- कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शख्स ने पैसों के लिए अपने जिगरी दोस्त पुट्टाराजू की हत्या कर दी
- शफी को अपनी दूसरी पत्नी के लिए गिफ्ट खरीदने थे, इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी
- शफी ने दोस्त को सोने की नीलामी के बहाने बुलाकर वन क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार से मार दिया
कर्नाटक के तुमकुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक शख्स ने अपने जिगरी दोस्त की हत्या कर दी. वजह ऐसी कि सुनकर आप भी कहेंगे कि कोई ऐसा कैसे कर सकता है. दरअसल आरोपी को अपनी दूसरी पत्नी के लिए गिफ्ट खरीदना था, जिसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी. जिसके लिए पहले तो उसने अपने दोस्त को मौत के घाट उतारा और फिर उसके पैसे चुराकर पत्नी के लिए गिफ्ट खरीदे. यह मामला तुमकुरु जिले के टिप्पुर तालुक का है.
ये भी पढ़ें- 3 दिन पुराना सांभर... पति से लंच पर हुई भयंकर लड़ाई और पत्नी ने मौत को गले लगाया
आरोपी शफी चिक्कमगलुरु जिले के बिरूर का रहने वाला है. उसने अपने जिगरी दोस्त पुट्टाराजू को महज कुछ लाख के लिए मौत के घाट उतार दिया. पुट्टाराजू पेशे से एक वेल्डर था. होन्नावली पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में शफी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या का ये मामला 19 फरवरी का है. शफी ने कथित तौर पर पुट्टाराजू को एक फाइनेंस कंपनी द्वारा आयोजित सोने की नीलामी में शामिल होने के बहाने बुलाया. दोस्त पर विश्वास कर पुट्टाराजू सुबह करीब11 बजे 2.5 लाख रुपये नकद लेकर घर से निकला. शफी उसे अपनी बाइक पर होन्नावल्ली के पास एक वन क्षेत्र में ले गया. वहां पर उसने दिनदहाड़े कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और नकदी लेकर फरार हो गया.

दोस्त की हत्या कर लूटी रकम, पत्नी के लिए खरीदे तोहफे
अगली सुबह, वन के रास्ते से गुजर रहे एक दूध बेचने वाले ने सड़क किनारे एक शव देखा तो तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी. जिसके बाद होन्नावल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने पीड़ित की पहचान पुट्टाराजू के रूप में की. वहीं पुलिस आरोपी शफी तक पहुंचने में कामयाब रही. जांच में खुलासा हुआ कि दोस्त की हत्या के बाद शफी एक लॉज में रह रही अपनी दूसरी पत्नी से मिलने पहुंचा. उसे उसने 60,000 रुपये दिए. उन पैसों से उसके लिए एक नया टीवी भी खरीदा. पुलिस ने शफी को धर दबोचा. मामले में आगे की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं