कर्नाटक की सियासत में लंबे इंतजार के बाद बड़ा बदलाव हो गया है. कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. बेंगलुरु के लोक भवन में हुए समारोह के साथ ही राज्य में सत्ता का नया अध्याय शुरू हो गया है.
डीके शिवकुमार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने लोक भवन में शाम 4:05 बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
कैबिनेट में सभी बड़े समुदायों को प्रतिनिधित्व
नई कैबिनेट में वोक्कालिगा, दलित, लिंगायत, मुस्लिम, क्रिश्चियन, एसटी और ओबीसी समुदायों को संतुलित तरीके से जगह दी गई है. खुद मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं, जबकि डिप्टी सीएम जी. परमेश्वर दलित चेहरे के तौर पर शामिल हैं.
कौन-कौन शामिल, किसे क्या मिला
डीके शिवकुमार (CM) के अलावा कैबिनेट में डॉ. जी. परमेश्वर (डिप्टी सीएम) के साथ के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जरकीहोली, कृष्णा बायर गौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खांद्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, बायराठी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल जैसे नेता शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- देश के सबसे अमीर CM डीके शिवकुमार, ₹1400 करोड़ की संपत्ति और लगातार 8 जीत का 'अजेय' रिकॉर्ड
सत्ता परिवर्तन के बाद नया चेहरा
यह शपथग्रहण उस सत्ता परिवर्तन की कड़ी है, जिसके तहत पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हाल ही में पद छोड़ा था. इसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने शिवकुमार को नेतृत्व की कमान सौंपी है. शपथ समारोह में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए.
लंबे सियासी संघर्ष के बाद मिली कुर्सी
आठ बार विधायक रहे डीके शिवकुमार लंबे समय से मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे. उन्हें कांग्रेस का ‘ट्रबलशूटर' भी माना जाता है, जिन्होंने कई राजनीतिक संकटों में अहम भूमिका निभाई है.
देश के सबसे अमीर सीएम हैं शिवकुमार
बताते चलें कि डी के शिवकुमार देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं. वो 1440 करोड़ रुपये से ज्यादा संपत्ति के मालिक हैं. उन्हें देश के सबसे अमीर नेताओं और विधायकों में गिना जाता है. राजनीति के अलावा वो माइनिंग, रियल एस्टेट और एजुकेशन सेक्टर के एक सफल कारोबारी हैं.
ADR की एक रिपोर्ट के अनुसार, डीके शिवकुमार भारत के सबसे अमीर विधायक हैं. अब वे देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री भी होंगे. डीके शिवकुमार के पास 1,413 करोड़ रुपये की संपत्ति है. डीके शिवकुमार का बिजनेस एम्पायर मुख्य रूप से रियल एस्टेट, कंस्ट्रक्शन, माइनिंग (खनन) और शिक्षा क्षेत्रों में फैला हुआ है. बेंगलुरु में स्थित ग्लोबल मॉल के वे मालिक हैं, जिसकी कीमत करीब 900 करोड़ है.
वे कई प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपर्स कंपनियों में हिस्सेदारी रखते हैं. उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार वीक्रॉस डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड, कौस्तूबा प्रोजेक्ट्स और आईकॉन प्रोजेक्ट्स जैसी कंपनियों में उनके बड़े शेयर और निवेश हैं.

अजेय चुनावी जीत का रिकॉर्ड
डीके शिवकुमार जितने सफल बिजनेसमैन हैं, उतने ही सफल राजनेता भी हैं. उन्हें कांग्रेस का संकट मोचन माना जाता है. उन्होंने 1989 से अब तक लगातार 8 बार विधानसभा चुनाव जीता है. वह कर्नाटक के कनकपुरा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं. यहां उनकी मजबूत पकड़ है. उन्हें 'कनकपुरा का रॉकस्टार' और 'कनकपुर बंदा' कहा जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं