- कानपुर के मकसूदाबाद क्षेत्र में नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री पर कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई हुई
- फैक्ट्री में नमक, गेरू और अन्य सस्ते पदार्थों को मिलाकर खाद जैसा दिखने वाला नकली मिश्रण तैयार किया जा रहा था
- नकली खाद को पोटाश और डीएपी की ब्रांडेड बोरियों में भरकर किसानों को असली खाद के रूप में बेचा जाता था
कानपुर में किसानों को नकली खाद बेचकर ठगने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कल्याणपुर विकासखंड के मकसूदाबाद क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली खाद बनाने की सामग्री बरामद की गई. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को सील कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
नमक और गेरू से तैयार हो रही थी नकली खाद
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में नमक, गेरू और अन्य सस्ते पदार्थों को मिलाकर खाद जैसी दिखने वाली सामग्री तैयार की जा रही थी. आरोप है कि इस मिश्रण को असली पोटाश और डीएपी का रूप देकर किसानों को बेचा जाता था. इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ उनकी फसलों की पैदावार पर भी गंभीर असर पड़ सकता था.
जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पता चला कि आरोपी नकली उत्पाद को असली खाद की तरह दिखाने के लिए उसका रंग और स्वरूप बदलते थे, ताकि किसानों को धोखा दिया जा सके.
नामी कंपनियों की बोरियां और मशीनें बरामद
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में ब्रांडेड कंपनियों की खाली बोरियां मिलीं. इनमें आईपीएल (IPL) कंपनी की पोटाश की बोरियां और पारादीप फॉस्फेट्स की डीएपी की खाली पैकिंग शामिल है. अधिकारियों के अनुसार, इन्हीं बोरियों में नकली खाद भरकर बाजार में असली उत्पाद बताकर बेची जाती थी.
मौके से पैकिंग का पूरा सेटअप भी बरामद हुआ. जांच टीम को तौलने वाली वजन मशीन, बोरी सिलने की मशीन, धागे के बंडल और अन्य उपकरण मिले, जिनका इस्तेमाल नकली खाद की पैकिंग में किया जा रहा था.
भारी मात्रा में कच्चा माल भी मिला
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में नमक की बोरियां, गेरू की बोरियां और ‘सम्राट सल्फर 90%' के पैकेट भी बरामद किए गए. अधिकारियों का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग नकली खाद तैयार करने में किया जा रहा था.
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री और बरामद सामग्री को सील कर दिया है. कार्रवाई में अपर जिला कृषि अधिकारी शिवम, वरिष्ठ सहायक मनोज सिंह चौहान और टिकरा चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे. जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें | हवस में अंधा हुआ युवक, महिला ने विरोध किया तो कर दी हत्या; राज छिपाने के लिए मासूम नाती को भी नहीं छोड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं