विज्ञापन

MLC बनाने के नाम पर 1.5 करोड़ की ठगी, बेंगलुरु की समाजसेवी महिला ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप

कर्नाटक में MLC पद दिलाने के नाम पर कथित 1.5 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. एक महिला समाजसेवी ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक पहुंच का दावा करने वाले व्यक्ति ने उनसे बड़ी रकम ली और बाद में दिल्ली यात्रा के दौरान यौन उत्पीड़न भी किया.

MLC बनाने के नाम पर 1.5 करोड़ की ठगी, बेंगलुरु की समाजसेवी महिला ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
Karnataka MLC Scam: MLC बनाने के नाम पर 1.5 करोड़ की ठगी, महिला ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
File Photo
बेंगलुरु:

कर्नाटक में एमएलसी (विधान परिषद सदस्य) पद दिलाने के नाम पर कथित 1.5 करोड़ रुपये की ठगी और यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बेंगलुरु की एक 54 वर्षीय महिला समाजसेवी ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मीडिया सलाहकार बताकर उन्हें विधान परिषद में नामांकन दिलाने का भरोसा दिया था. इस आश्वासन के बदले उनसे करोड़ों रुपये मांगे गए और बाद में कथित तौर पर बड़ी रकम वसूल ली गई. महिला ने आरोप लगाया है कि दिल्ली यात्रा के दौरान उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया. अदालत के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

MLC बनाने का दिया गया था कथित आश्वासन

एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला एक चैरिटेबल ट्रस्ट का संचालन करती हैं. उनका आरोप है कि उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से जुड़ा मीडिया सलाहकार बताया. महिला का कहना है कि आरोपी ने दावा किया कि उसके दिल्ली स्थित एआईसीसी (AICC) नेताओं से करीबी संबंध हैं और वह उन्हें कर्नाटक विधान परिषद का सदस्य (MLC) बनवा सकता है.

5 करोड़ की मांग, बाद में 1.25 करोड़ पर हुई बात

शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में आरोपी ने राजनीतिक नियुक्ति कराने के लिए 5 करोड़ रुपये की मांग की थी. महिला द्वारा इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर कथित तौर पर सौदा 1.25 करोड़ रुपये में तय हुआ. महिला का आरोप है कि उसने परिचितों से उधार लेकर अगस्त 2024 में आरोपी के निर्देश पर बेंगलुरु में दो सहयोगियों को 1 करोड़ रुपये सौंपे. आरोप है कि इन लोगों ने भरोसा दिलाया कि एमएलसी पद के लिए नामांकन सुनिश्चित करा दिया जाएगा. इसके बाद कथित रूप से महिला ने मल्लेश्वरम स्थित एक सरकारी अस्पताल के पास एक महिला को 5 लाख रुपये और दिए.

दिल्ली बुलाकर इंटरव्यू का दिया झांसा

शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में उसे बताया गया कि एआईसीसी के वरिष्ठ नेता उसका इंटरव्यू लेना चाहते हैं. इसी बहाने उसे दिल्ली ले जाया गया. महिला का आरोप है कि करोल बाग स्थित एक होटल में ठहरने के दौरान आरोपी देर रात उसके कमरे में आया और उसके साथ अनुचित व्यवहार करते हुए यौन उत्पीड़न किया. महिला का कहना है कि उसने आरोपी का विरोध किया और खुद को कमरे के भीतर बंद कर लिया.

पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप

एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया है कि जब उसे यह एहसास हुआ कि उसे कोई राजनीतिक पद नहीं मिलने वाला है, तब उसने अपनी रकम वापस मांगी. शिकायत के मुताबिक, पैसे लौटाने की मांग करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और चुप रहने के लिए दबाव बनाया.

अदालत के आदेश पर FIR

मामले की शिकायत अदालत में पहुंचने के बाद बेंगलुरु की अदालत ने एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया. अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने ठगी, आपराधिक विश्वासघात, धमकी और यौन उत्पीड़न से जुड़े आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब कथित लेन-देन, आरोपियों की भूमिका और दिल्ली यात्रा से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.

जांच जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. जांच अधिकारी कथित धनराशि के लेन-देन, संबंधित व्यक्तियों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें : कर्नाटक में BJP के साथ खेला! CM DK के साथ पोज देते दिखे दो विधायक, MLC चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर

यह भी पढ़ें : कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग पर बेहद सख्त भाजपा, NDA के 12 विधायकों पर संदेह; एक्शन की तैयारी

यह भी पढ़ें : BJP के 5, JDS के 6 विधायक तोड़े, कांग्रेस को दिलाई पांचों सीटें... कर्नाटक MLC चुनाव में DK शिवकुमार ने कैसे कराया खेला?

यह भी पढ़ें : कर्नाटक में विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर BJP गंभीर, नितिन नबीन ने प्रदेश अध्यक्ष को किया तलब, बनाई जांच कमेटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka MLC Election, MLC Nomination, Bengaluru News, Political Appointments, Karnataka
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com