विज्ञापन

BJP MLA की बेटी ने लेडी SI को मारा था थप्पड़, अब MLA ने NDTV पर मांगी माफी

कर्नाटक मंदिर विवाद के बाद भाजपा विधायक सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी ऐश्वर्या गौड़ा द्वारा एक पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारने की घटना पर NDTV पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उन्होंने इस हरकत को गलत बताया और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी.

BJP MLA की बेटी ने लेडी SI को मारा था थप्पड़, अब MLA ने NDTV पर मांगी माफी
BJP MLA की बेटी और महिला SI के बीच थप्पड़बाजी; NDTV से बोले विधायक, बेटी की गलती का बचाव नहीं करूंगा

कर्नाटक के मांड्या जिले के एक मंदिर में महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर सविता बी. पाटिल को थप्पड़ मारते हुए कैमरे में कैद होने के बाद BJP विधायक की बेटी ऐश्वर्या गौड़ा सुर्खियों में हैं. उनके व्यवहार को लेकर लोगों में गुस्सा है. इस मामले पर भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने NDTV से विशेष बातचीत की. उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी बेटी ऐश्वर्या गौड़ा की हरकत गलत थी. उन्होंने कहा कि वह इस घटना के लिए जनता से माफी मांग चुके हैं और अपनी बेटी का बचाव नहीं करेंगे. साथ ही उन्होंने वीआईपी संस्कृति और विशेषाधिकार से जुड़े आरोपों पर भी अपनी बात रखी तथा कहा कि यदि महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ कोई शिकायत है तो उसकी जांच अलग से की जानी चाहिए.

उस दिन क्या हुआ यह जानना जरूरी; मेरी बेटी ने गलती की: गौड़ा

NDTV से खास बातचीत में बी. सुरेश गौड़ा से जब पूछा गया कि मंदिर की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. आपकी बेटी ने एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ मारा है. इसका कोई बचाव नहीं हो सकता. इस पर गौड़ा ने कहा कि "उस दिन क्या हुआ यह जानना जरूरी है. 12 अगस्त को भीमन्ना अमावस्या थी. मेरी बेटी श्रीरंगपट्टनम के आरती मारम्मा मंदिर गई थी. उसके साथ दो छोटे बच्चे थे, एक दो साल का और दूसरा तीन साल का. मंदिर पहुंचने के बाद उसने सब-इंस्पेक्टर से अनुरोध किया कि उसे अंदर जाने दिया जाए, क्योंकि करीब 10 दिन पहले बच्चों को चिकनपॉक्स हुआ था और वह पुजारी से उनके लिए आशीर्वाद लेना चाहती थी. लेकिन सब-इंस्पेक्टर ने उसे अनुमति नहीं दी. कुछ मिनट बाद कुछ अन्य लोगों को अंदर जाने दिया गया. तब मेरी बेटी ने पूछा कि जब दूसरे लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है तो उसे क्यों रोका जा रहा है. उसने कहा कि उसके साथ छोटे बच्चे हैं और वह सिर्फ आशीर्वाद दिलवाना चाहती है. उसी दौरान बहस हुई. उसके बाद क्या हुआ, मुझे ठीक से नहीं पता. मेरी बेटी का कहना है कि सब-इंस्पेक्टर ने उसे, उसके पति और यहां तक कि बच्चों को भी अपशब्द कहे. इसके बाद वह खुद को कंट्रोल में नहीं रख सकी.

बी. सुरेश गौड़ा ने आगे कहा कि  देखिए, मैं यह नहीं कह रहा कि मेरी बेटी ने जो किया वह सही था. उसने गलती की है. लेकिन कई बार किसी बात पर प्रतिक्रिया हो जाती है. किसी बात से गुस्सा आ सकता है.

मेरी बेटी पहले ही माफी मांग चुकी है. मैं भी माफी मांग चुका हूं. जो हुआ, वह गलत हुआ. दोनों महिलाएं हैं. वह भी पुलिस अधिकारी हैं और मेरी बेटी भी एक पुलिस अधिकारी की पत्नी है. हम मंदिर शांति के लिए जाते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से यह घटना हो गई.

'कानून से ऊपर कोई नहीं; कोशिश करूंगा कि मेरी बेटी भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करे'

पुलिस अधिकारी की शिकायत में कहा गया है कि आपकी बेटी ने रौब दिखाते हुए कहा, “क्या तुम्हें पता है मैं कौन हूं? इसका जिक्र करते हुए जब NDTV ने गौड़ा से पूछा कि एफआईआर में गंभीर धाराएं लगी हैं. जिनमें सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकना, चोट पहुंचाना, जानबूझकर अपमान करना और धमकाना शामिल है. इस पर गौड़ा ने कहा कि अगर पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने भी कोई गलती की है तो उसकी जांच भी अलग से होनी चाहिए. हमने भी शिकायत की है. उसकी भी निष्पक्ष जांच हो.

गौड़ा ने आगे कहा कि  कानून से ऊपर कोई नहीं है. सभी को कानून का पालन करना चाहिए. मैं साफ कह रहा हूं कि मेरी बेटी ने जो किया वह गलत था. मैंने उसी दिन कहा था कि इसे और आगे नहीं बढ़ाना चाहिए. दोनों के बीच मारपीट हुई, मेरी बेटी ने भी मारा और पुलिस अधिकारी ने भी मारा. इसलिए मैंने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी.

जब NDTV ने पूछा कि लोग इसे वीआईपी संस्कृति, राजनीतिक रसूख और नेताओं के बच्चों की दबंगई के तौर पर देख रहे हैं. इस पर गौड़ा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में हमें जिम्मेदार होना चाहिए. हमें ज्यादा धैर्य रखना चाहिए. सार्वजनिक स्थानों पर ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए. मैंने अपनी बेटी को भी यही समझाया है कि अगर कोई समस्या हो तो शांत रहकर वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए. मैंने अपनी बेटी से कहा है कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होनी चाहिए. सार्वजनिक जीवन में हमें जवाबदेह रहना पड़ता है. उस पुलिस अधिकारी के प्रति मेरे मन में कोई दुर्भावना नहीं है.

यह भी पढ़ें : BJP MLA की बेटी ने लेडी SI को मारा था थप्पड़, अब एसआई पर भी बदसलूकी का आरोप, Video आया सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
B Suresh Gowda, Aishwarya Gowda, CCTV Viral Video, NDTV Exclusive, VIP Entry
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com