधान सौध में मतदान कर रहे हैं. मतदान के बीच भाजपा के दो विधायकों का सीएम के साथ पोज देना खेला की ओर इशारा कर रहा है.
हर उम्मीदवार को जीत के लिए चाहिए 28 विधायक
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना शाम पांच बजे शुरू होगी. अधिकारियों ने बताया कि जीत के लिए हर उम्मीदवार को कम से कम 28 वोट की जरूरत है. अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा में अपनी संख्या बल के आधार पर कांग्रेस और भाजपा क्रमशः चार और दो सीट आसानी से जीत सकती हैं.
दावा- डीके ने पांचवीं सीट जीतने की जुगत लगा ली
हालांकि सातवीं सीट के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, क्योंकि कांग्रेस और जनता दल (सेक्यूलर) दोनों ने उम्मीदवार उतारे हैं. अकेले दम पर किसी के पास इस सीट को जीतने की ताकत नहीं है. मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व में सत्तारूढ़ कांग्रेस निर्दलीय और भाजपा से निष्कासित विधायकों की मदद से सात में से पांच सीट जीतने की जुगत लगा रही है.
कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के उम्मीदवार
चुनावी मैदान में कांग्रेस के टी. कामकनूर, पी वी मोहन, बी.के. हरिप्रसाद (प्रदेश अध्यक्ष), शिवन्ना बी.एस. और विनय कार्तिक प्रकाश हैं. भाजपा की ओर से लिंगराज पाटिल और रघु आर तथा जद(एस) से गोविंदराजू मैदान में हैं.
कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस के 134, भाजपा के 62 और जद(एस) के 18 विधायक हैं. इसके अलावा कल्याण राज्य प्रगति पक्ष और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष का एक-एक, दो निर्दलीय, तीन असंबद्ध सदस्य और अध्यक्ष हैं. दो सीटें रिक्त हैं.
यह भी पढ़ें - कर्नाटक में 'डीके राज': शिवकुमार बने मुख्यमंत्री, कई मंत्रियों के साथ नई सरकार की हुई शुरुआत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं