कर्नाटक के सीएम कुमारस्वामी
नई दिल्ली:
- कर्नाटक में एक बार फिर सियासी नाटक शुरू हो गया है. कर्नाटक कांग्रेस के पांच विधायक इस समय मुंबई में हैं. ये सभी पार्टी से नाराज़ बताए जा रहे हैं. आज ये विधायक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर अपनी रणनीति का ऐलान कर सकते हैं. बीजेपी सूत्रों का दावा है कि कल 11 विधायक उनके संपर्क में हैं.
- इधर कर्नाटक कांग्रेस की एक बैठक आज कुमारक्रुपा गेस्ट हाउस में हो रही है. इस बैठक में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी पहुंचे हैं. कांग्रेस के पांच विधायकों के मुंबई पहुंचने के बाद ये रणनीति बनाने के लिए ये बैठक हो रही है.
- इधर कर्नाटक बीजेपी के भी 104 विधायकों को गुड़गांव के नज़दीक होटल ITC ग्रैंड भारत में रखा गया है. दिल्ली आए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को बात कर कांग्रेस पर जोड़ तोड़ का आरोप लगाया और कहा कि वो उनके कुछ विधायकों को मंत्री पद और दूसरी चीज़ों का लालच दे रहे हैं.
- राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि स्थिर सरकार चलाने के लिए उनके पास 'पर्याप्त संख्या बल' है. इस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस के छह से आठ विधायक भाजपा के साथ जाने के लिए तैयार हैं और कुछ विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है.
- वहीं राज्य बीजेपी के प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने इन खबरों को खारिज कर दिया कि सरकार गिराने के लिए उनकी पार्टी 'ऑपरेशन कमल' में लगी हुई है.
- उन्होंने कहा कि आरोपों में कोई सत्यता नहीं है और कहा कि कांग्रेस- जदएस गठबंधन उनकी पार्टी के विधायकों को लालच देने का प्रयास कर रहा है.
- उन्होंने कहा कि भाजपा 'सतर्क और सावधान' है क्योंकि मुख्यमंत्री 'शक्ति और धन' का इस्तेमाल कर हमारे विधायकों को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं.
- कांग्रेस ने भी कहा कि येदियुरप्पा, सरकार को अस्थिर करने का 'व्यर्थ प्रयास' कर रहे हैं. 224 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 104 विधायक, कांग्रेस के 79, जद एस के 37, बसपा, केपीजेपी और निर्दलीय के एक-एक विधायक हैं. बसपा, केपीजेपी और निर्दलीय विधायक गठबंधन सरकार का समर्थन कर रहे हैं.
- मीडिया में इस तरह की खबर आई थी कि कांग्रेस विधायक भाजपा में जाने के लिए तैयार हैं और कुछ विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है जिसके बाद सरकार को खतरे की संभावना के कयास लगाए जाने लगे थे.
- ‘ऑपरेशन कमल' का जिक्र 2008 में भाजपा द्वारा विपक्ष के कई विधायकों का दल बदल करवाकर तत्कालीन बी एस येदियुरप्पा सरकार की स्थिरता सुनिश्चत कराने के लिए किया जाता है.
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Karnataka Into Crisis